मुरारी इंटर कॉलेज में मेधावियों का सम्मान

ट्रॉफी-मेडल पाकर खिले छात्र-छात्राओं के चेहरे।

संवाददाता – एस.पी. सिंह

सहजनवा, (गोरखपुर)।

मुरारी इंटर कॉलेज में शनिवार को भव्य सम्मान समारोह का आयोजन कर यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 एवं विद्यालय की वार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो० गोविंद पाण्डेय रहे। विद्यालय के प्रबंधक सत्य प्रकाश सिंह ने मुख्य अतिथि को अंग वस्त्र और पुष्पगुच्छ देकर उन्हें सम्मानित किया। मुख्य अतिथि ने मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करते हुए कहा कि सफलता, मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास का परिणाम होती है तथा विद्यार्थियों को इसी तरह आगे बढ़ते रहना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान बोर्ड परीक्षा में कॉलेज में प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को ट्रॉफी, मेडल एवं माला पहनाकर सम्मानित किया गया।
इंटर वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले अविनाश मिश्रा, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले ऋषभ ठाकुर, तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले आशीष गुप्ता को सम्मानित किया गया। वहीं हाईस्कूल वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले शुभम गुप्ता, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली वैष्णवी सिंह, तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले शिवम को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन विद्यासागर मिश्र ने किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य मेजर साकेत जी ने कहा कि विद्यालय का इस वर्ष शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम रहा है, जो पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि शहीद रविन्द्र सिंह प्रतिभा खोज परीक्षा में विद्यालय के छात्र शनि कुमार ने मंडल में प्रथम स्थान प्राप्त करके तथा कक्षा 10 के छात्र प्रत्युष देव का लेख ‘ए स्टडी ऑन टूरेट सिंड्रोम’ अमेरिकन वेबसाइट में स्थान और इंटरनेशनल जर्नल ऑफ साइंस एंड रिसर्च में प्रकाशित होना विद्यालय के लिए गर्व का विषय है।
समारोह में मेधावी विद्यार्थियों के अभिभावकों को भी माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय की उपप्रधानाचार्य सुप्रिया सिंह सहित सभी शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *