महाकुंभ आए श्रद्धालुओं ने दिया राष्ट्रीय एकात्मकता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश : सीएम योगी
मुख्यमंत्री ने महाशिवरात्रि के पावन पर्व दीं सभी श्रद्धालुओं की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं
देवाधिदेव महादेव कल्याण के देवता, उनकी कृपादृष्टि से ही सभी व्यवस्थाओं का संचालन
गोरखपुर, 26 फरवरी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी प्रदेशवासियों, प्रयागराज महाकुंभ, बाबा विश्वनाथ धाम, अयोध्या में देश-दुनिया से आए श्रद्धालुओं और प्रदेश के सभी देवालयों-शिवालयों में उमड़े आस्थावानों को महाशिवरात्रि के पावन पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने प्रयागराज महाकुंभ का विशेष उल्लेख करते हुए कहा है कि यहां अब तक लगभग 66 करोड़ श्रद्धालुओं ने राष्ट्रीय एकात्मकता और राष्ट्रीयता के प्रति समर्पण का संदेश पूरी दुनिया को दिया है।
महाशिवरात्रि पर बुधवार को गोरखपुर के प्रमुख शिवालयों के भ्रमण, दर्शन-पूजन और जलाभिषेक के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुक्तेश्वरनाथ मंदिर पर मीडिया से बातचीत में कहा कि आज महाशिवरात्रि है अर्थात देवाधिदेव महादेव की उपासना का विशेष दिवस। देवाधिदेव महादेव कल्याण के देवता हैं। वह सबके प्रति कल्याण का भाव रखते हैं। उनकी कृपा दृष्टि से ही सभी व्यवस्था संचालित हो पाती है। महाशिवरात्रि पर प्रयागराज महाकुंभ में, बाबा विश्वनाथ के धाम काशी में और प्रदेश के अन्य सभी महत्वपूर्ण शिवालयों में श्रद्धालुजन भगवान भोलेनाथ के प्रति आस्था निवेदित कर रहे हैं। हर जगह भारी भीड़ है और श्रद्धालुजन अपार श्रद्धा भाव के साथ दर्शन-पूजन कर रहे हैं। यह आस्था भारत की एकात्मकता का प्रतीक है। मैं इस आस्था को नमन करता हूं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रयागराज महाकुंभ में अपार भीड़ है। 13 जनवरी से प्रारंभ हुआ महाकुंभ आज पूर्णाहुति को प्राप्त करेगा। लगभग 66 करोड़ श्रद्धाुलुजन मां गंगा, मां यमुना, मां सरस्वती की त्रिवेणी में पावन डुबकी लगाकर राष्ट्रीय एकात्मकता का नया संदेश दे रहे हैं। वसुधैव कुटुंबकम के भाव के साथ श्रद्धालु सभी को राष्ट्रीयता के प्रति समर्पित होने की नई प्रेरणा भी प्रदान कर रहे हैं। उधर काशी विश्वनाथ धाम में भी लाखों की संख्या में श्रद्धालु जुटे हैं। पिछले डेढ़ महीने से अधिक समय से लगातार वहां पर 8 से 10 लाख श्रद्धालु प्रतिदिन बाबा विश्वनाथ धाम में दर्शन कर रहे हैं और आज तो महाशिवरात्रि भी है। अयोध्या धाम में भी यही स्थिति है। 8 से 10 लाख श्रद्धालु प्रतिदिन वहां श्रीरामजन्मभूमि पर प्रभु रामलला के दर्शन कर रहे हैं। अयोध्या में आज भी अपार भीड़ है। प्रदेश के सभी अन्य देवालयों जैसे गाजियाबाद में बाबा ददुग्धेश्वरनाथ धाम, बागपत में पुरा महादेवधाम, मेरठ के बाबा औघड़नाथ धाम, बाराबंकी के बाबा लोधेश्वरनाथ मंदिर, गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर, मानसरोवर मंदिर, मुक्तेश्वरनाथ मंदिर, नाथनगरी बरेली, गोंडा, बस्ती में बाबा भदेश्वरनाथ मंदिर, झारखंडी महादेव मंदिर, अयोध्या के नागेश्वरनाथ मंदिर, रुद्रपुर देवरिया के दुग्धेश्वरनाथ मंदिर, संतकबीरनगर के तामेश्वरनाथ मंदिर में भी श्रद्धालुओं की अपार भीड़ उमड़ी हुई है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि जिस लोक कल्याण के भाव की प्रेरणा देवाधिदेव महादेव से हम सबको प्राप्त होती है, उसी लोकेमंगल की कामना से हम लोग अपने समाज और राष्ट्र के लिए समर्पण भाव से कार्य कर पाएंगे।
एकता, समरसता एवं अध्यात्म की पावन अभिव्यक्ति महाकुम्भ-2025, प्रयागराज में आज महामहिम माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जी ने पवित्र त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगाई।
सुरसरि संग श्रीराम की आराधना, विश्व कल्याण की मंगल कामना,
*गोरखपुर के गुरुकृपा संस्थान का अध्यात्मिक प्रकल्प सनातन ग्रन्थालय ने महाकुंभ में शुरू किया श्रीरामचरितमानस का अखंड पाठ*
*अभिजित मुहूर्त में मां गंगा की स्तुति के साथ शुरू हुआ अनुष्ठान*
प्रयागराज: महाकुंभ में सनातन संस्कृति विश्व कल्याण का उद्घोष कर रही है। सनातन के इसी जयघोष में उत्तर प्रदेश गोरखपुर का गुरुकृपा संस्थान का अध्यात्मिक प्रकल्प सनातन ग्रन्थालय श्रीरामचरितमानस के अमृतमयी पाठ के साथ विश्व मंगल का आह्वान कर रहा है। संस्थान द्वारा सोमवार को अभिजित मुहूर्त में संगम तीरे रामचरित मानस का अखंड पाठ शुरू हुआ। विश्व भरण पोषण कर जोई… संपुट रह रह कर गूंज रहा है, जिसके साथ सर्व मंगल की प्रार्थना को स्वर मिल रहा है।
अभिजीत मुहूर्त में 11:40 पर श्रीरामचरितमानस अखंड पाठ का पूजन पुरोहित चक्रधारी शुक्ला एवं 70 वर्षीया यजमान श्रीमती सूर्यमनी देवी ने किया। मानस पाठ के प्रथम सोपान बालकांड का मंगलाचरण के द्वारा शुभारंभ करते राम परगट शुक्ल, अच्छेलाल त्रिपाठी, अंगद प्रसाद त्रिपाठी, मुंबई से पधारे चंद्र प्रकाश त्रिपाठी दिल्ली से पधारे बृजानंद शुक्ला, पूना से पधारे कमलेश शर्मा, उमापति, शीला शुक्ला, नूतन आदि ने अभीष्ट प्राप्ति के लिए समस्त देवों का आह्वान किया।
गुरुकृपा संस्थान के संस्थापक महासचिव बृजेश राम त्रिपाठी ने बताया कि सकल जगत में मंगल की स्थापना के उद्देश्य से शास्त्रों में वर्णित अति पवन गंगा जी को मानस पाठ को सुनाने का संकल्प प्रगति पर है। सोलहों संस्कारों को संरक्षित एवं संवर्धित करने बिखरते परिवार, टूटते पारिवारिक रिश्तों को पुनर्जीवित करने प्रतिष्ठापित करने के पवित्र व व्यापक उद्देश्यों को लेकर मां गंगा की ममतामयी गोद में प्रयागराज के तट पर इस संकल्प को पूर्ण करने को गुरुकृपा संस्थान एवं सनातन ग्रन्थालय के समस्त कर्मयोगी कृत संकल्पित हैं।
मानस पाठ की व्यवस्था एवं
संपूर्ण आयोजन पुल नंबर 15 सेक्टर नंबर 18 में बने पंडाल में हो रहा है जिसकी पूरी जिम्मेदारी अभिषेक त्रिपाठी साथी कर्मयोगी देख रहे हैं।
पूर्णाहुति पर उपस्थितजनों को भंडारा प्रसाद का वितरण भी होगा। मानस पाठ स्थल पर सनातन ग्रन्थालय के कर्मयोगी अवनीश मणि त्रिपाठी, चक्रधारी शुक्ला, शिव शरण त्रिपाठी, शंभू शरण त्रिपाठी, ध्यान चंद यादव, शिवकेश शुक्ला, राम कवल तिवारी, पप्पू तिवारी, मनीष शुक्ला, हनुमान मिश्र आदि उपस्थित हैं।
महाकुंभ को लेकर भारत-नेपाल बॉर्डर पर अलर्ट, बॉर्डर की सुरक्षा का जायजा लेने पहुंचे ADG. नेपाल के अफसरों के साथ की समीक्षा व्यवस्था बैठक, महाकुंभ सुरक्षा पर सहयोग पर हुई चर्चा। ड्रोन से रखी जाएगी बॉर्डर पर सुरक्षा, बॉर्डर पर पेट्रोलिंग भी बढ़ाई जाएगी। नेपाल के साथ चेकिंग प्वाइंट बढ़ाने पर भी हुई बात
प्रयागराज में 13 जनवरी से भव्य, दिव्य और नव्य महाकुंभ का शुभारंभ होगा. महाकुंभ को देखते हुए पूरे प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था को चाक चौबंद कर दिया गया है. इसी कड़ी में महाकुंभ को देखते हुए सिद्धार्थनगर जिले की भारत नेपाल सीमा पर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है. सीमावर्ती क्षेत्रों और बॉर्डर चेक पोस्ट पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए बस्ती रेंज के डीआईजी विनोद कुमार पी सिद्धार्थनगर पहुंचे. इस दौरान डीआईजी विनोद कुमार पी के साथ पुलिस कप्तान अभिषेक महाजन ने अलीगढ़वा बॉर्डर पर जाकर एसएसबी के जवानों और स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उनके समस्याओं से रूबरू हुए.