मेडिकल कॉलेज की जगह निजी अस्पताल में भर्ती कराया, ढाई माह के मासूम की मौत पर हंगामा

-एकता हॉस्पिटल में मौत के बाद मां बेहोश, परिजनों ने लगाया 80 हजार मांगने का आरोप, एंबुलेंस चालक की भूमिका पर सवाल

संवाददाता: पादरी बाजार (गोरखपुर)।

शाहपुर इलाके के फातिमा बाईपास स्थित राम प्यारे काम्प्लेक्स के सामने मंगलवार शाम एकता अस्पताल में ढाई माह के बच्चे की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि एंबुलेंस चालक ने मेडिकल कॉलेज ले जाने के नाम पर बच्चे को कमीशन के चक्कर में निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। मौत के बाद अस्पताल पर 80 हजार रुपये और मांगने का आरोप लगा है। बच्चे की मौत से मां काजल का रो-रोकर बुरा हाल है।

मेडिकल कॉलेज रेफर था बच्चा, पहुंचा एकता हॉस्पिटल

जानकारी के मुताबिक, मृतक बच्चा कुशीनगर के साहबगंज तुरकपट्टी निवासी श्याम बिहारी का था। श्याम बिहारी पडरौना में फल बेचकर परिवार पालते हैं। उनका ढाई माह का बेटा शुक्रवार को गोद से गिरकर घायल हो गया था।

परिजन उसे लेकर कुशीनगर मेडिकल कॉलेज गए। हालत गंभीर होने पर शनिवार को वहां से गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। परिजनों का आरोप है कि मेडिकल कॉलेज ले जाने का भरोसा देकर बिना नंबर प्लेट की एंबुलेंस का चालक शनिवार शाम को ही बच्चे को फातिमा बाईपास, राम प्यारे कॉम्प्लेक्स के सामने स्थित एकता हॉस्पिटल में भर्ती करा गया।

40 हजार खर्च, छुट्टी के लिए 80 हजार मांगा

परिजनों के मुताबिक निजी अस्पताल में शनिवार से मंगलवार तक इलाज और दवा के नाम पर 40 हजार रुपये खर्च हो गए, लेकिन बच्चे की हालत में सुधार नहीं हुआ। सोमवार से ही परिजन छुट्टी मांग रहे थे ताकि उसे मेडिकल कॉलेज ले जा सकें, लेकिन आरोप है कि अस्पताल प्रशासन ने छुट्टी देने के बदले 80 हजार रुपये और मांग लिए।

मंगलवार सुबह से परिजन बच्चे की हालत जानने की गुहार लगाते रहे। शाम को अस्पताल ने बच्चे की मौत की सूचना दे दी। सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पहले बच्चे को खोने के सदमे में मां काजल बार-बार बेहोश हो रही थी।

पादरी-खजांची मार्ग पर जाम का प्रयास

बच्चे की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। पादरी बाजार-खजांची मार्ग पर जाम लगाने का प्रयास किया। सूचना पर शाहपुर पुलिस मौके पर पहुंची और करीब 10 मिनट बाद लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।

अस्पताल और एंबुलेंस पर सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि एकता हॉस्पिटल को लेकर पहले भी शिकायतें आ चुकी हैं। परिजनों ने अस्पताल के रजिस्ट्रेशन, डॉक्टरों की डिग्री और इलाज की सुविधाओं की जांच की मांग की है। साथ ही बिना नंबर प्लेट की एंबुलेंस और मेडिकल कॉलेज के बजाय निजी अस्पताल ले जाने वाले चालक की भूमिका की जांच की मांग की है।

इस संबंध में थाना प्रभारी शाहपुर अंजय कुमार सिंह ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *