Category: उत्तर प्रदेश

  • डॉ एस वी अंचन द्वारा निर्मित, डॉ अतुल पाटणे (आई ए एस) द्वारा लिखित फिल्मस्टार डॉ महेश कुमार फिल्म भोज का ट्रेलर भोजपुरी समाज ने सराहा

    डॉ एस वी अंचन द्वारा निर्मित, डॉ अतुल पाटणे (आई ए एस) द्वारा लिखित फिल्मस्टार डॉ महेश कुमार फिल्म भोज का ट्रेलर भोजपुरी समाज ने सराहा

    भोजपुरी भाषा को संवैधानिक रूप से ‘राजभाषा’ का दर्जा दिलाने की मांग में प्रख्यात निर्माता डॉ. एस. वी. अंचन द्वारा निर्मित और लेखक डॉ. अतुल पाटणे (आईएएस) द्वारा लिखित भोजपुरी फिल्म ‘भोज’ का ट्रेलर हाल ही में रिलीज किया गया है। फिल्मस्टार डॉ. महेश कुमार अभिनीत फ़िल्म का ट्रेलर न केवल सिनेमाई दृष्टिकोण से प्रभावशाली है, बल्कि सामाजिक संदेश के मामले में एक मील का पत्थर साबित हो रहा है। वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स भोजपुरी के ऑफिसियल यूट्यूब चैनल पर रिलीज फिल्म के ट्रेलर में सुपरस्टार डॉ. महेश कुमार का एक ओजस्वी और प्रभावशाली रूप देखने को मिल रहा है। फिल्म की कहानी केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह करोड़ों भोजपुरी भाषियों की आवाज है। फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रहे डॉ. महेश कुमार ने ट्रेलर के माध्यम से सीधे तौर पर भोजपुरी समाज से अपील की है कि वे अपनी मातृभाषा के सम्मान के लिए एकजुट हों।

    सेफसी अंचन ग्रुप के बैनर तले निर्मित भोजपुरी फिल्म ‘भोज’ के निर्माता डॉ. एस वी अंचन और श्रीमती प्रभावती पाटणे हैं। इस फिल्म के प्रख्यात लेखक डॉ. अतुल पाटणे (आईएएस) ने लिखा है। फिल्म ‘भोज’ का कथानक डॉ. अतुल पाटणे (आईएएस) के गहरे अनुभव और लेखन कौशल को दर्शाता है, जो भोजपुरी भाषी लोगों की अस्मिता और संघर्ष को पर्दे पर जीवंत करता है। डॉ. अंचन का विजन और डॉ. पाटणे का लेखन इस फिल्म को केवल एक व्यावसायिक फिल्म न बनाकर, एक ‘मिशन’ के रूप में स्थापित कर रहा है। स्क्रीनप्ले और डायलॉग के रूप में अनिल विश्वकर्मा ने लिखा है। फिल्म के कुशल निर्देशन में क्रिएटिव डायरेक्टर के रूप में धीरू यादव ने अपना महत्वपूर्ण तकनीकी योगदान दिया है। निर्देशक चंदन सिंह हैं। फिल्म में मुख्य भूमिका डॉ. महेश कुमार हैं, उनके साथ भोजपुरी इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री यामिनी सिंह ने शानदार केमिस्ट्री जमाई है। साथ ही दिग्गज अभिनेता अवधेश मिश्रा, राम सुजान सिंह, महेश आचार्य, समर्थ चतुर्वेदी, तमन्ना मौर्य, सुबोध सेठ और मनोज द्विवेदी आदि हैं।

    फिल्म के ट्रेलर का लिंकः https://youtu.be/46opXa6lIPU?si=TPGkSmdwCt-V1xov

    गौरतलब है कि डॉ एस वी अंचन द्वारा निर्मित, डॉ अतुल पाटणे (आई ए एस) द्वारा लिखित फिल्म भोज के ट्रेलर में फिल्मस्टार डॉ महेश कुमार ने भोजपुरी भाषा को राजभाषा का दर्जा दिलवाने के लिए भोजपुरी समाज से अपील की है, और सिग्नेचर कैंपेन के तौर पर मिस कॉल नंबर 91751 48038 जारी किया है। यह मिस कॉल न केवल फिल्म के समर्थन का प्रतीक है, बल्कि यह उन लाखों लोगों की सहमति है जो भोजपुरी को संवैधानिक दर्जा दिलाने के लिए कृतसंकल्प हैं।

  • राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में बड़ा बवाल: आरोपियों का केस नहीं लड़ेंगे वकील, ट्रस्ट पदाधिकारियों के खिलाफ भी उठी आवाज

    राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में बड़ा बवाल: आरोपियों का केस नहीं लड़ेंगे वकील, ट्रस्ट पदाधिकारियों के खिलाफ भी उठी आवाज

    अयोध्या ब्यूरो निष्पक्ष टुडे :-

    अयोध्या बार एसोसिएशन का बड़ा फैसला, मंदिर की मर्यादा और श्रद्धालुओं की आस्था का हवाला देते हुए आरोपियों को कानूनी सहायता देने से किया इनकार; बैठक में ट्रस्ट पदाधिकारियों पर भी उठे सवाल

    अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में बड़ा और चौंकाने वाला घटनाक्रम सामने आया है। इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों को लेकर अयोध्या के अधिवक्ताओं ने कड़ा रुख अपनाया है। अयोध्या बार एसोसिएशन से जुड़े वकीलों ने कथित तौर पर फैसला लिया है कि वे राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले के आरोपियों का मुकदमा नहीं लड़ेंगे।

    बताया जा रहा है कि इस मामले में आरोपी रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू समेत अन्य आरोपियों को कानूनी सहायता देने से अधिवक्ताओं ने दूरी बना ली है। वकीलों का कहना है कि यह मामला करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और मंदिर की मर्यादा से जुड़ा हुआ है, इसलिए वे आरोपियों का पक्ष नहीं लेंगे।

    मुख्य बिंदु:

    🔴 राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में बड़ा अपडेट
    🔴 आरोपियों का मुकदमा लड़ने से अधिवक्ताओं ने किया इनकार
    🔴 रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू समेत अन्य आरोपियों को झटका
    🔴 अयोध्या बार एसोसिएशन ने आस्था और मंदिर की मर्यादा का दिया हवाला
    🔴 बैठक में ट्रस्ट पदाधिकारियों पर भी उठे सवाल

    इसी दौरान, बार एसोसिएशन की बैठक में कुछ अधिवक्ताओं ने मुखर होकर यह भी कहा कि चम्पत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राय को अयोध्या छोड़ देना चाहिए। बैठक में यह चेतावनी भी दी गई कि यदि तीन दिनों के भीतर ऐसा नहीं हुआ, तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा और अयोध्या में प्रवेश को लेकर विरोध प्रदर्शन तथा जाम जैसी कार्रवाई की जा सकती है।

     इन मांगों और चेतावनियों को लेकर संबंधित प्रशासनिक अथवा आधिकारिक पक्ष की प्रतिक्रिया का इंतजार है। मामले को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।

    अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है और प्रशासन इस पूरे घटनाक्रम पर क्या रुख अपनाता है।

  • योगी  का अखिलेश पर तीखा हमला, बोले- “अयोध्या को राम भक्तों ने संवारा, सपा ने चलाई थी गोलियां”

    योगी का अखिलेश पर तीखा हमला, बोले- “अयोध्या को राम भक्तों ने संवारा, सपा ने चलाई थी गोलियां”

    हाथरस ब्यूरो निष्पक्ष टुडे :-

    अखिलेश यादव को रामलला के दर्शन की सलाह, श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुद्दे पर भी खुलकर बोलने की चुनौती

    हाथरस। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने हाथरस में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी और उसके अध्यक्ष पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। मुख्यमंत्री ने अयोध्या, मथुरा और धार्मिक आस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर विपक्ष को घेरते हुए कहा कि जो लोग आज अयोध्या को धार्मिक नगरी बनाने की बात कर रहे हैं, उन्हें अपना इतिहास भी याद रखना चाहिए।

    मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उन्होंने हाल ही में अखिलेश यादव का एक बयान पढ़ा, जिसमें उन्होंने सत्ता में आने पर अयोध्या को धार्मिक नगरी बनाने की बात कही थी। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या को राम भक्तों ने अपने परिश्रम और प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पहले ही विश्व स्तर पर नई पहचान दिला दी है।

    उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान राम भक्तों पर गोलियां चलाई गई थीं। साथ ही उन्होंने कहा कि उस समय कृष्ण जन्माष्टमी जैसे धार्मिक आयोजनों पर रोक लगाने और कांवड़ यात्रा को प्रतिबंधित करने जैसी नीतियां अपनाई गई थीं।

    प्रमुख बातें :-

    • मुख्यमंत्री ने दावा किया कि हाथरस में 22 से अधिक मंदिरों का सुंदरीकरण कराया गया है।

    • उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने धार्मिक स्थलों के विकास को प्राथमिकता दी है।

    • अखिलेश यादव को रामलला के दर्शन करने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि इससे “सद्बुद्धि” प्राप्त हो सकती है।

    • मुख्यमंत्री ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि और मथुरा-वृंदावन के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी से स्पष्ट रुख अपनाने की चुनौती भी दी।

    • उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मथुरा और वृंदावन में श्रद्धालुओं के लिए बुनियादी सुविधाओं के विकास पर कार्य कर रही है।

    अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अयोध्या, मथुरा और काशी की सांस्कृतिक एवं धार्मिक पहचान को मजबूत करने के लिए उनकी सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि अयोध्या अपनी पहचान के लिए किसी राजनीतिक दल की मोहताज नहीं है और आज वह वैश्विक स्तर पर अपनी नई पहचान स्थापित कर चुकी है।

  • गुड़-रोटी खिलाकर सीएम योगी ने की गोसेवा, गोवंश को दुलारकर दिया संरक्षण का संदेश

    गुड़-रोटी खिलाकर सीएम योगी ने की गोसेवा, गोवंश को दुलारकर दिया संरक्षण का संदेश

    गोरखपुर ब्यूरो निष्पक्ष टुडे :-

    गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, गायों को खिलाया गुड़-रोटी और कार्यकर्ताओं को दिए समुचित देखभाल के निर्देश

    गोरखपुर, 27 जून। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान अपनी परंपरागत दिनचर्या का पालन करते हुए जनसेवा के साथ-साथ गोसेवा भी की। जनता दर्शन कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री मंदिर परिसर स्थित गोशाला पहुंचे, जहां उन्होंने गायों और गोवंश के प्रति विशेष स्नेह प्रदर्शित किया।

     

    मुख्य बिंदु:

    जनता दर्शन के बाद गोशाला पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
    ✅ गायों को अपने हाथों से खिलाया गुड़-रोटी
    ✅ गोवंश को दुलारकर दिया संरक्षण का संदेश
    ✅ गोशाला कर्मियों को बेहतर देखभाल के निर्देश
    ✅ मंदिर परिसर में विचरण कर रहे मोरों पर भी बरसाया स्नेह

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोशाला में मौजूद गायों को अपने हाथों से गुड़ और रोटी खिलाई। इस दौरान उन्होंने गोवंश के माथे पर हाथ फेरकर और स्नेहिल थपकी देकर उन्हें दुलारा। उन्होंने गोशाला के कार्यकर्ताओं से गोवंश की देखभाल की जानकारी ली और उनके समुचित पालन-पोषण एवं स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

    इससे पहले मुख्यमंत्री ने गोरखनाथ मंदिर में शिवावतार महायोगी गुरु गोरखनाथ का विधिवत दर्शन-पूजन किया और अपने गुरु, ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि स्थल पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा आशीर्वाद लिया।

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जब भी गोरखनाथ मंदिर प्रवास पर होते हैं, तो गोसेवा उनकी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा रहती है। शनिवार को भी उन्होंने गोशाला में कुछ समय व्यतीत कर गोवंश के प्रति अपनी संवेदनशीलता और संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया।

  • जरूरतमंदों के इलाज और आवास की व्यवस्था कराएगी सरकार : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

    जरूरतमंदों के इलाज और आवास की व्यवस्था कराएगी सरकार : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

    गोरखपुर ब्यूरो निष्पक्ष टुडे :-

    गोरखनाथ मंदिर में लगातार दूसरे दिन जनता दर्शन, करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं; अधिकारियों को समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश

    गोरखपुर, 27 जून। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने गोरखपुर प्रवास के दौरान शनिवार को लगातार दूसरे दिन गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में आमजन की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार जरूरतमंदों के इलाज और आवास की व्यवस्था कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा किसी भी पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।

    महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों से मुलाकात की। उन्होंने स्वयं लोगों के बीच जाकर एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं, प्रार्थना पत्र प्राप्त किए तथा संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को तत्काल और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।

    महत्वपूर्ण बिंदु:

    🔹 करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
    🔹 जरूरतमंदों को सरकारी योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने का भरोसा
    🔹 गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक सहायता का आश्वासन
    🔹 एम्स दिल्ली में उपचाररत महिला को मुख्यमंत्री राहत कोष से मदद का भरोसा
    🔹 गोरखपुर एम्स और बीआरडी मेडिकल कॉलेज में इलाज की व्यवस्था कराने के निर्देश
    🔹 जमीन कब्जाने वाले दबंगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश
    🔹 बच्चों को दुलारते हुए शिक्षा के प्रति किया प्रेरित, वितरित की चॉकलेट

    जनता दर्शन के दौरान एक महिला ने मुख्यमंत्री से अपने पास रहने के लिए मकान न होने की समस्या बताई। इस पर मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि उन्हें सरकारी आवास योजना का लाभ दिलाया जाएगा। वहीं, इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे लोगों को उन्होंने भरोसा दिया कि धन के अभाव में किसी भी जरूरतमंद का उपचार नहीं रुकेगा।

    मुख्यमंत्री ने एक महिला, जिनका उपचार एम्स दिल्ली में चल रहा है, को मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। वहीं, एक अन्य महिला की चिकित्सा संबंधी समस्या पर अधिकारियों को निर्देशित किया कि उनका इलाज गोरखपुर एम्स अथवा बीआरडी मेडिकल कॉलेज में सुनिश्चित कराया जाए।

    जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि यदि कोई दबंग किसी की जमीन पर जबरन कब्जा करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

    जनता दर्शन में परिजनों के साथ आए बच्चों से मुख्यमंत्री ने आत्मीयता से मुलाकात की, उन्हें आशीर्वाद दिया और चॉकलेट वितरित करते हुए नियमित रूप से विद्यालय जाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की।

  • जब रवि किशन फ्री में फिल्म दिखाएंगे, तब अस्पताल में होगा मुफ्त इलाज” – मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

    जब रवि किशन फ्री में फिल्म दिखाएंगे, तब अस्पताल में होगा मुफ्त इलाज” – मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

    गोरखपुर ब्यूरो निष्पक्ष टुडे :-

    गोरखपुर में एस्ट्रोमेडिक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल का उद्घाटन, सीएम योगी ने गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं पर दिया जोर; सांसद रवि किशन के साथ मंच से किया हल्का-फुल्का संवाद

    गोरखपुर, 26 जून। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोरखपुर के बेतियाहाता स्थित एस्ट्रोमेडिक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में हुए व्यापक सुधारों का उल्लेख किया और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाओं की आवश्यकता पर बल दिया।
    कार्यक्रम के दौरान गोरखपुर के सांसद रवि किशन ने मंच से हल्के-फुल्के अंदाज में सवाल किया कि क्या अस्पताल में मरीजों को मुफ्त इलाज मिलेगा। इस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुस्कुराते हुए कहा कि “जिस दिन रवि किशन फ्री में पिक्चर दिखाना शुरू कर देंगे, उसी दिन से अस्पताल में भी फ्री में इलाज शुरू हो जाएगा।” मुख्यमंत्री की इस टिप्पणी पर कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित लोगों ने तालियों और ठहाकों से स्वागत किया।
    इससे पूर्व सांसद रवि किशन ने अपने चिर-परिचित अंदाज में कहा कि “जब कुछ हम बोल देत बानी त शाम तक वायरल हो जाला, इसलिए बहुत सोच-समझ कर जीवन में चले के पड़ेला।” उन्होंने मंच से भोजपुरी गीत की पंक्तियां भी गाईं और उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया।

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश को मुफ्त सेवाओं की राजनीति नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाओं की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सेवाओं के क्षेत्र में अभूतपूर्व विस्तार कर लोगों की सोच और प्रदेश की छवि दोनों को बदलने का कार्य किया है।

    मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि “पहले की सरकारों ने हर जिले में माफिया पैदा किए, जबकि वर्तमान सरकार हर जिले में मेडिकल कॉलेज की सुविधा उपलब्ध करा रही है।” उन्होंने कहा कि प्रदेश में विश्वसनीय और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना अस्पतालों और चिकित्सकों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।

    उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को बेहतर, सुलभ और भरोसेमंद स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, जिसके लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।

    महत्वपूर्ण बिंदु (Highlights):

    ✅ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एस्ट्रोमेडिक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल का उद्घाटन किया।
    ✅ रवि किशन के “फ्री इलाज” वाले सवाल पर सीएम ने हास्यपूर्ण अंदाज में जवाब दिया।
    ✅ सीएम ने कहा कि प्रदेश को मुफ्त नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की आवश्यकता है।
    ✅ वर्ष 2017 के बाद स्वास्थ्य सेवाओं में हुए सुधारों का उल्लेख किया।
    ✅ पूर्व सरकारों और वर्तमान सरकार की कार्यशैली का अंतर बताया।
    ✅ हर जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की नीति को सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया।
    ✅ अस्पतालों और डॉक्टरों की जिम्मेदारी को रेखांकित किया।

  • मारवाड़ी महिला सेवा समिति की ‘शीतल जल सेवा’ पहल, निर्जला एकादशी पर राहगीरों को बांटा शीतल जल

    मारवाड़ी महिला सेवा समिति की ‘शीतल जल सेवा’ पहल, निर्जला एकादशी पर राहगीरों को बांटा शीतल जल

    गोरखपुर ब्यूरो निष्पक्ष टुडे

    समाजसेवा के संकल्प के साथ महिलाओं ने संभाली जिम्मेदारी, सैकड़ों लोगों को गर्मी से दिलाई राहत

    गोरखपुर, 25 जून। सामाजिक सरोकारों और जनसेवा के उद्देश्य से कार्यरत मारवाड़ी महिला सेवा समिति, गोरखपुर द्वारा निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर ‘शीतल जल सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत भीषण गर्मी में राहगीरों, श्रमिकों, वाहन चालकों एवं आम नागरिकों को शीतल जल वितरित कर सेवा भावना का परिचय दिया गया।

    मारवाड़ी महिला सेवा समिति की स्थापना 23 अप्रैल 2022 को समाज की महिलाओं की समस्याओं एवं सामाजिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए की गई थी। समिति का गठन मारवाड़ी सेवा समिति के प्रबुद्धजनों के मार्गदर्शन में हुआ। वर्तमान में समिति से लगभग 200 महिला सदस्य जुड़ी हुई हैं, जो विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं सेवा कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।

    कार्यक्रम के दौरान सुमन छापरिया और समिति की महिलाओं ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए आने-जाने वाले लोगों को शीतल जल उपलब्ध कराया। उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि भीषण गर्मी के बीच इस प्रकार की सेवा वास्तव में मानवता की मिसाल है।

    समिति की अध्यक्ष संगीता सिंघानिया एवं सचिव नीलम श्याम ने बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य समाज के उस अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना है, जो किसी भी प्रकार की परेशानी या आवश्यकता से जूझ रहा हो। इसी सोच के साथ समिति समय-समय पर सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन करती रहती है।

    कार्यक्रम में समिति की अनेक महिला सदस्य उपस्थित रहीं और सेवा कार्य में सक्रिय सहयोग दिया।

    आयोजन का वातावरण सेवा, समर्पण और सामाजिक एकता की भावना से ओत-प्रोत रहा।

    मुख्य बिंदु :-

    • निर्जला एकादशी पर आयोजित हुई ‘शीतल जल सेवा’

    • राहगीरों और जरूरतमंदों को वितरित किया गया शीतल जल

    • 23 अप्रैल 2022 को हुई थी समिति की स्थापना

    • लगभग 200 महिला सदस्य सामाजिक कार्यों में सक्रिय

    • समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना है संस्था का उद्देश्य

    • अध्यक्ष संगीता सिंघानिया एवं सचिव नीलम श्याम के नेतृत्व में हुआ आयोजन

  • 85 लाख रुपये का 162 किलो गांजा बरामद, अंतरजनपदीय तस्करी गिरोह पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

    85 लाख रुपये का 162 किलो गांजा बरामद, अंतरजनपदीय तस्करी गिरोह पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

    सिद्धार्थनगर ब्यूरो निष्पक्ष टुडे :-

    सीओ बांसी सुबेंदु सिंह के पर्यवेक्षण में शिवनगर डिड़ई पुलिस को सफलता, एक तस्कर गिरफ्तार, तीन फरार

    सिद्धार्थनगर, 24 जून। जनपद सिद्धार्थनगर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना शिवनगर डिड़ई पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए लगभग 85 लाख रुपये मूल्य का 162 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसके तीन साथी मौके से फरार हो गए।

    वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी बांसी सुबेंदु सिंह के प्रभावी पर्यवेक्षण में अपराध नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना प्रभारी बृजेश सिंह अपनी टीम के साथ बेलगड़ी टोल प्लाजा के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रहे थे।

    चेकिंग के दौरान शौचालय के पास रखे पांच प्लास्टिक के बोरों के निकट चार व्यक्ति खड़े दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखकर तीन लोग फरार हो गए, जबकि एक व्यक्ति को मौके पर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम श्याम उर्फ श्यामू दीक्षित निवासी फर्रुखाबाद बताया।

    तलाशी लेने पर पांच बोरों में रखे 28 बंडलों से कुल 162 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 85 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार तस्कर इस खेप को बस के माध्यम से नोएडा ले जाने की तैयारी में थे।

    गिरफ्तार अभियुक्त ने पूछताछ में अपने फरार साथियों की पहचान पिन्टू चौरसिया, सूर्य प्रकाश चौरसिया तथा अमन के रूप में की है। पुलिस ने इस संबंध में थाना शिवनगर डिड़ई पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

    सुबेंदु सिंह की निगरानी में तस्करी नेटवर्क पर प्रहार

    क्षेत्राधिकारी बांसी सुबेंदु सिंह के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। पुलिस अब फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

    गिरफ्तारी करने वाली टीम :-

    थानाध्यक्ष बृजेश सिंह, उपनिरीक्षक राजीव जी भट्ट, मुख्य आरक्षी जितेंद्र गौतम, मुख्य आरक्षी सुशील राय, आरक्षी सौरभ सिंह तथा आरक्षी अजय कुमार यादव की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

    हाइलाइट्स :-

    -162 किलो अवैध गांजा बरामद
    -कीमत लगभग ₹85 लाख
    -एक तस्कर गिरफ्तार, तीन फरार
    -सीओ सुबेंदु सिंह के पर्यवेक्षण में कार्रवाई
    -नोएडा भेजी जानी थी गांजे की खेप
    -एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज।

  • सरसावा एयरपोर्ट पर डीएम का निरीक्षण, नागरिक उड़ानों की तैयारियों का लिया जायजा

    सरसावा एयरपोर्ट पर डीएम का निरीक्षण, नागरिक उड़ानों की तैयारियों का लिया जायजा

    सहारनपुर ब्यूरो निष्पक्ष टुडे :-

    सुरक्षा व्यवस्था, यात्री सुविधाओं और बुनियादी ढांचे की समीक्षा; अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

    सहारनपुर, 20 जून 2026। जिलाधिकारी सहारनपुर श्री अरविंद कुमार चौहान ने शनिवार को सरसावा एयरपोर्ट (सिविल एन्क्लेव) परिसर का भ्रमण एवं निरीक्षण कर नागरिक उड़ानों के संचालन से संबंधित तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, बुनियादी ढांचे एवं यात्रियों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की बिंदुवार समीक्षा की।

    जिलाधिकारी ने नवनिर्मित टर्मिनल भवन का निरीक्षण करते हुए वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने सुरक्षा चेक-इन काउंटर, आगमन एवं प्रस्थान हॉल तथा सुरक्षा जांच क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से संचालन संबंधी तैयारियों की जानकारी प्राप्त की।

    निरीक्षण के दौरान डीएम ने एयरपोर्ट पर यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं, सुरक्षा मानकों तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

    उन्होंने कहा कि नागरिक उड़ानों के संचालन के दौरान यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता होगी।

    प्रमुख बिंदु :-

  • रिश्तों का कत्ल: 16 साल के किशोर पर तीन हत्याओं का आरोप, सोते परिवार पर किया गया जानलेवा हमला

    रिश्तों का कत्ल: 16 साल के किशोर पर तीन हत्याओं का आरोप, सोते परिवार पर किया गया जानलेवा हमला

    सूर्य प्रकाश ओझा गोरखपुर ,निष्पक्ष टुडे :-

    गोरखपुर में एक ही घर से उठीं तीन अर्थियां; बड़े भाई, भाभी और 3 साल के मासूम की मौत से गांव स्तब्ध

    गोरखपुर। बांसगांव थाना क्षेत्र के बलुआ गांव में सोमवार तड़के हुई एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। आरोप है कि एक 16 वर्षीय किशोर ने अपने ही बड़े भाई, भाभी और तीन वर्षीय भतीजे पर उस समय धारदार हथियार से हमला कर दिया, जब वे गहरी नींद में थे। घटना में तीनों की मौत हो गई।

    परिजनों की चीख-पुकार और सूचना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

    माता-पिता की आंखों के सामने बिखर गया परिवार
    बताया जा रहा है कि दूसरे कमरे में सो रहे माता-पिता चीख सुनकर पहुंचे तो घर का भयावह दृश्य देखकर सन्न रह गए। उनके सामने बेटा, बहू और मासूम पोता खून से लथपथ पड़े थे। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

    छत के कमरे से हिरासत में लिया गया आरोपी

    सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी किशोर को घर की छत पर बने कमरे से हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार उसके पास से खून से सना हथियार भी बरामद किया गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।

    क्या दुकान का विवाद बना तिहरे हत्याकांड की वजह?

    प्रारंभिक जांच में परिवार के व्यवसाय और दुकान से जुड़े विवाद की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।

    🔴 बड़ी बातें (Big Highlights)

    ⚠️ एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
    ⚠️ 16 वर्षीय किशोर पर हत्या का आरोप
    ⚠️ बड़े भाई, भाभी और 3 साल के मासूम की गई जान
    ⚠️ तड़के 3 बजे हुई वारदात से गांव में दहशत
    ⚠️ छत के कमरे से हिरासत में लिया गया आरोपी
    ⚠️ दुकान विवाद की एंगल से जांच
    ⚠️ पूरे क्षेत्र में शोक और चर्चा का माहौल