कुशीनगर जनपद के तमकुहीराज विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सेवरही स्थित लोकमान्य इंटर कॉलेज परिसर में बलिदान दिवस के अवसर पर एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जीवन ज्योति जागृति मिशन के तत्वावधान में संपन्न हुआ, जिसमें स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों एवं परिवारजनों को सम्मानित कर वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम के दौरान लोकतंत्र सेनानी एवं पूर्व विधायक पं० नन्दकिशोर मिश्रा ने स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि देश की आजादी में इन वीर सपूतों का योगदान अमूल्य है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे देशभक्ति और त्याग की इस परंपरा को आगे बढ़ाएं।
समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में अयोध्या धाम से पधारे डॉ. राघवेन्द्र दास वेदान्त ने अपने उद्बोधन में कहा कि शहीदों का बलिदान ही राष्ट्र की असली पूंजी है, और उनके आदर्शों पर चलकर ही समाज और देश का विकास संभव है। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व आईपीएस अधिकारी विनोद शंकर चौबे ने कहा कि आज के समय में युवाओं को अपने इतिहास और शहीदों के संघर्ष से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम का सफल संचालन नंदा पाण्डेय (प्रवक्ता) द्वारा किया गया, जिन्होंने पूरे आयोजन को प्रभावी और सुव्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाया। समारोह में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
Leave a Reply