Tag: #JDGorakhpur

  • 70वीं प्रदेशीय माध्यमिक विद्यालय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का भव्य समापन

    70वीं प्रदेशीय माध्यमिक विद्यालय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का भव्य समापन

    696 खिलाड़ियों ने दिखाया दम, कस्तूरबा गांधी, वाराणसी, मुरादाबाद, आगरा और गोरखपुर मंडल रहे ओवरऑल विजेता।

     

    संवाददाता – एस.पी. सिंह

    सहजनवां, (गोरखपुर)।

    मुरारी इंटर कॉलेज, सहजनवां में 3 से 7 अक्टूबर तक आयोजित पांच दिवसीय 70वीं प्रदेशीय माध्यमिक विद्यालय ताइक्वांडो प्रतियोगिता-2026 का बुधवार को भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेश के 16 मंडलों तथा एक कस्तूरबा गांधी विद्यालय की टीमों ने प्रतिभाग किया। अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्गों में बालक-बालिकाओं ने विभिन्न भार वर्गों में अपनी प्रतिभा, दमखम और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।

     

    696 खिलाड़ियों ने किया प्रतिभाग।

     

    प्रतियोगिता में लगभग 333 बालक और 363 बालिकाओं समेत कुल 696 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। पांच दिनों तक चले रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना, अनुशासन और जुझारूपन का परिचय दिया।

    समापन समारोह के मुख्य अतिथि सहजनवां उपजिलाधिकारी नमन मेहता रहे। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। इसके बाद विजेता खिलाड़ियों और टीमों को सम्मानित किया गया। अंत में ध्वज अवरोहण के साथ प्रतियोगिता का विधिवत समापन हुआ।

    मुख्य अतिथि नमन मेहता ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास और संघर्ष की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर मेहनत करते हुए अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

    संयुक्त शिक्षा निदेशक गोरखपुर सतीश सिंह ने कहा कि प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करना खिलाड़ियों के लिए स्वयं में एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा को निरंतर निखारने तथा खेल के साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

     

    इन टीमों ने जीते ओवरऑल खिताब।

     

    बालिका वर्ग में अंडर-14 आयु वर्ग का ओवरऑल खिताब कस्तूरबा गांधी विद्यालय ने अपने नाम किया। टीम ने 5 स्वर्ण और 2 कांस्य पदक हासिल किए। वहीं अंडर-17 और अंडर-19 बालिका वर्ग में वाराणसी मंडल ओवरऑल विजेता रहा। अंडर-17 में वाराणसी मंडल ने 5 स्वर्ण और 1 कांस्य, जबकि अंडर-19 में 4 स्वर्ण और 3 कांस्य पदक हासिल किए।

    बालक वर्ग में अंडर-14 का ओवरऑल खिताब मुरादाबाद मंडल ने जीता। मुरादाबाद मंडल ने 2 स्वर्ण, 1 रजत और 3 कांस्य पदक हासिल किए। अंडर-17 में आगरा मंडल ने 3 स्वर्ण, 2 रजत और 3 कांस्य पदकों के साथ ओवरऑल विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं अंडर-19 बालक वर्ग में गोरखपुर मंडल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 स्वर्ण, 3 रजत और 1 कांस्य पदक के साथ ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

    विजेता टीमों के कोच और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी नमन मेहता, संयुक्त शिक्षा निदेशक सतीश सिंह तथा जिला विद्यालय निरीक्षक अजीत कुमार सिंह ने शील्ड एवं मेडल पहनाकर सम्मानित किया।

     

    17 रेफरियों ने संभाली निर्णायक की जिम्मेदारी।

     

    प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में निर्णायकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रतियोगिता में कुल 17 रेफरी, जिनमें 14 पुरुष और 3 महिला रेफरी शामिल रहीं, ने विभिन्न मुकाबलों में निर्णायक की भूमिका निभाई। रेफरी टीम का नेतृत्व मोहित कुमार, संयुक्त सचिव, उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन ने किया। प्रतियोगिता के सफल संचालन में उनके योगदान के लिए मुख्य अतिथि एवं आयोजकों द्वारा उन्हें मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

    समापन समारोह में जिला विद्यालय निरीक्षक गोरखपुर अजीत कुमार सिंह, विद्यालय के प्रबंधक सत्य प्रकाश सिंह, प्रधानाचार्य मेजर साकेत जी, उपप्रधानाचार्य सुप्रिया सिंह, जुबली इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. विश्व प्रकाश सिंह सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, विभिन्न टीमों के कोच, निर्णायक, शिक्षक-शिक्षिकाएं, सैकड़ों एनसीसी कैडेट्स, छात्र-छात्राएं तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

  • राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के तीसरे दिन बालकों ने दिखाया दम

    राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के तीसरे दिन बालकों ने दिखाया दम

    16 मंडलों की 16 टीमें मैदान में उतरीं, 135 खिलाड़ी आज करेंगे प्रतिभा का प्रदर्शन।

     

    संवाददाता – एस.पी. सिंह

    सहजनवां, (गोरखपुर)।

    मुरारी इंटर कॉलेज, सहजनवां में आयोजित पांच दिवसीय राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के तीसरे दिन सोमवार से बालक वर्ग के मुकाबलों का आगाज हुआ। प्रदेश के 16 मंडलों से पहुंची टीमों के लगभग 300 खिलाड़ी प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे हैं। तीसरे दिन विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में कुल 135 प्रतिभागी मैदान में उतरे। खिलाड़ियों के बीच सुबह से ही रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। दिनभर चले मुकाबलों के परिणाम देर रात तक जारी होने की संभावना है।

    बालक वर्ग में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। तीसरे दिन अंडर-14 आयु वर्ग के 23 किलोग्राम और 25 किलोग्राम भार वर्ग में खिलाड़ियों ने अपने दमदार प्रदर्शन से प्रभावित किया। खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल के साथ तकनीक, अनुशासन और खेल भावना का भी परिचय दिया।

     

     

    23 किलोग्राम भार वर्ग में लखनऊ के देव ने मारी बाजी।

     

    अंडर-14 के 23 किलोग्राम भार वर्ग में लखनऊ मंडल के देव ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की। बरेली मंडल के हिमांशु ने रजत पदक प्राप्त किया। गोरखपुर मंडल के यश और आगरा मंडल के श्रेयस को कांस्य पदक मिला।

     

     

    अंडर-14 के 25 किलोग्राम भार वर्ग में इंद्रजीत ने जीता स्वर्ण।

     

    अंडर-14 आयु वर्ग के 25 किलोग्राम भार वर्ग में बरेली मंडल के इंद्रजीत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। मुरादाबाद मंडल के वंश ने रजत पदक अपने नाम किया। वहीं लखनऊ मंडल के गुरुमीत और कानपुर मंडल के आयुष ने कांस्य पदक हासिल किया।

     

     

    17 रेफरी संभाल रहे प्रतियोगिता की कमान।

     

    राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के मुकाबलों को निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए कुल 17 रेफरी मैदान में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। इनमें 14 पुरुष और तीन महिला रेफरी शामिल हैं। रेफरी खिलाड़ियों के प्रदर्शन, तकनीक और नियमों के अनुरूप मुकाबलों का संचालन कर रहे हैं।

     

    शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह।

     

    प्रतियोगिता के दौरान संयुक्त शिक्षा निदेशक, सप्तम मंडल गोरखपुर सतीश सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक गोरखपुर अजीत कुमार सिंह, विद्यालय के प्रधानाचार्य मेजर साकेत सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और आयोजन समिति से जुड़े लोग मौजूद रहे। अधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अनुशासन और खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

    वहीं राज कुमार (सचिव उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन, एक्जीक्यूटिव कमेटी मेम्बर ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया) भी आज के प्रतियोगिता में मौजूद रहे।

    प्रतियोगिता के तीसरे दिन बालक वर्ग के मुकाबलों की शुरुआत के साथ आयोजन स्थल पर खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला। आगामी दिनों में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के विभिन्न भार वर्गों में मुकाबले जारी रहेंगे।

  • मुरारी इंटर कॉलेज में राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के दूसरे दिन बालिकाओं का दमदार प्रदर्शन

    मुरारी इंटर कॉलेज में राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के दूसरे दिन बालिकाओं का दमदार प्रदर्शन

    14 व 17 वर्ष आयु वर्ग में खिलाड़ियों ने जीते स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक; 19 वर्ष आयु वर्ग के मुकाबले देर शाम तक जारी।

    संवाददाता – एस.पी. सिंह

    सहजनवां, (गोरखपुर)।

    मुरारी इंटर कॉलेज, सहजनवां में चल रही पांच दिवसीय राज्य स्तरीय ताइक्वांडो खेल प्रतियोगिता के दूसरे दिन रविवार को बालिका वर्ग के मुकाबले रोमांच और उत्साह से भरपूर रहे। प्रदेश के विभिन्न मंडलों से पहुंची 19 बालिका टीमों की खिलाड़ियों ने अलग-अलग आयु एवं भार वर्गों में अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।

    दूसरे दिन 14 वर्ष एवं 17 वर्ष आयु वर्ग के मुकाबले संपन्न हुए, प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट तकनीक, अनुशासन और खेल भावना का परिचय देते हुए दर्शकों को रोमांचित किया।

    14 वर्ष आयु वर्ग में गोरखपुर की नीलू पाण्डेय और श्रृष्टि ने जीते स्वर्ण।

    14 वर्ष आयु वर्ग के मुकाबलों में गोरखपुर की नीलू पाण्डेय ने 35 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। इसी भार वर्ग में गोरखपुर की श्रृष्टि ने भी स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं मुरादाबाद की शिवानी ने 38 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता।

    इस आयु वर्ग में लखनऊ की सृष्टि और आगरा की निशा ने 35 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक प्राप्त किया। मिर्जापुर की इशिका कुमारी ने 38 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में रजत पदक जीता।

    कांस्य पदक की बात करें तो मुरादाबाद की दिव्यांशी रघुवंशी ने 35 किलोग्राम भार वर्ग में तथा मुरादाबाद की विद्या और मिर्जापुर की इकरा खान ने 38 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया।

    17 वर्ष आयु वर्ग में भी खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन।

    17 वर्ष आयु वर्ग में भी बालिका खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। इस वर्ग में वैष्णवी साहू, रिशिता, नव्या और कनक ने स्वर्ण पदक हासिल कर अपनी श्रेष्ठता साबित की।

    वहीं परी, पायल, प्राची और दीपा ने रजत पदक अपने नाम किया। छवि और मुश्कान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया।

    तहसीलदार ने खिलाड़ियों को पहनाए पदक, बढ़ाया उत्साह।

    दूसरे दिन आयोजित पदक वितरण समारोह में मुख्य अतिथि सहजनवां तहसीलदार चंद्र शेखर वर्मा ने विजेता खिलाड़ियों को पदक पहनाकर सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए खेलों को अनुशासन, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

    कार्यक्रम के दौरान प्रतियोगिता के संयोजक संयुक्त शिक्षा निदेशक, सप्तम मंडल गोरखपुर सतीश सिंह तथा जिला विद्यालय निरीक्षक गोरखपुर अजीत कुमार सिंह सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, आयोजन समिति के सदस्य, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।

    19 वर्ष आयु वर्ग के मुकाबले जारी।

    प्रतियोगिता के दूसरे दिन बालिका वर्ग में 14 और 17 वर्ष आयु वर्ग के मुकाबले संपन्न होने के बाद 19 वर्ष आयु वर्ग के मुकाबले समाचार लिखे जाने तक जारी थे। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के कारण प्रतियोगिता स्थल पर पूरे दिन उत्साह का माहौल बना रहा।