बिजली कनेक्शन के नाम पर अवैध वसूली का आरोप, मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज

संवाददाता – एस.पी. सिंह

सहजनवां, (गोरखपुर)।

हरपुर बुदहट क्षेत्र के सिरुवापार गांव निवासी एक उपभोक्ता ने विद्युत विभाग के कर्मचारी पर बिजली कनेक्शन के नाम पर अवैध वसूली और उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित ने इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिरुवापार निवासी रजनीश कुमार के नाम से विद्युत कनेक्शन संख्या 3587037000 (लगभग 7.5 किलोवाट) स्थापित है। आरोप है कि गंगटही उपकेंद्र से जुड़े एक कर्मचारी द्वारा उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है और बार-बार धन की मांग की जा रही है।

पीड़ित का कहना है कि लगभग एक सप्ताह पूर्व उनसे 15 हजार रुपये की मांग की गई थी, जिसमें से उन्होंने 13,500 रुपये विभाग में जमा भी करा दिए। इसके बावजूद कथित रूप से उन पर लगातार अतिरिक्त भुगतान के लिए दबाव बनाया जा रहा है। आरोप है कि कर्मचारी द्वारा कनेक्शन काटने की धमकी भी दी जा रही है।

रजनीश कुमार ने यह भी बताया कि उनके परिसर में 19 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल लगा हुआ है, इसके बावजूद उन्हें बेवजह परेशान किया जा रहा है।

पीड़ित ने उच्च अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। यह शिकायत 13 अप्रैल 2026 को मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज कराई गई है।

वहीं, गंगटही उपकेंद्र के जेई रविंद्र चौबे ने बताया कि यदि मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज हुई है, तो नियमानुसार मामले की जांच कर आवश्यक आख्या प्रस्तुत की जाएगी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *