तेज रफ्तार ट्रेलर ने मां-बेटे को कुचला, दोनों की मौत, दवा लेने जा रहे थे आजमगढ़

          ब्यूरो प्रभारी —-विनय तिवारी
बड़हलगंज /गोरखपुर(निष्पक्ष टुडे) बड़हलगंज
दोहरीघाट-आजमगढ़ मार्ग पर शुक्रवार को तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा दोहरीघाट थाना क्षेत्र के रामनगर पुलिस बूथ के पास सुबह करीब 11 बजे हुआ। दुर्घटना के बाद चालक ट्रेलर को कुछ दूर खड़ा कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में लेकर बिना परिजन के दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।
गोरखपुर जनपद के बड़हलगंज थाना क्षेत्र के बेलवा गांव निवासी बिंदु देवी (42) पत्नी राजकुमार अपने 16 वर्षीय पुत्र सूरज यादव के साथ बाइक से आजमगढ़ दवा लेने जा रही थीं। दोनों रामनगर पुलिस बूथ के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मां-बेटे बाइक समेत ट्रेलर के नीचे आ गए। चालक ट्रेलर रोकने के बजाय दोनों को कुचलते हुए कुछ दूर तक चला गया। जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन में में परिजनों के बगैर दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रेलर को भी कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजन मौके पर पहुंच गए और ट्रेलर चालक के खिलाफ तहरीर दी।
दोहरीघाट थानाध्यक्ष रामायण सिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान बड़हलगंज के बेलवा गांव निवासी मां-बेटे के रूप में हुई है। परिजनों की तहरीर के आधार पर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *