Tag: #Gorakhour #Sahjanwa

  • गाजे-बाजे के साथ निकली भव्य राम नवमी रथ यात्रा, हजारों श्रद्धालुओं ने लगाया जय श्रीराम का जयकारा

    गाजे-बाजे के साथ निकली भव्य राम नवमी रथ यात्रा, हजारों श्रद्धालुओं ने लगाया जय श्रीराम का जयकारा

    श्री काली मंदिर में धूमधाम से मनाया गया राम जन्मोत्सव, उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़।

    संवाददाता – एस.पी. सिंह

    सहजनवां, (गोरखपुर)।

    सहजनवां में राम नवमी के पावन अवसर पर भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब गाजे-बाजे के साथ भव्य रथ यात्रा निकाली गई। यह रथ यात्रा सहजनवां स्थित काली मंदिर से प्रभु श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण जी और हनुमान जी की विधिवत आरती के साथ प्रारंभ हुई।

    रथ यात्रा सहजनवां बाजार, थाना चौराहा होते हुए लुचूई ओवर ब्रिज के पास से होकर सहजनवां रेलवे स्टेशन मार्ग से गुजरते हुए पुनः काली मंदिर पर आकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। हजारों की संख्या में भक्तों ने “जय श्रीराम” के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

    यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्प वर्षा कर भगवान का स्वागत किया गया। साथ ही श्रद्धालुओं के लिए रथ यात्रा के दौरान पानी और मिठाई की भी विशेष व्यवस्था की गई थी, जिससे लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस धार्मिक आयोजन में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, महिलाओं और पुरुषों सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

    रथ यात्रा का शुभारंभ सहजनवां के विधायक प्रदीप शुक्ला द्वारा किया गया, जिससे आयोजन की गरिमा और भी बढ़ गई। पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था के भी समुचित प्रबंध किए गए थे।

    इसी अवसर पर श्री काली मंदिर, सहजनवां में राम जन्मोत्सव भी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया, जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और भगवान श्रीराम के जन्म का उत्सव बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

    राम नवमी के इस भव्य आयोजन ने पूरे क्षेत्र को आस्था, एकता और उत्सव के रंग में रंग दिया।

    इस दौरान पूर्व चेयरमैन सहजनवां नागेन्द्र सिंह, वरिष्ठ व्यवसाई विनोद सिंह, गोपाल गुप्ता, पुरुषोत्तम दास अग्रवाल, अमित मद्धेशिया, मनीष गुप्ता, अंकित गुप्ता, अमित निगम, सोनू वर्मा, अभिषेक गुप्ता, आकाश अग्रहरि, सौरभ गुप्ता, विक्रम प्रताप सिंह, जैकी मद्धेशिया, अर्जुन जयसवाल, शिवम शुक्ला, आकाश श्रीवास्तव, शशांक उपाध्याय, अभिनाश यादव, सहित हजारों की संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

  • खेत में दो साल से लटक रहा हाईटेंशन तार, किसान अनशन पर बैठा

    खेत में दो साल से लटक रहा हाईटेंशन तार, किसान अनशन पर बैठा

    शिकायतों के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई, खेत बर्बाद होने से किसान भुखमरी के कगार पर।

    संवाददाता– एस.पी. सिंह

    सहजनवा, (गोरखपुर)।

    सहजनवा ब्लॉक के ग्राम पंचायत गोरेडीह सीवान में किसान के खेत के ऊपर दो वर्षों से लटक रहे हाईटेंशन तार को ठीक न किए जाने से परेशान एक किसान ने बृहस्पतिवार को विद्युत उपकेंद्र गंगटही पर अनशन शुरू कर दिया। किसान सुमित्रा देवी पत्नी स्व. रामराज गोंड का आरोप है कि लगभग पाँच फीट की ऊंचाई पर लटक रहे विद्युत तार के कारण वह दो वर्षों से खेती नहीं कर पा रही हैं।

    सुमित्रा देवी ने बताया कि इस समस्या को लेकर उन्होंने कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन अभी तक तार को न तो कसा गया और न ही समस्या का समाधान किया गया। खेत में तार लटकने से खेतीबाड़ी पूरी तरह ठप है, जिससे परिवार भुखमरी के कगार पर पहुंच गया है। मजबूर होकर उन्होंने अनशन पर बैठकर तार को तत्काल ठीक कराने की मांग उठाई है। साथ ही चेतावनी दी कि जब तक विभाग कार्रवाई नहीं करता, अनशन जारी रहेगा।

    इस संदर्भ में अवर अभियंता राजेश मौर्या ने बताया कि वह उपकेंद्र पर मौजूद नहीं हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि संबंधित अधिकारियों से तत्काल बात कर तार की मरम्मत कराई जाएगी।

  • ट्रेन से कटकर अधेड़ की मौत, सीमा विवाद के कारण देर से पहुंची पुलिस

    ट्रेन से कटकर अधेड़ की मौत, सीमा विवाद के कारण देर से पहुंची पुलिस

    संवाददाता– एस.पी. सिंह

    सहजनवा, (गोरखपुर)।

    सोमवार सुबह सीहापार हॉल्ट के पास एक अधेड़ की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। घटना के बाद रेलवे ट्रैक पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर सहजनवा और खलीलाबाद रेलवे स्टेशन के बीच सीमा विवाद के चलते पुलिस को घटनास्थल पर पहुंचने में देर हुई। बाद में सहजनवा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया।

    मृतक की पहचान सहजनवा थाना क्षेत्र के मइला निवासी सुभाष सिंह (56 वर्ष) पुत्र घिसियावन सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुबह वे किसी कार्य से घर से निकले थे, तभी सीहापार हॉल्ट के पास ट्रेन की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

    परिवार में पत्नी रंभावती देवी हैं, जो ब्रेन हेमरेज के कारण कई वर्षों से बिस्तर पर हैं। मृतक के दो पुत्र दिलीप सिंह और प्रदीप सिंह हैं। दिलीप की पत्नी का निधन पहले ही हो चुका है, जबकि प्रदीप की शादी अभी नहीं हुई है।

    पुलिस ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। अब तक मृतक के परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।