महायोगी गोरखनाथ विवि के तृतीय स्थापना दिवस का मुख्य समारोह 28 को

महायोगी गोरखनाथ विवि के तृतीय स्थापना दिवस का मुख्य समारोह 28 को
यूजीसी के पूर्व चेयरमैन प्रो. डीपी सिंह होंगे समारोप समारोह के मुख्य अतिथि
गोरखपुर, 26 अगस्त। स्थापना के महज तीन सालों में शिक्षा के क्षेत्र में अनेक उपलब्धियों को संजोने वाले महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय के तृतीय स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 22 अगस्त से जारी साप्ताहिक समारोह का समापन 28 अगस्त को होगा। समारोप समारोह के मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के पूर्व चेयरमैन प्रो. डीपी सिंह होंगे। जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में भारत सरकार के पूर्व औषधि महानियंत्रक डॉ. जीएन सिंह, बिरला ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स के डायरेक्टर डॉ. संजय माहेश्वरी, ख्याति प्राप्त सर्जन डॉ. रेखा माहेश्वरी और जेएसएस हॉस्पिटल मैसूर के पूर्व निदेशक कर्नल डॉ. आरके चतुर्वेदी की सहभागिता रहेगी। मुख्य समारोह की अध्यक्षता महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के अध्यक्ष एवं महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय के प्रति कुलाधिपति प्रो. यूपी सिंह करेंगे।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. प्रदीप कुमार राव ने बताया कि विश्वविद्यालय स्थापना दिवस के मुख्य समारोह में सप्ताह भर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं समेत अलग अलग कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 101 विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किया जाएगा। स्थापना दिवस के साप्ताहिक कार्यक्रम 22 अगस्त से जारी हैं। इसमें विभिन्न प्रतियोगिताओं के आयोजन के साथ ही युगपुरुष ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ जी महाराज एवं राष्ट्रसंत ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ जी महाराज की स्मृति व्याख्यानमाला भी जारी है। उल्लेखनीय है कि महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के तहत संचालित इस विश्वविद्यालय के कुलाधिपति गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हैं। इस विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रावधानों के अनुरूप खुद को उच्च शिक्षा के अग्रणी केंद्र के रूप में स्थापित किया है। यहां नर्सिंग, पैरामेडिकल, फार्मेसी जैसे महत्वपूर्ण पाठ्यक्रमों के साथ बीएएमएस की पढ़ाई स्थापना के पहले ही साल से हो रही है। इस वर्ष विश्वविद्यालय के मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की भी मान्यता मिल चुकी है और शीघ्र ही प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण कर कक्षाएं शुरू हो जाएंगी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *