विजयदशमी शोभायात्रा की सुरक्षा को लेकर एसएसपी ने की समीक्षा

“गोरखनाथ थाने पर आयोजित गोष्ठी, अधिकारियों को दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश”

गोरखपुर। विजयदशमी पर्व पर गोरक्षनाथ मंदिर से निकलने वाली पारंपरिक शोभायात्रा एवं दर्शन-पूजन कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राज करन नय्यर ने मंगलवार को गोरखनाथ थाने के मीटिंग हॉल में ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारियों के साथ गोष्ठी की। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा, यातायात एवं भीड़-प्रबंधन से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसएसपी ने कहा कि विजयदशमी का पर्व आस्था और श्रद्धा से जुड़ा हुआ है, इसलिए इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। ऐसी स्थिति में सभी अधिकारी व जवान पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी पर मुस्तैद रहें। उन्होंने निर्देश दिया कि शोभायात्रा के दौरान रूट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। साथ ही, संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। शोभायात्रा के दौरान वाहनों के डायवर्जन की योजना पहले से लागू की जाए और मार्ग पर कहीं भी अव्यवस्था की स्थिति न बने। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भीड़-प्रबंधन के लिए बैरिकेडिंग और निगरानी तंत्र को मजबूत रखने के निर्देश दिए।

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारी स्वयं मौके पर मौजूद रहकर समन्वय स्थापित करें और हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहें।

गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक नगर अभिनव त्यागी, पुलिस अधीक्षक अपराध सुधीर जायसवाल, एडीएम नगर अंजली कुमार सिंह, सीओ गोरखनाथ रवि सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *