Tag: #Gidathana
-

तेज रफ्तार बाइक ने छीनी महिला की जान
नौसड़ चौराहा के पास हादसे के बाद चालक फरार, अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज।
संवाददाता– एस.पी. सिंह
सहजनवा, (गोरखपुर)।
थाना गीडा क्षेत्र के नौसड़ चौराहा के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। घटना 11 अक्टूबर 2025 की रात करीब 9 बजे की है, जब नौसड़ निवासी दयाराम उर्फ भुलई की पत्नी राजविंद्री देवी अपनी बेटी शैला सिंह का दवा कराकर पैदल घर लौट रही थीं।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, जैसे ही वह इंद्राचक ढाला के पास कच्ची पगडंडी पर पहुंचीं, तभी नौसड़ चौराहा की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही एक अज्ञात मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। बाइक चालक ने न तो हॉर्न दिया और न ही गति कम की, जिससे राजविंद्री गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं।
आनन-फानन में उन्हें गंभीर हालत में सदर अस्पताल गोरखपुर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे के तुरंत बाद बाइक सवार अपना वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना को आसपास मौजूद कई राहगीरों ने देखा, लेकिन बाइक का नंबर स्पष्ट नहीं हो सका।
पत्नी का अंतिम संस्कार करने के बाद दयाराम ने थाना प्रभारी गीडा को प्रार्थना पत्र देकर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित परिवार का कहना है कि लापरवाह बाइक चालक की वजह से एक परिवार उजड़ गया और दोषी की गिरफ्तारी के बिना उन्हें न्याय नहीं मिल सकता।
स्थानीय लोग भी प्रशासन से अनुरोध कर रहे हैं कि नौसड़ चौराहा और आसपास के इलाकों में कैमरों की व्यवस्था बढ़ाई जाए, ताकि ऐसे हादसों में आरोपी जल्द पकड़े जा सकें।
पीड़ित के तहरीर के आधार पर गुदा पुलिस ने अज्ञात मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ बी.एन.एस.एस की धारा 106 और 281 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दिया है।
-

महिला से मोबाइल व मंगलसूत्र छीनकर भाग रहे दो बदमाश गिरकर पकड़े गए, केस दर्ज
संवाददाता– एस.पी. सिंह
सहजनवा, (गोरखपुर)।
गीडा थाना क्षेत्र के कटका गांव के पास गुरुवार को एक महिला से लूट कर भागने की कोशिश कर रहे दो बाइक सवार बदमाश ग्रामीणों की मदद से पकड़ लिए गए। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार नवापार, थाना बखिरा, संतकबीरनगर निवासी सोनी पत्नी सुरेश खजनी से दवा कराकर पैदल अपने मायके कटका जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में दो बाइक सवार बदमाशों ने उनका मंगलसूत्र और मोबाइल फोन छीन लिया और भागने लगे।
महिला के शोर मचाने पर आस-पास के ग्रामीण सतर्क हो गए। बदमाश कुछ दूर जाते ही बाइक फिसलने से गिर पड़े, जिसके बाद ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ लिया और सूचना देकर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर दोनों आरोपियों गजेन्द्र यादव निवासी असरफाबाद तथा गुलजार खान निवासी मगहर, जिला संतकबीरनगर के खिलाफ आवश्यक धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
-

अनियंत्रित बस दुकान में घुसी, युवक घायल, लगभग 10 लाख का नुकसान
संवाददाता– एस.पी. सिंह
सहजनवा, (गोरखपुर)।
गीडा थाना क्षेत्र के नौसढ़ के पास खजनी रोड पर गुरुवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। रात करीब 8:30 बजे दीपक जायसवाल पुत्र सत्य नारायण जायसवाल अपनी किराना दुकान पर ग्राहकों को सामान दे रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही एक अनियंत्रित बस अचानक दुकान में घुस गई।
बस के टक्कर मारते ही दुकान में रखा सामान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दीवारों में भी भारी नुकसान हुआ। घटना में दुकान के सामने खड़े समीउल्लाह गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, मौके पर खड़ी संजीव सिंहा की बाइक भी बस की चपेट में आकर टूट-फूट गई।
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ितों के मुताबिक हादसे में लगभग 10 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
-

जमीन बेचने के बहाने 10 लाख की ठगी, रकम मांगने पर मारपीट तक पहुंचा विवाद
संवाददाता- एस.पी. सिंह
सहजनवा, (गोरखपुर)।
गीडा थाना क्षेत्र के नौसढ़ निवासी संदीप यादव पुत्र दयाशंकर यादव के साथ 10 लाख रुपये की जालसाजी का मामला सामने आया है। संदीप के अनुसार, कठवाटिया उर्फ कठउर (थाना रामगढ़ताल) निवासी एक महिला उनके घर आई और बच्चे के इलाज के लिए तत्काल 10 लाख रुपये की जरूरत बताते हुए कहा कि वह रकम जमीन बेचकर वापस कर देगी। साथ ही आश्वासन दिया कि यदि रकम वापस नहीं हुई, तो आराजी संख्या 647 की भूमि उनके नाम बैनामा कर दी जाएगी।
महिला की बातों में आकर संदीप ने 3 सितंबर 2022 और 7 सितंबर 2022 को कुल 10 लाख रुपये उसके खाते में ट्रांसफर कर दिए। लेकिन लंबा समय बीतने के बाद न तो रकम लौटाई गई और न ही जमीन का बैनामा किया गया। जब संदीप ने पैसा वापस मांगना शुरू किया तो आरोपित टालमटोल करने लगे। बाद में पता चला कि जिस जमीन की बात की जा रही थी, वह महिला पहले ही अपना हिस्सा बेच चुकी है।
रकम की मांग को लेकर पीड़ित जब उसके घर पहुंचा, तो महिला और उसके परिजन कथित तौर पर गाली-गलौज और मारपीट पर उतर आए। संदीप की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित माधुरी, संजीत, विशाल और सन्नी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



