समाजसेवी शुभम पांडेय ने सड़क निर्माण व ‘शहीद स्मृति प्रवेश द्वार’ की मांग उठाई।
संवाददाता – एस.पी. सिंह
सहजनवां, (गोरखपुर)।
ग्राम पंचायत डोहरिया कला, विकास खंड पाली के विकास कार्यों एवं शहीदों के सम्मान में भव्य प्रवेश द्वार निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में गांव की मूलभूत समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई है।
ज्ञापन के अनुसार, डोहरिया कला एक ऐतिहासिक एवं गौरवशाली ग्राम है, जो अपने वीर शहीदों की स्मृतियों के लिए जाना जाता है। ग्रामीणों ने गांव में सीसी रोड निर्माण, जर्जर मुख्य मार्ग के पुनर्निर्माण तथा शहीदों की स्मृति में भव्य प्रवेश द्वार बनाए जाने की मांग उठाई है।
शुभम पांडेय का कहना है कि काली मंदिर से प्राथमिक विद्यालय तक जाने वाला मार्ग अत्यंत खराब स्थिति में है, जिससे बरसात के दिनों में आवागमन कठिन हो जाता है। वहीं, करीब 500 मीटर लंबे सीसी रोड के निर्माण की भी आवश्यकता बताई गई है।
ज्ञापन में गांव के मुख्य प्रवेश स्थल पर “शहीद स्मृति प्रवेश द्वार” के निर्माण की मांग करते हुए कहा गया है कि इससे गांव की पहचान मजबूत होगी और युवाओं को राष्ट्रसेवा की प्रेरणा मिलेगी।
समाजसेवी शुभम पांडेय द्वारा प्रस्तुत इस मांग पत्र में जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का अनुरोध किया गया है।
वही उपमुख्यमंत्री द्वारा जल्द से जल्द इन समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया गया।