“हाता परिवार पर हुए हर जुल्म का हिसाब लेगी कांग्रेसः अजय राय”
“भारतीय राजनीति के पुरोधा थे पं.हरिशंकर तिवारीः माता प्रसाद पांडेय”
ब्यूरो प्रभारी —-विनय तिवारी
बडहलगंज/गोरखपुर(निष्पक्ष टुडे): बड़हलगंज:स्व. पं. हरिशंकर तिवारी विकास परक सोच के व्यक्तित्व थे। उन्होंने अपने विचारों से कभी भी समझौता नहीं किया। सत्ता में आकर उन्होंने चिल्लूपार ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश के लोगों, किसानों और नौजवानों की भलाई के लिए काम किया। इसीलिए उनके संस्मरण और आदर्श को हम सभी धरोहर के रूप में अपने दिलों में संजोए हुए हैं। यह विचार शुक्रवार को बड़हलगंज में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने व्यक्त किया।
नेशनल इंटरमीडिएट कालेज बड़हलगंज के प्रांगण में शुक्रवार को दिवंगत पूर्व मंत्री पं.हरिशंकर तिवारी की द्वितीय पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उमड़े हजारों की भीड़ को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहाकि आज प्रदेश की भाजपा सरकार जातीय विद्वेष फैला रही है। खासकर ब्राह्मण उत्पीड़न जोरों पर है। ब्राह्मण ही समाज में शांतिपूर्ण क्रांतिकारी परिवर्तन ला सकता है लेकिन ब्राह्मण शांत क्यों है? उन्होंने कहाकि सेना पर आरोप लगाने वाले मंत्रिमंडल में हैं और जनहित का कार्य करने वाले जेल में हैं। मैं विश्वास दिलाता हूं कि समूची कांग्रेस पार्टी व कार्यकर्ता हाता परिवार के हर सुख व दुख में भागीदार रहेंगे। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने कहा कि विकास और पं. हरिशंकर तिवारी एक दूसरे के पूरक रहे। अपने नाम के अनुरूप उन्होंने सदैव देश व समाज के उत्थान का कार्य किया। शिक्षा के क्षेत्र में उनके किए गए कार्य मील का पत्थर साबित हुए। सौम्यता की प्रतिमूर्ति स्व. तिवारी अन्याय को भी बर्दाश्त नही किए। पूर्व मंत्री राधेश्याम सिंह ने कहाकि स्व. तिवारीजी का व्यक्तित्व जितना ही बड़ा था, स्वभाव उतना ही सरल था। जिससे आम आदमी की परेशानियों को सहजता से अनुभूत कर लेते थे।सिद्धार्थ विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रोफेसर रजनीकांत पाण्डेय ने कहा कि पण्डित हरिशंकर तिवारी बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी थे। चिल्लूपार ही नहीं वरन पूरे पूर्वांचल को पिछड़ा कहा जाता था। पण्डित जी ने इस क्षेत्र के माथे पर लगे पिछड़ेपन के कलंक को मिटाया। फरेंदा विधायक वीरेंद्र चौधरी ने कहा कि पं.तिवारी की सोच थी कि क्षेत्र का विकास उसके शैक्षिक, तकनीकी पिछड़ेपन को दूर करने के साथ किसान व स्वास्थ्य सुविधाएं मजबूत हों। एक मजबूत राजनीतिक नेतृत्व को सबसे पहले इसी पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। इसीलिए पण्डित हरिशंकर तिवारी ने पढ़ाई,दवाई, सिंचाई के साथ परिवहन व्यवस्था को काफी मजबूत किया। पूर्व मंत्री पवन पांडेय ने कहा कि पं हरिशंकर तिवारी ने पूरे क्षेत्र में सड़कों, अस्पतालों, नलकूपों और विद्यालयों का जाल बिछाया। उनके पद चिन्हों पर चल कर ब्राह्मण समाज भाजपा को सत्ता से हटाने का काम करेगा। कार्यक्रम को पूर्व सभापति विधान परिषद गणेश शंकर पाण्डेय, विधायक सगड़ी डा. एचएन सिंह पटेल, सपा जिलाध्यक्ष ब्रजेश गौतम, पूर्व विधायक डा मोहसिन खान, रामदरश विद्यार्थी, पूर्व सपा जिलाध्यक्ष अवधेश यादव, पूर्व विधायक स्वामीनाथ यादव, डा मनोज यादव व प्रेम शंकर मिश्र एडवोकेट ने भी संबोधित किया। पूर्व सांसद भीष्मशंकर तिवारी, ईशान शंकर तिवारी, कंदर्प शंकर तिवारी व सात्विक शंकर तिवारी ने आभार व्यक्त किया। संचालन डा राकेश पांडेय ने किया।इसके पूर्व सभा में आए उनके हजारों समर्थकों ने अपने प्रिय नेता दिवंगत पं. हरिशंकर तिवारी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
Leave a Reply