भ्रष्टाचार के विष से सींची जा रही अमृत भारत योजना ,
कन्नौज रेलवे स्टेशन हादसे पर जागे रेल प्रशासन, भ्रष्ट रेल अधिकारी जिम्मेदार: सुभाष दुबे,
गोरखपुर। कन्नौज में शनिवार को रेलवे स्टेशन पर हुए बड़े हादसे पर एनईआरएमसी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है । इस मान्यता प्राप्त संगठन के मुखिया सुभाष दुबे ने आरोप लगाया है कि भारत सरकार द्वारा अमृत भारत योजना को भ्रष्टाचार के विष से सींचा जा रहा है और इसमें रेल के अधिकारियों समेत तमाम ठेकेदार फलफूल रहें है । जिसकी कीमत ग़रीब मजदूरों की जान से चुकाई जा रही है ।
श्री दुबे ने कहा कि कन्नौज रेलवे स्टेशन पर लगभग तेरह करोड़ की लागत से दो मंजिला यात्री वेटिंग हाल के निर्माणाधीन लिंटर के गिरने से तीस से ज़्यादा मजदूर हताहत हुए है और कुछ लोगो के हालत गंभीर होने की भी खबर है। अमृत भारत योजना के तहत भारत भर के चुनिंदा स्टेशनों को उत्कृष्ट बनाने के लिए आवंटित धनराशि की बंदरबाँट में अधिकारी व्यस्त है। निर्माण कार्यों में उपयोग किए जा रहे संसाधनों का मौके पर न तो किसी रेल अधिकारी द्वारा निरीक्षण होता है और न ही ऐसी किसी समिति का गठन किया गया है जो कि इसकी जांच कर सके । एनईआरएमसी इस दुःखद घटना से प्रभावित लोगों को जल्द से ठीक होने की कामना करते हुए पूर्वोत्तर रेलवे की महाप्रबंधक महोदया से इस मामले को संज्ञान में लेते हुए तत्काल टीम गठित कर हो रहे सभी निर्माण कार्यों की समीक्षा कराने का अनुरोध किया है जिससे की इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो । साथ ही भ्रष्ट हो चुके अफसरशाहों पर अंकुश लगाया जा सके ।