लखनऊ, 3 फरवरी : लखनऊ के कैसरबाग स्थित सलेमपुर हाउस में आयोजित सनतकदा संस्था के कार्यक्रम में सोमवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। स्टॉल में रखे LPG सिलेंडर से तेज लपटें निकलने के कारण पूरे पंडाल में आग फैल गई। हालांकि, फायर विभाग की टीम ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के समय कार्यकम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। जैसे ही आग भड़की, वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और भगदड़ मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्टॉल में अचानक आग की तेज लपटें उठने लगीं, जिससे कुछ ही पलों में पूरा पंडाल चपेट में आ गया।
*फायर स्टेशन ऑफिसर ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि –*
“हमें सूचना मिलते ही टीम तुरंत मौके पर पहुंची। आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया, जिससे कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। घटना के पीछे LPG सिलेंडर द्वारा तैयार की जा रही खाद्य सामग्री के चलते तेज गति से निकली आग ने पंडाल को चपेट में ले लिया, फिलहाल कोई जनहानि नहीं हुई है।”
इस घटना के बाद आयोजन की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि फायर NOC (No Objection Certificate) ली गई थी या नहीं। प्रशासन ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है और आयोजकों से स्पष्टीकरण मांगा जा सकता है।
हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन यह आयोजन में सुरक्षा मानकों की अनदेखी को दर्शाता है। ऐसे आयोजनों में गैस सिलेंडर और अन्य ज्वलनशील सामग्रियों की सख्त जांच होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
फिलहाल, फायर विभाग मामले की जांच में जुटा है और जल्द ही घटना की पूरी रिपोर्ट सामने आने की संभावना है।
Leave a Reply