धर्म, सेवा और ज्योतिष के पुरोधा बाबा शक्ति नाथ जी को भावभीनी श्रद्धांजलि

गोरखपुर ब्यूरो निष्पक्ष टुडे :-

समाजसेवा, ज्योतिष विद्या और धार्मिक कार्यों के लिए सदैव याद किए जाएंगे बाबा शक्ति नाथ जी

गोरखपुर, 20 जून। जनप्रिय विहार कॉलोनी, हुमायूंपुर उत्तरी के प्रतिष्ठित समाजसेवी, ज्योतिषाचार्य एवं श्री श्री प्राचीन शिव मंदिर सेवा समिति के संरक्षक बाबा शक्ति नाथ जी के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। उनके निधन पर शनिवार सायंकाल शिव मंदिर प्रांगण में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में कॉलोनी वासियों एवं शुभचिंतकों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम श्रद्धासुमन अर्पित किए।

श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने बाबा शक्ति नाथ जी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने अपना सम्पूर्ण जीवन समाज सेवा, धर्म प्रचार एवं जनकल्याण के कार्यों को समर्पित कर दिया था। वे न केवल एक सम्मानित धार्मिक व्यक्तित्व थे, बल्कि ज्योतिष विद्या के ऐसे विद्वान थे जिन्होंने अपने ज्ञान और अनुभव से प्रदेश सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों के हजारों लोगों का मार्गदर्शन किया।

सभा में उपस्थित लोगों ने कहा कि बाबा जी का सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व और समाज के प्रति समर्पण उन्हें अन्य लोगों से अलग पहचान दिलाता था। उन्होंने सदैव लोगों को सकारात्मक सोच, धार्मिक आस्था और मानवीय मूल्यों के प्रति प्रेरित किया। उनके निधन से समाज ने एक ऐसे मार्गदर्शक को खो दिया है जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है।

श्रद्धांजलि सभा के दौरान उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा ईश्वर से शोक संतप्त परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से नंदेश्वर त्रिपाठी, उमाशंकर पांडेय, ओम प्रकाश श्रीवास्तव, राधेश्याम सिंह, कृष्ण कुमार पाण्डेय, विजय सिंह, अनुराग त्रिपाठी, देवेंद्र मिश्रा, जय प्रकाश ओझा, नागेन्द्र चौबे, राजू सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *