गगहा थाना क्षेत्र के नरौहा गांव में चली गोली, युवक की हालत गंभीर

गगहा थाना क्षेत्र के नरौहा गांव में चली गोली, युवक की हालत गंभीर

गगहा, गोरखपुर। बांसगांव

जनपद गोरखपुर के गगहा थाना क्षेत्र के नरौहा गांव में रविवार शाम आपसी विवाद के चलते एक युवक को गोली मार दी गई। घटना रकहट नरौहा के बीच पुलिया के पास लगभग शाम 5 बजे की बताई जा रही है। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार नरौहा गांव के आनंद गौड़ और पवन गौड़ के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी। रविवार को किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जिसके बाद स्थिति बिगड़ गई। आरोप है कि आनंद ने पिस्टल निकालकर पवन पर फायर कर दिया। गोली पवन की पीठ में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही गगहा थाना प्रभारी अंजुल चतुर्वेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को गगहा सीएचसी भेजा। वहां से हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक यह मामला आशनाई से जुड़ा बताया जा रहा है। गगहा पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *