अमित बघेल पर दर्ज करें एफआइआर, सिंधी समाज ने दी तहरीर, सिंधी सभा के अध्यक्ष राजेश नेभानी के नेतृत्व में एसपी सिटी से मिले लोग

“समाज के ईष्ट देव के खिलाफ अमित बघेल ने की है अपमानजनक टिप्पणी”

गोरखपुर। समाज के ईष्ट देव के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने वाले छत्तीसगढ़ के अमित बघेल के खिलाफ सिंधी समाज ने एफआइआर दर्ज कराने की मांग की है। सोमवार को सिंधी सभा के अध्यक्ष राजेश नेभानी के नेतृत्व में पहुंचे समाज के लोगों ने एसपी सिटी अभिनव त्यागी से मुलाकात की और तहरीर दी। अनुरोध किया कि तत्काल एफआइआर दर्ज कर अमित बघेल को गिरफ्तार किया जाए। अमित बघेल ने सिंधी समाज को पाकिस्तानी भी कहा है। वह छत्तीसगढ़ में क्रांतिकारी सेना संगठन का प्रमुख है।
राजेश नेभानी ने एसपी सिटी को बताया कि पूरे देश के समाज के लोग आंदोलित हैं। जगह-जगह प्रदर्शन हो रहे हैं। गोरखपुर में भी सिंधी समाज में बहुत नाराजगी है। अमित बघेल की गिरफ्तारी के बाद ही समाज के लोगों को राहत मिलेगी। अमित बघेल द्वारा दिया गया बयान न सिर्फ धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाता है वरन समाज में जातीय वैमनस्य और सांप्रदायिक तनाव फैलाने का प्रयास भी कर रहा है। सिंधी समाज देश के विकास में अहम योगदान दे रहा है। समाज के लोगों को पाकिस्तानी कहा गया। हमने पाकिस्तान न जाने कब का छोड़ दिया और भारत माता के लिए समर्पित हो चुके हैं। हमारे आराध्य और समाज पर टिप्पणी हम कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे। इस दौरान दंत चिकित्सक डा राकेश संतानी, अमित केशवानी भी मौजूद रहे।

एसपी सिटी ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *