Tag: #Religious#news#gorakhpur

  • बिना राम के विश्राम नही – राजन जी

    बिना राम के विश्राम नही – राजन जी

     

    ब्यूरो प्रभारी —-विनय तिवारी

    बड़हलगंज/गोरखपुर(निष्पक्ष टुडे) :- बडहलगंज जिस प्रकार समुंद्र का जल नही नापा जा सकता है, उसी प्रकार भगवान सुख के समुंद्र हैं, उनके द्वारा दिए जाने वाले सुख को नही नापा जा सकता। भगवान राम ही हमें विश्राम दिलाते हैं अर्थात बिना राम के विश्राम नही हैं।

    उक्त बातें शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कथा वाचक पूज्य संत राजन जी महाराज ने बड़हलगंज के नेशनल इंटर कॉलेज के मैदान में श्री हनुमान सेवा समिति के तत्वाधान में आयोजित श्री राम कथा के तीसरे दिन कथा सुनाते हुए कही। कथा वाचक राजन जी महाराज ने कहा कि प्रभु के नाम को जपने के दौरान गिनती नहीं करनी चाहिए। जीवन का धर्म अर्थ है तथा परम धर्म परमार्थ है। जिसके पास भगवान की भक्ति है, संसार में उससे बड़ा कोई धनी नही है।

    उन्होंने कथा का रसपान कराते हुए कहा कि सबरी माता और केवट रघुनाथ जी के पास नही गए हैं, बल्कि रामजी स्वयं उनके पास गए हैं, उदाहरण देते हुए कथावाचक ने कहा कि आप भगवान को मत ढूंढिए, बल्कि भक्ति में लीन रहिए भगवान स्वयं आपके पास आयेंगे। प्रभू राम जी के जन्म की कथा सुनाते हुए राजन जी ने कहा कि अयोध्या में भगवान श्री राम के जन्म लेने पर एक मास तक उत्सव होता रहा। उन्होंने बताया कि राम जन्म उत्सव पर भगवान शिव भी मौजूद थे क्योंकि बाल राम शंकर जी के इष्ट देव हैं। उन्होंने कहा कि माया के पाप को अपने आप से बचाने के लिए रघुनाथ जी का भजन करना चाहिए। मनुष्य के मन में किसी प्रकार की चतुराई नही होनी चाहिए। जिस पर जितनी रघुनाथ जी की कृपा होती है, उसे उतना ही सुख मिलता है। कथा शुभारंभ के पहले चेयरमैन श्रीमती प्रिती उमर, प्रतिनिधि महेश उमर, डा. देवेश दूबे व नेहा दूबे, शैलेंद्र मिश्र एवं श्रीमती सरोज मिश्र, राकेश पाण्डेय मारीशस ने कथा व्यास पीठ का आरती कर कथा आरम्भ कराया । आयोजक सूबेदार व अनिल पाण्डेय ने सभी आगुन्तको के प्रति आभार ज्ञापित किया ।इस दौरान सूबेदार राय, अनिल पाण्डेय, कुलदीप राय, डा. ए.न .चौबे, कैलाश नाथ मिश्र, विमला मिश्र, रामहर्ष गुप्ता, कमलेश सिंह, राकेश सिंह, राजीव राय, अजय प्रसाद राय, योगेश राय, मुकेश राय, तारा राय, सरोज पाण्डेय, सुस्मिता, कविता, प्रेमसागर तिवारी आदि श्रद्धालु उपस्थित थे ।

  • कन्यादान से बड़ा कोई यज्ञ नहीं, कोई दान नहीं:राजनजी महाराज

    कन्यादान से बड़ा कोई यज्ञ नहीं, कोई दान नहीं:राजनजी महाराज

    कन्यादान से बड़ा कोई यज्ञ नहीं, कोई दान नहीं:राजनजी महाराज,

    रामकथा के दूसरे दिन शिव विवाह की कथा सुन भावविभोर हुए श्रोता,

    बड़हलगंज /गोरखपुर (निष्पक्ष टुडे) बड़हलगंज के नेशनल इण्टर कालेज खेल मैदान में चल रही नौ दिवसीय रामकथा के दूसरे दिन कथा वाचक राजन जी महाराज ने शिव पार्वती के विवाह का प्रसंग सुनाकर श्रोताओं को भाव विभोर कर दिया। इस दौरान हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
    शुक्रवार को उपस्थित श्रद्धालुओं पर भक्ति रस की बौछार करते हुए कथा वाचक राजन जी महाराज ने कहा कि इस संसार में बेटी के कन्या दान से बड़ा कोई यज्ञ नहीं।कोई दान नहीं।जिस घर में बेटियों का सम्मान होता है,जहां पर बेटी के पायल की छम-छम की आवाज सुनाई देती है,उस घर में देवताओं का निवास होता है।शिव-पार्वती विवाह का प्रसंग सुनाते हुए उन्होंने कहा कि नारद जी के कहने से माता पार्वती ने कई वर्षों तक शिव को पति के रूप में पाने के लिए तपस्या किया। उधर तारकासुर ब्रह्मा जी से शिव पुत्र के हाथों मृत्यु का वरदान पा खुद को अमर मान देवताओं को भयंकर दुःख दे रहा था। सभी देवता ब्रह्मा जी के पास पहुंचे तो उन्होंने शिव को समाधि से जगाने के लिए कामदेव को कहा। कामदेव खुद की आहुति दे शिव को समाधि से बाहर किया। इसके बाद उन्हें विवाह के लिए ब्रह्मा जी ने तैयार किया। शिव बारात का बेहतरीन वर्णन करते हुए राजन जी महाराज ने बताया कि जब शंकर जी दूल्हा बनकर चले तो उनके साथ देवताओं, भूत-प्रेत नाना प्रकार के रूप बनाकर हिमाचल के नगर की तरफ शोर-गुल मचाते हुए चल दिए।बारात जब राजा हिमाचल के नगर में प्रवेश करती है तो उसे देखते ही लोग लोग भाग खड़े हुए।रानी मैनावती के हाथों से पूजा की थाली गिर जाती है। विकराल वेश में शंकर को देखकर सभी लोग नारद जी को दोष देने लगे। मैनावती माता पार्वती को गोद में लेकर जोर से विलाप करने लगीं। कहती हैं कि इस पागल के साथ मैं अपनी बेटी का विवाह नहीं करूंगी चाहे जो भी हो जाए। नारद जी आये और बताया कि जिसे आप अपनी बेटी समझ रहीं हैं, वे शक्ति स्वरूपा हैं। किसी तरह विवाह संपन्न हुआ।विदाई के समय मैना रानी पार्वती जी से कह रही हैं कि हमेशा अपने पति की सेवा करना। पति-धर्म से बड़ा कोई धर्म नहीं है। पत्नी के लिए पति से बड़ा संसार में कोई देवता नहीं है।श्रद्धालुओं को रामकथा का अमृतपान कराते हुए राजनजी ने कहा कि माता पार्वती जी महल छोड़कर आईं थीं और कैलाश के पत्थरों पर भी काफी खुश थीं।उनके जीवन से यह सीख मिलती है कि जीवन में सुख साधन से नहीं हो सकता है। जीवन में सुख मन के स्वीकार करने की शक्ति से होता है।अगर आपने परिस्थिति को स्वीकार कर लिया तो दुनिया की कोई ताकत आपको दु:खी नहीं कर सकती है।उन्होंने कहा कि शिव-पार्वती का विवाह संसार में अद्वितीय है।इनके विवाह से काफी प्रसन्न देवता वर्षों तक संतान उत्पन्न न होने से काफी दुःखी रहने लगे क्योंकि तारकासुर नामक राक्षस का उत्पात बढ़ता जा रहा था और उसका संहार शिवपुत्र के हाथों ही होना था।देवताओं की प्रबल इच्छा कुछ समय बाद पूर्ण हुई और छः मुख वाले भगवान कार्तिकेय का जन्म हुआ।शिव-शिवा के इन्हीं पुत्र के हाथों तारकासुर का वध हुआ।देवता चिन्तामुक्त हुए और प्रसन्न हो पुष्प वर्षा किये।इसके पूर्व आज के मुख्य यजमान डाक्टर ए एन चौबे के साथ रानी चौबे, प्रवीण राय के साथ सुप्रिया, शिवम् शुक्ला के साथ जया शुक्ला एवं नागेन्द्र सिंह रघुवंशी के साथ अमरावती सिंह ने व्यास पीठ का पूजन व आरती कर कथा का शुभारम्भ कराया।आयोजक सूबेदार राय ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार ज्ञापित किया। इस अवसर पर एन पी जी के प्राचार्य डॉ राकेश पाण्डेय , डा अचला पाण्डेय,अनिल पाण्डेय, कुलदीप राय,शैलेश शाही, कमलेश सिंह आदि सहित हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।