सीएम योगी ने महायोगी गोरखनाथ विवि को भेंट की संविधान की मूल प्रति

सीएम योगी ने महायोगी गोरखनाथ विवि को भेंट की संविधान की मूल प्रति,

विश्वविद्यालय की लाइब्रेरी के लिए कुलपति और कुलसचिव को सौंपी प्रति,

गोरखपुर, 2 जनवरी। मुख्यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने गुरुवार को महायोगी गोरखनाथ विश्‍वविद्यालय की लाइब्रेरी के लिए भारतीय संविधान की मूल प्रति भेंट की। गोरखनाथ मंदिर के आवासीय परिसर के हाल में उन्‍होंने अपने हाथों से यह प्रति महायोगी गोरखनाथ विश्‍वविद्यालय के कुलपति डॉ. सुरिंदर सिंह और कुलसचिव डॉ. प्रदीप कुमार राव को सौंपी।

मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ इस विश्‍वविद्यालय के कुलाधिपति भी हैं। कुलसचिव डॉ. प्रदीप कुमार राव ने बताया कि भारतीय संविधान की इस मूल प्रति को विश्‍वविद्यालय की लाइब्रेरी में रखा जाएगा। महायोगी गोरखनाथ विश्‍वविद्यालय के पास हजारों विश्‍वस्‍तरीय पुस्‍तकों से युक्‍त अत्‍यंत समृद्ध लाइब्रेरी है। गोरखनाथ विश्‍ववि़द्यालय एलोपैथी, नर्सिंग और आयुर्वेद की उत्‍कृष्‍ट शिक्षा देने के साथ ही विद्यार्थियों को समाज और राष्‍ट्र के सरोकारों से भी जोड़ने के लिए निरंतर प्रयत्‍नशील है। विश्‍वविद्यालय ने पिछले साल लोकसभा चुनाव से पहले 18 वर्ष के हो चुके युवाओं को मतदाता बनाने का विशेष अभियान चलाया था। इसके तहत विश्‍वविद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं ने मतदाता के रूप में स्‍वयं को पंजीकृत कराया और चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग भी किया।

महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद से संचालित महायोगी गोरखनाथ विश्‍वविद्यालय में इस सत्र से एमबीबीएस पाठ्यक्रम की भी पढ़ाई हो रही है। नेशनल मेडिकल कमीशन ने महायोगी गोरखनाथ विश्‍वविद्यायल को एमबीबीएस की सौ सीटों की मान्‍यता दी है। पिछले साल के अंतिम महीने यानी दिसम्‍बर 2024 में गोरखनाथ विश्‍वविद्यालय के मेडिकल कॉलेज ने एम्‍स भोपाल और एम्‍स गोरखपुर से साझेदारी के आधार पर लाइव आइसीयू सेवाएं प्रदान करने का समझौता किया है। उल्लेखनीय है कि 28 अगस्त 2021 को तत्‍कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और कई अन्य स्थानीय राजनेताओं की मौजूदगी में गोरखनाथ विश्वविद्यालय का उद्घाटन किया था। तबसे यह विश्‍वविद्यालय निरंतर अभिनव प्रयोगों और राष्‍ट्रीय- अंतरराष्‍ट्रीय संस्‍थाओं से सम्‍बन्‍ध स्‍थापित करते हुए वैश्विक मानकों पर नित्‍य नई उपलब्धियां अर्जित कर रहा है।

गुरुवार को मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ के हाथों भारतीय संविधान की मूल प्रति प्राप्‍त करने के समय महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य राम जन्‍म सिंह, दिग्विजयनाथ डिग्री कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ.शैलेंद्र प्रताप सिंह सहित महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के अन्‍य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *