“तेहरान में इंटरनेशनल छात्रों के छात्रावास के पास हमले, 2 कश्मीरी छात्र घायल”
इजरायल से जंग के बीच ईरान में फंसे भारतीयों को सकुशल बाहर निकाला जाएगा. इसके लिए भारत सरकार ऑपरेशन शुरू करने जा रही है. ईरान सरकार ने भारतीयों सहित विदेशी नागरिकों को सुरक्षित उनके मुल्क भेजने पर सहमति जता दी है. ईरान में फिलहाल 10 हजार भारतीय हैं, जिनमें एक बड़ी संख्या भारतीय छात्रों की है, जो ईरान के विभिन्न मेडिकल और धार्मिक संस्थानों में पढ़ाई कर रहे थे. इन्हें अजरबैजान, तुर्कमेनिस्तान और अफगानिस्तान बॉर्डर के जरिए बाहर निकाला जाएगा.
इजरायल और ईरान में चौथे दिन भी संघर्ष जारी है. इसी बीच जानकारी आ रही है कि तेहरान यूनिवर्सिटी ऑफ मेडिकल साइंसेज में अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए छात्रावास के पास हमला हुआ. इस हमले में दो भारतीय छात्र घायल हो गए. ये दोनों छात्र कश्मीर के रहने वाले हैं. बताया जा रहा है कि सुरक्षा के लिए यूनिवर्सिटी ने दोनों छात्रों को रामसर में ट्रांसफर कर दिया है.