16 साल बाद चला बुलडोजर: गीडा प्रशासन ने हटाया अवैध अतिक्रमण, आवंटियों को मिली राहत

संवाददाता – एस.पी. सिंह

सहजनवा, (गोरखपुर)।

गीडा सेक्टर-22 में वर्षों से चले आ रहे अवैध अतिक्रमण के खिलाफ गुरुवार को गीडा प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। करीब 16 वर्षों से कब्जे की समस्या झेल रहे आवंटियों को आखिरकार प्रशासनिक कार्रवाई के बाद राहत मिलने की उम्मीद जगी है।

जानकारी के अनुसार, गीडा प्रशासन ने वर्ष 2005 में उक्त भूमि का अधिग्रहण किया था और वर्ष 2011 में आधा दर्जन लोगों को भूखंड आवंटित किए गए थे। आरोप है कि भूमि आवंटन के बावजूद रामजनक यादव, सत्यवान यादव और दीनानाथ यादव द्वारा जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया गया था। इसी कारण आवंटियों को अब तक जमीन का वास्तविक कब्जा नहीं मिल सका था और वे वर्षों से गीडा कार्यालय के चक्कर लगाने को मजबूर थे।

मामले को गंभीरता से लेते हुए गीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अनुज मलिक ने टीम गठित कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। करीब एक सप्ताह पूर्व गीडा प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर कब्जाधारकों को अतिक्रमण हटाने के लिए दो दिन का समय दिया था। निर्धारित समय बीत जाने के बाद गुरुवार को गीडा और तहसील प्रशासन संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचा और बुलडोजर चलाकर अवैध कब्जा हटवा दिया।

कार्रवाई के दौरान तहसीलदार राकेश कन्नौजिया, नायब तहसीलदार राम सूरज, वरिष्ठ प्रबंधक सिविल अजय कुमार, वरिष्ठ प्रबंधक विद्युत सतपाल भाटी, प्रबंधक प्रशासन श्वेताभ विष्णु रंजन, प्रबंधक भूमि अधिग्रहण मयंक मंगल सिंह, प्रबंधक सिविल बृजेश कुमार अग्रहरी, प्रबंधक सिविल विवेक कुमार वर्मा, सहायक प्रबंधक विद्युत राजीव कुमार, तकनीकी सहायक शैलेश कुमार सिंह, सहायक प्रबंधक सिविल सत्य प्रकाश यादव, सहायक अमीन इंदल प्रसाद, सुधीर कुमार अकेला तथा एसएचओ अश्वनी पाण्डेय समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *