अवैध खनन का वीडियो वायरल, रील बनाकर खनन माफियाओं ने प्रशासन को दी खुली चुनौती

              ब्यूरो प्रभारी —-विनय तिवारी
बडहलगंज/गोरखपुर(निष्पक्ष टुडे) बड़हलगंज: गोला तहसील क्षेत्र के नगर पंचायत बड़हलगंज अंतर्गत तिवारीपुर इलाके से अवैध खनन का एक वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि भारी मशीनों से खुलेआम मिट्टी खनन किया जा रहा है, जबकि मौके पर मौजूद एक युवक भोजपुरी गाने पर रील बनाता दिखाई दे रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि जिस तरह दिनदहाड़े मशीनों से खनन किया जा रहा है और सोशल मीडिया पर उसका प्रदर्शन किया जा रहा है, उससे साफ प्रतीत होता है कि खनन माफियाओं में प्रशासन का कोई भय नहीं बचा है।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि तहसील प्रशासन अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए लगातार बैठकों और कार्रवाई के दावे तो करता है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन का खेल चल रहा है, जिससे न केवल सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंच रहा है, बल्कि आसपास के लोग भी धूल, शोर और रास्तों की खराब स्थिति से परेशान हैं।
वायरल वीडियो ने यह सवाल भी खड़ा कर दिया है कि आखिर इतनी बड़ी मशीनें दिन के उजाले में कैसे संचालित हो रही हैं और संबंधित जिम्मेदार विभागों को इसकी भनक तक क्यों नहीं लग रही। लोगों का आरोप है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की गई होती, तो खनन माफियाओं के हौसले इतने बुलंद नहीं होते।
क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही अवैध खनन में प्रयुक्त मशीनों को जब्त कर पूरे नेटवर्क की जांच कराई जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लग सके। ________इस संबंध में नायब तहसीलदार गोला जयप्रकाश का कहना है कि मामले की जानकारी मीडिया के माध्यम से हुई है। जल्द ही नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अवैध वाहनों को पकड़ के सीज की कार्रवाई की जाएगी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *