चिलुआताल पर्यटन परियोजना का लोकार्पण, बोले- रामगढ़ताल की तर्ज पर बनेगा ईको-टूरिज्म और वाटर स्पोर्ट्स का बड़ा केंद्र

गोरखपुर ब्यूरो निष्पक्ष टुडे :-

ताल-पोखरों पर कब्जा नहीं, संरक्षण और विकास हमारी प्राथमिकता : मुख्यमंत्री योगी

    मुख्य बातें :-

🔹 20 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित हुआ चिलुआताल पर्यटन स्थल
🔹 20 मेगावाट क्षमता के फ्लोटिंग सोलर प्लांट की तैयारी
🔹 चिलुआताल को ईको-टूरिज्म और वाटर स्पोर्ट्स हब के रूप में विकसित करने की घोषणा
🔹 5 जून से 21 जून तक स्वच्छता, पौधरोपण और योग शिविर आयोजित करने के निर्देश
🔹 हरिशंकरी का पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

 

गोरखपुर, 2 जून। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछली सरकारों के समय ताल-पोखरों पर अवैध कब्जे होते थे और वे गंदगी तथा अपराध के केंद्र बन जाते थे, लेकिन वर्तमान डबल इंजन सरकार प्राकृतिक जलाशयों के संरक्षण के साथ उन्हें पर्यटन और विकास के केंद्रों के रूप में विकसित कर रही है। मुख्यमंत्री मंगलवार को चिलुआताल पर्यटन विकास एवं सौंदर्यीकरण परियोजना के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे।

20 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित इस परियोजना को जनता को समर्पित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि चिलुआताल का विकास केवल शुरुआत है। आगामी चरणों में इसे रामगढ़ताल की तर्ज पर ईको-टूरिज्म और वाटर स्पोर्ट्स के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक सौंदर्य और स्वच्छ वातावरण के कारण चिलुआताल प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल होने की क्षमता रखता है।

चिलुआताल में लगेगा 20 मेगावाट का फ्लोटिंग सोलर प्लांट

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि कोल इंडिया लिमिटेड के सहयोग से चिलुआताल में 20 मेगावाट क्षमता का फ्लोटिंग सोलर प्लांट स्थापित करने की प्रक्रिया चल रही है। इससे हरित ऊर्जा का उत्पादन होगा और कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना प्रदेश को नेट-जीरो लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

चिलुआताल का पानी पूरी तरह प्राकृतिक

मुख्यमंत्री ने कहा कि रामगढ़ताल के पुनर्जीवन के लिए व्यापक कार्य किए गए, लेकिन वहां ट्रीटमेंट के बाद पानी छोड़ा जाता है। इसके विपरीत चिलुआताल का पानी पूरी तरह प्राकृतिक है और जंगलों से होकर यहां पहुंचता है। यही इसकी सबसे बड़ी विशेषता है और इसे पर्यटन के लिए अधिक आकर्षक बनाती है।

वाटर स्पोर्ट्स की अपार संभावनाएं

सीएम योगी ने कहा कि हाल ही में रामगढ़ताल में आयोजित राष्ट्रीय जूनियर रोइंग चैंपियनशिप ने गोरखपुर को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है। इसी प्रकार चिलुआताल में भी वाटर स्पोर्ट्स की असीम संभावनाएं हैं। सरकार इस दिशा में योजनाबद्ध तरीके से कार्य करेगी।

गोरखपुर को बनाना है स्वच्छ, स्मार्ट और सस्टेनेबल शहर

मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर सिटी डेवलपमेंट प्लान किसी भी शहर की सकारात्मक पहचान बनाता है। उन्होंने नागरिकों से सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा, स्वच्छता बनाए रखने और प्लास्टिक मुक्त गोरखपुर के निर्माण में सहयोग की अपील की।

उन्होंने बताया कि रामगढ़ताल की सफाई के दौरान 56 बोरे प्लास्टिक कचरा निकला था, जो समाज के लिए चिंता का विषय है।

5 जून से शुरू होगा विशेष अभियान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के सफल कार्यकाल के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं को 5 जून से 21 जून तक स्वच्छता अभियान, पौधरोपण कार्यक्रम और योग शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।

हरिशंकरी का पौधरोपण कर दिया संदेश

लोकार्पण कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने चिलुआताल घाट और नौका विहार क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हरिशंकरी (पीपल, बरगद और पाकड़) का पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही 12.95 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन भजन संध्या स्थल का भी जायजा लिया, जिसे अगस्त 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दूरदर्शिता और नेतृत्व के कारण गोरखपुर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि रामगढ़ताल के बाद चिलुआताल भी पर्यटन और फिल्म शूटिंग का प्रमुख केंद्र बनेगा।

सीएम योगी की बड़ी घोषणाएं

✔ चिलुआताल बनेगा ईको-टूरिज्म और वाटर स्पोर्ट्स हब

✔ 20 मेगावाट फ्लोटिंग सोलर प्लांट की स्थापना
✔ स्वच्छता और पौधरोपण का विशेष अभियान
✔ गोरखपुर को प्लास्टिक मुक्त बनाने का आह्वान
✔ भजन संध्या स्थल अगस्त 2026 तक होगा तैयार

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *