गोड़धोइया नाले में फंसी गाय को 4 घंटे की मशक्कत के बाद बचाया गया 

पादरी बाजार, गोरखपुर। शक्तिनगर कॉलोनी स्थित गोड़धोइया नाले में मंगलवार दोपहर एक गाय गिर गई। करीब 4 घंटे तक संघर्ष के बाद कार्यदाई संस्था और स्थानीय लोगों की मदद से क्रेन के जरिए गाय को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर करीब 12 बजे गाय नाले में गिरकर फंस गई थी। कीचड़ और गहरे पानी के कारण वह बाहर नहीं निकल पा रही थी। सूचना मिलते ही गोड़धोइया नाला निर्माण कार्य कर रही कार्यदाई संस्था की टीम मौके पर पहुंची। पहले रस्सी और जेसीबी से प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

इसके बाद क्रेन मंगवाई गई। लगभग 5 बजे क्रेन की मदद से गाय को पट्टे से बांधकर धीरे-धीरे बाहर निकाला गया। गाय को बाहर आते ही आसपास खड़े लोगों ने राहत की सांस ली।

बाहर निकलने के बाद गाय भी सुरक्षित थी और कुछ देर में सामान्य हो गई। स्थानीय निवासियों ने कार्यदाई संस्था की त्वरित कार्रवाई की सराहना की, साथ ही मांग की कि नाले के दोनों किनारों पर सुरक्षा की दृष्टि से जल्द जाली लगाई जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान खुले नाले हादसों का कारण बन रहे हैं।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *