Tag: #SDMSahjanwa
-

जनगणना 2027 को लेकर विद्यार्थियों को किया गया जागरूक
संवाददाता – एस.पी. सिंह
सहजनवां, (गोरखपुर)।
जनगणना 2027 के सफल आयोजन एवं स्वजनगणना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंगलवार को सहजनवां कस्बे स्थित मुरारी इंटर कॉलेज परिसर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एसडीएम सहजनवां केसरी नंदन तिवारी एवं जनगणना चार्ज अधिकारी तहसीलदार राकेश कुमार कन्नौजिया ने छात्र-छात्राओं को जनगणना के महत्व की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक स्वजनगणना करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं की आधारशिला होती है। इससे सरकार को जनसंख्या, शिक्षा, रोजगार और अन्य आवश्यक सुविधाओं की सही जानकारी प्राप्त होती है, जिसके आधार पर योजनाएं बनाई जाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जनगणना के प्रति जागरूक करें।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य मेजर साकेत जी, उपप्रधानाचार्य सुप्रिया सिंह, प्रवक्ता अनिल वर्मा एवं सहजनवां तहसील के लेखपाल अरुण शुक्ला उपस्थित रहे। इस दौरान विद्यालय के हजारों छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में भाग लिया और जनगणना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
-

भूमि अधिग्रहण के विरोध में मल्हीपुर के ग्रामीणों का प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
संवाददाता– एस.पी. सिंह
सहजनवा, (गोरखपुर)।
सहजनवा तहसील क्षेत्र के ग्राम मल्हीपुर के ग्रामीणों ने गीडा द्वारा किए जा रहे भूमि अधिग्रहण के विरोध में तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन कर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का आरोप है कि गीडा द्वारा जबरन भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया अपनाई जा रही है, जिससे सैकड़ों परिवारों के सामने विस्थापन का संकट खड़ा हो गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि मल्हीपुर गांव में भूमि अधिग्रहण से संबंधित सूचना समाचार पत्रों के माध्यम से प्रकाशित की गई है, जिसमें करीब 200 मकान और एक विद्यालय भी प्रभावित बताए गए हैं। यदि यह अधिग्रहण हुआ तो बड़ी संख्या में ग्रामीण बेघर हो जाएंगे। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि इससे पहले भी गीडा द्वारा तीन बार भूमि अधिग्रहण किया जा चुका है, जिसके संबंध में ग्रामीणों ने कुल 155 गाटा पर आपत्ति दर्ज कराई थी। आपत्तियों के बावजूद अब तक उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई है।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने केशरी नंदन तिवारी, उपजिलाधिकारी सहजनवा को ज्ञापन सौंपते हुए न्याय की मांग की और भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पर रोक लगाने की अपील की।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों में विजय चौधरी, संजय सिंह, सोनमती देवी, बृजेश सिंह, मृत्यंजय सिंह, अरविंद सिंह, सावित्री देवी, रामचंद, रामसिंह, मीरा देवी, रेनू देवी, जीवन, रमेश, विक्रम सिंह और कमली देवी सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।
-

एसडीएम के आदेश पर आवारा पशुओं के खिलाफ नगर पंचायत का अभियान, आठ गौवंश गौशाला भेजे गए
संवाददाता– एस.पी. सिंह
सहजनवा, (गोरखपुर)।
नगर पंचायत सहजनवा क्षेत्र में आवारा पशुओं की समस्या से जूझ रहे नगरवासियों को राहत दिलाने के लिए नगर पंचायत द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। शनिवार को उपजिलाधिकारी सहजनवा केशरी नंदन तिवारी एवं अधिशासी अधिकारी के नेतृत्व में नगर क्षेत्र में आवारा पशुओं के विरुद्ध सघन अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों में विचरण कर रहे आवारा पशुओं को पकड़ा गया। इस कार्रवाई में कुल 8 आवारा पशुओं को पकड़कर नगर पंचायत के वाहन से हरपुर गौशाला भेज दिया गया, ताकि यातायात दुर्घटनाओं और फसलों को होने वाले नुकसान से बचाव किया जा सके।
इस मौके पर एसडीएम सहजनवां ने बताया कि नगर क्षेत्र में आवारा पशुओं की धरपकड़ के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी व्यक्ति के निजी पशु खुले में घूमते पाए गए तो नगर पंचायत द्वारा संबंधित पशु स्वामी पर नियमानुसार जुर्माना भी लगाया जाएगा।
एसडीएम द्वारा की गई इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है और प्रशासन की पहल की सराहना की है।
-

राहत: एसडीएम के आदेश पर सहजनवा में ठंड से राहत के लिए अलाव की व्यापक व्यवस्था
संवाददाता– एस.पी. सिंह
सहजनवा, (गोरखपुर)।
कड़ाके की ठंड के चलते जनजीवन प्रभावित होने के बीच सहजनवा नगर पंचायत में नगरवासियों को राहत दिलाने के लिए प्रशासन ने ठोस कदम उठाए हैं। नगर के 16 वार्डों में ठंड से बचाव हेतु कुल 36 प्रमुख स्थानों पर अलाव जलवाए गए हैं, जिससे आमजन को सर्दी से राहत मिल रही है।
शनिवार को बढ़ती ठंड को देखते से हुए एसडीएम सहजनवां केसरी नंदन तिवारी तथा नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी सूर्यकांत के निर्देश पर अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित की गई। यह व्यवस्था नगर पंचायत के मुख्य चौराहों, बाजारों और आवागमन वाले स्थानों पर की गई है, ताकि आने-जाने वाले लोगों को ठंड से बचाव मिल सके।
अधिशासी अधिकारी ने स्वयं नगर पंचायत क्षेत्र का भ्रमण कर अलाव की स्थिति का निरीक्षण किया और यह सुनिश्चित किया कि सभी चिन्हित स्थानों पर अलाव सुचारू रूप से जल रहे हैं। निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत के कर्मचारी भी उनके साथ मौजूद रहे।
नगरवासियों ने नगर पंचायत की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कड़ाके की ठंड में अलाव की व्यवस्था जरूरतमंदों, राहगीरों और दुकानदारों के लिए काफी राहतकारी साबित हो रही है। नगर प्रशासन ने आगे भी ठंड के मद्देनज़र आवश्यक व्यवस्थाएं जारी रखने की बात कही है।
-

पुलिस की नाक के नीचे ऑटो चालकों का जमावड़ा, रोजाना लग रहा जाम
थाना चौराहे से घघसरा बाजार मोड़ तक यातायात व्यवस्था बदहाल, आमजन परेशान।
संवाददाता– एस.पी. सिंह
सहजनवा, (गोरखपुर)।
नगर पंचायत सहजनवा क्षेत्र में यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। थाना चौराहे से लेकर मुख्य बाजार स्थित घघसरा बाजार मोड़ तक आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। जाम का मुख्य कारण सड़क किनारे और बीच सड़क पर ऑटो चालकों द्वारा मनमाने ढंग से वाहनों को खड़ा करना बताया जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार थाना सहजनवा के मुख्य गेट के ठीक सामने ऑटो चालकों का रोजाना जमावड़ा लगा रहता है। चालक बीच सड़क पर ही ऑटो खड़ा कर सवारियां भरने लगते हैं, जिससे हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है। हैरानी की बात यह है कि यह सब पुलिस की मौजूदगी में हो रहा है, इसके बावजूद जिम्मेदारों द्वारा इन मनबढ़ ऑटो चालकों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
कभी-कभार पुलिस द्वारा हल्की-फुल्की सख्ती की जाती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकल पा रहा है। यदि नियमित रूप से कार्रवाई की जाए तो जाम जैसी समस्या से काफी हद तक निजात मिल सकती है। इसके अलावा मुख्य बाजार क्षेत्र में भी ऑटो चालकों की मनमानी आए दिन देखने को मिलती है, जहां तेज रफ्तार और बीच सड़क पर ऑटो खड़ा कर यातायात को बाधित किया जा रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि घंटों जाम में फंसे रहने से स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। अब देखना यह है कि पुलिस प्रशासन कब तक इन ऑटो चालकों पर मेहरबान बना रहता है और कब यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए ठोस कदम उठाए जाते हैं।
एसडीएम ने दिए निर्देश।
इस संबंध में उपजिलाधिकारी सहजनवा केशरी नंदन तिवारी ने बताया कि नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी और पुलिस को अतिक्रमण हटाने तथा यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही इस पर कार्रवाई की जाएगी।
-

पराली न जलाने को लेकर उप जिलाधिकारी ने जारी किया सख्त निर्देश, अधिकारियों को दी जिम्मेदारी
संवाददाता– एस.पी. सिंह
सहजनवा, (गोरखपुर)।
सहजनवा तहसील क्षेत्र में पराली जलाने की बढ़ती घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए उप जिलाधिकारी सहजनवा केशरी नन्दन तिवारी ने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। जारी आदेश में कहा गया है कि 7 नवंबर को भेजे गए निर्देशों के बावजूद क्षेत्र में पराली जलाने की शिकायतें मिल रही हैं, जो कानूनन दंडनीय है और पर्यावरण के लिए बेहद हानिकारक भी।
एसडीएम ने खंड विकास अधिकारी पाली/सहजनवां/पिपरौली तथा कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर यह सुनिश्चित करें कि कहीं भी पराली न जलाई जाए। यदि ऐसी कोई घटना घटित होती है, तो संबंधित अधिकारी उसकी पूरी जिम्मेदारी के लिए उत्तरदायी होंगे।
आदेश में यह भी कहा गया है कि पराली जलाने की किसी भी घटना की तत्काल सूचना उच्च अधिकारियों को दी जाए। साथ ही किसानों को पराली न जलाने के नुकसान और वैकल्पिक प्रबंधन के तरीकों के बारे में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए।
उप जिलाधिकारी ने मीडिया से भी अपील की है कि पराली न जलाने संबंधित संदेशों को प्रकाशित कर जनजागरूकता बढ़ाने में सहयोग करें। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि पराली जलाने पर सख्त कार्रवाई से कोई छूट नहीं मिलेगी।
-

अतिक्रमण के खिलाफ सख्त हुई प्रशासनिक कार्रवाई
थाना चौराहे से तहसील रोड तक चला एसडीएम का विशेष अभियान।
संवाददाता– एस.पी. सिंह
सहजनवा, (गोरखपुर)।
नगर पंचायत सहजनवा में सड़क की पटरियों पर फैलते अवैध अतिक्रमण के कारण प्रतिदिन जाम की स्थिति पैदा हो रही थी। बढ़ती अव्यवस्था को देखते हुए एसडीएम सहजनवा केसरी नंदन तिवारी के नेतृत्व में सोमवार को विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। यह अभियान थाना चौराहे से लेकर तहसील रोड तक संचालित हुआ।
अभियान के दौरान एसडीएम ने ईओ को निर्देशित किया कि अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए नियमित अभियान चलाया जाए। साथ ही पुलिस टीम को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि सड़क किनारे अवैध रूप से खड़ी मिलने वाली बाइक और अन्य वाहनों का चालान किया जाए। पुलिस टीम ने मौके पर कई वाहनों का चालान भी किया।
अवैध कब्जा करने वालों को सख्त चेतावनी देते हुए प्रशासन ने कहा कि वे शाम तक स्वयं अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा उन पर जुर्माना लगाया जाएगा। अभियान के दौरान तहसीलदार राकेश कन्नौजिया, ईओ सूर्यकांत, लक्ष्मण प्रसाद, लेखपाल अरविंद झा, एसआई देवेंद्र दुबे, सुरेश यादव सहित बड़ी संख्या में पुलिस और प्रशासनिक कर्मी मौजूद रहे।
-

एसडीएम ने धान क्रय केंद्रों का किया निरीक्षण, खरीद में तेजी लाने के दिए निर्देश
संवाददाता– एस.पी. सिंह
सहजनवा, (गोरखपुर)।
किसानों की सुविधा के लिए शासन द्वारा संचालित धान क्रय केंद्रों पर खरीद प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसी क्रम मे सोमवार को उपजिलाधिकारी सहजनवा केशरी नंदन तिवारी ने मार्केटिंग धान क्रय केंद्र प्रथम एवं द्वितीय का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि केंद्रों पर अब तक केवल करीब 200 क्विंटल धान की खरीद हुई है। इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को खरीद में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसान केंद्रों पर अपना धान लेकर आते हैं, इसलिए किसी को भी अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए और खरीदी की प्रक्रिया त्वरित की जाए।
एसडीएम ने केंद्र पर बोरे की उपलब्धता, तौल व्यवस्था और रिकार्ड की भी जांच की, जिससे वे संतुष्ट दिखे। उन्होंने केंद्र पर मौजूद किसानों शेषमणि पांडेय, ओमप्रकाश पांडेय (निवासी डोहरिया खुर्द), कमलेश प्रजापति (निवासी मिनवा) और रविंद्र तिवारी (निवासी धर्मदास पट्टी) से बातचीत कर खरीदी की स्थिति जानी। किसानों ने बताया कि खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से चल रही है।
निरीक्षण के दौरान केंद्र प्रभारी शालिनी त्रिपाठी और प्रधान दिनेश कुमार जायसवाल उपस्थित रहे।








