Tag: #44UPBNNCC
-

एनडीआरएफ ने एनसीसी कैडेट्स को सिखाए आपदा प्रबंधन के गुर *आपातकाल में बचाव और राहत का दिया व्यावहारिक प्रशिक्षण।* संवाददाता – एस.पी. सिंह सहजनवा, (गोरखपुर)। 44वीं यूपी बटालियन एनसीसी द्वारा भोलाराम मस्करा इंटर कॉलेज, सहजनवा में आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर-157 के नौवें दिन कैडेट्स को आपदा प्रबंधन एवं राहत कार्यों का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। 11वीं एनडीआरएफ की विशेषज्ञ टीम ने एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से कैडेट्स को प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के दौरान स्वयं तथा अन्य लोगों की सुरक्षित ढंग से सहायता एवं बचाव करने के प्रभावी तरीके सिखाए। कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल रमन तिवारी के अनुरोध पर, एनडीआरएफ के उपमहानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में निरीक्षक दीपक कुमार मंडल एवं उनकी टीम ने प्रशिक्षण का संचालन किया। विशेषज्ञों ने कैडेट्स को बताया कि किसी भी आपदा की स्थिति में घबराने के बजाय धैर्य, सूझबूझ और सही तकनीक के साथ कार्य करना सबसे महत्वपूर्ण होता है। प्रशिक्षण के दौरान कैडेट्स को प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड), ट्रॉमा मैनेजमेंट, हृदयाघात (हार्ट अटैक) की स्थिति में सीपीआर देने की सही विधि, बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं के दौरान बचाव एवं राहत कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों ने व्यावहारिक प्रदर्शन के माध्यम से यह भी बताया कि सीमित संसाधनों और घरेलू उपयोग की वस्तुओं से किस प्रकार अस्थायी बचाव उपकरण एवं स्ट्रेचर तैयार कर घायल व्यक्तियों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया जा सकता है। एनडीआरएफ की टीम ने कैडेट्स को आपदा के समय त्वरित निर्णय लेने, टीम भावना के साथ कार्य करने तथा विपरीत परिस्थितियों में भी हिम्मत न हारने का संदेश दिया। प्रशिक्षण के दौरान कैडेट्स ने पूरे उत्साह के साथ विभिन्न बचाव तकनीकों का अभ्यास किया और विशेषज्ञों से अपने प्रश्नों के उत्तर भी प्राप्त किए। कार्यक्रम के समापन पर कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल रमन तिवारी ने 11वीं एनडीआरएफ की टीम के उत्कृष्ट प्रशिक्षण एवं सराहनीय योगदान के लिए स्मृति-चिह्न (मोमेंटो) भेंट कर उन्हें सम्मानित किया तथा कैडेट्स के लिए इस प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी और जीवनोपयोगी बताया।
आपातकाल में बचाव और राहत का दिया व्यावहारिक प्रशिक्षण।
संवाददाता – एस.पी. सिंह
सहजनवा, (गोरखपुर)।
44वीं यूपी बटालियन एनसीसी द्वारा भोलाराम मस्करा इंटर कॉलेज, सहजनवा में आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर-157 के नौवें दिन कैडेट्स को आपदा प्रबंधन एवं राहत कार्यों का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। 11वीं एनडीआरएफ की विशेषज्ञ टीम ने एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से कैडेट्स को प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के दौरान स्वयं तथा अन्य लोगों की सुरक्षित ढंग से सहायता एवं बचाव करने के प्रभावी तरीके सिखाए।
कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल रमन तिवारी के अनुरोध पर, एनडीआरएफ के उपमहानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में निरीक्षक दीपक कुमार मंडल एवं उनकी टीम ने प्रशिक्षण का संचालन किया। विशेषज्ञों ने कैडेट्स को बताया कि किसी भी आपदा की स्थिति में घबराने के बजाय धैर्य, सूझबूझ और सही तकनीक के साथ कार्य करना सबसे महत्वपूर्ण होता है।
प्रशिक्षण के दौरान कैडेट्स को प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड), ट्रॉमा मैनेजमेंट, हृदयाघात (हार्ट अटैक) की स्थिति में सीपीआर देने की सही विधि, बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं के दौरान बचाव एवं राहत कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों ने व्यावहारिक प्रदर्शन के माध्यम से यह भी बताया कि सीमित संसाधनों और घरेलू उपयोग की वस्तुओं से किस प्रकार अस्थायी बचाव उपकरण एवं स्ट्रेचर तैयार कर घायल व्यक्तियों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया जा सकता है।
एनडीआरएफ की टीम ने कैडेट्स को आपदा के समय त्वरित निर्णय लेने, टीम भावना के साथ कार्य करने तथा विपरीत परिस्थितियों में भी हिम्मत न हारने का संदेश दिया। प्रशिक्षण के दौरान कैडेट्स ने पूरे उत्साह के साथ विभिन्न बचाव तकनीकों का अभ्यास किया और विशेषज्ञों से अपने प्रश्नों के उत्तर भी प्राप्त किए।
कार्यक्रम के समापन पर कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल रमन तिवारी ने 11वीं एनडीआरएफ की टीम के उत्कृष्ट प्रशिक्षण एवं सराहनीय योगदान के लिए स्मृति-चिह्न (मोमेंटो) भेंट कर उन्हें सम्मानित किया तथा कैडेट्स के लिए इस प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी और जीवनोपयोगी बताया।
-

एनसीसी कैडेट्स में जोश भर गए ग्रुप कमांडर, संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का किया निरीक्षण
संवाददाता – एस.पी. सिंह
सहजनवा, (गोरखपुर)।
भोलाराम मस्कारा इंटर कॉलेज, सहजनवा में 44वीं यूपी बटालियन एनसीसी द्वारा आयोजित दस दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर – 157 का बुधवार को एनसीसी गोरखपुर ग्रुप के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर परिमल भारती ने निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में संचालित विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों का अवलोकन करते हुए कैडेट्स का उत्साहवर्धन किया और उनके अनुशासन तथा प्रशिक्षण व्यवस्था की सराहना की।
निरीक्षण के दौरान ग्रुप कमांडर ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि एनसीसी युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है।
ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर परिमल भारती का स्वागत एवं अगवानी कमांडिंग ऑफिसर ले० कर्नल रमन तिवारी ने किया। इसके बाद उन्होंने शिविर में तैनात अधिकारियों, पीआई स्टाफ तथा सिविल स्टाफ से मुलाकात कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
अपने संबोधन में ब्रिगेडियर भारती ने कहा कि प्रत्येक नागरिक के जीवन में ‘एकता और अनुशासन’ का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि एनसीसी में प्राप्त प्रशिक्षण युवाओं को जिम्मेदार नागरिक और सक्षम नेतृत्वकर्ता बनने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
निरीक्षण के दौरान ग्रुप कमांडर ने मेस, मेडिकल रूम, कैडेट्स लिविंग एरिया, पीआई रूम सहित अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वही इस अवसर पर कैंप के दौरान हुए विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम आए हुए कैडेट्स को ग्रुप कमांडर ने मेडल पहना कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर डिप्टी कैंप कमांडेंट चीफ ऑफिसर अनिल गुप्ता, कैंप एडजुटेंट ले० प्रभाकर शाही, फर्स्ट ऑफिसर भारत सिंह, ले० अरुण यादव, ले० वंदिता त्रिपाठी, सेकेंड ऑफिसर सूर्य प्रताप सिंह, सूबेदार मेजर एम.एल. अब्राहम, जीसीआई आकांक्षा मौर्या, सीटीओ नीला चटर्जी सहित सभी पीआई स्टाफ एवं एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे।
-

शिविर में कैडेट्स ने सीखे फायर फाइटिंग के गुण, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भी मिली जानकारी
संवाददाता – एस.पी. सिंह
सहजनवा, (गोरखपुर)।
44 यूपी बटालियन एनसीसी द्वारा भोलाराम मस्कारा इंटर कॉलेज, सहजनवा में आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में कैडेट्स को अग्नि सुरक्षा एवं आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी गई।
कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल रमन तिवारी के नेतृत्व में चल रहे शिविर में गीडा फायर स्टेशन से आए अग्निशमन अधिकारी सरोज कुमार सिंह, फायरमैन शैलेंद्र कुमार यादव एवं उनकी टीम ने कैडेट्स को फायर फाइटिंग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने आग लगने की स्थिति में तत्काल 101 नंबर पर सूचना देने, आग के प्रकारों तथा उन्हें बुझाने के उचित तरीकों की जानकारी दी। साथ ही फायर फाइटिंग का लाइव डेमो भी प्रस्तुत किया गया।
वहीं, एनआईआईटी फाउंडेशन के अवनीश श्रीवास्तव, नीरज सिंह एवं पंकज पाठक ने कैडेट्स को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के महत्व, वर्तमान उपयोग और भविष्य की संभावनाओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि एआई शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और उद्योग सहित विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से उपयोग में लाई जा रही है।
कार्यक्रम के अंत में कैंप कमांडेंट ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा कैडेट्स को प्राप्त ज्ञान का उपयोग जीवन में करने के लिए प्रेरित किया।
-

संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में कैडेट्स को मिला यातायात सुरक्षा व साइबर सिक्योरिटी का प्रशिक्षण
संवाददाता – एस.पी. सिंह
सहजनवा, (गोरखपुर)।
44 यूपी बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में भोलाराम इंटर कॉलेज, सहजनवा में आयोजित दस दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (CATC-157) के चौथे दिन कैडेट्स को यातायात नियमों एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। शिविर का संचालन कैंप कमांडेंट ले० कर्नल रमन तिवारी के नेतृत्व में किया जा रहा है।
व्याख्यान सत्र में प्रदेशभर में अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली के लिए पहचान रखने वाले टी.एस.आई. राम वृक्ष यादव ने कैडेट्स को यातायात संबंधी महत्वपूर्ण नियमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सड़क पर थोड़ी सी सावधानी बरतकर न केवल स्वयं को बल्कि अन्य लोगों को भी दुर्घटनाओं से बचाया जा सकता है। उन्होंने कैडेट्स से यातायात नियमों का पालन करने तथा समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
इसके पश्चात एनआईआईटी फाउंडेशन टीम से आए साइबर विशेषज्ञ अवनीश श्रीवास्तव, नीरज सिंह व पंकज पाठक ने कैडेट्स को साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया सुरक्षा, मजबूत पासवर्ड के उपयोग तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सतर्क रहने के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला। विशेषज्ञों ने बताया कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता और सतर्कता अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के अंत में कैंप कमांडेंट ने दोनों अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा कैडेट्स को प्राप्त ज्ञान को अपने दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
-

संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर–157 में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर गूंजा ‘योग से निरोग’ का संदेश
संवाददाता – एस.पी. सिंह
सहजनवां, गोरखपुर।
44 यूपी बटालियन एनसीसी द्वारा भोलाराम मस्कारा इंटर कॉलेज, सहजनवा में आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर–157 के अंतर्गत शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह एवं अनुशासन के साथ मनाया गया। योग कार्यक्रम मगर स्थित कबीर मठ परिसर में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स, अधिकारीगण एवं स्टाफ सदस्यों ने सहभागिता की।
प्रातःकाल आयोजित योग सत्र में कैडेट्स ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान क्रियाओं का अभ्यास कर शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। योग सत्र का संचालन प्रशिक्षित योगाचार्य राम मोहन पाल एवं सविता राय ने किया। उन्होंने योग के वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक लाभों की जानकारी देते हुए नियमित योगाभ्यास के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर शिविर कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल रमन तिवारी ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं गौरवशाली सांस्कृतिक धरोहर है, जो स्वस्थ, संतुलित एवं अनुशासित जीवन का आधार है। उन्होंने सभी कैडेट्स से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन पर लेफ्टिनेंट कर्नल रमन तिवारी ने योगाचार्य राम मोहन पाल एवं सविता राय को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। योग दिवस का यह आयोजन कैडेट्स में स्वास्थ्य, अनुशासन एवं सकारात्मक जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने में प्रेरणादायी सिद्ध हुआ।
इस अवसर पर लेफ्टिनेंट प्रभाकर शाही, चीफ ऑफिसर अनिल गुप्ता, फर्स्ट ऑफिसर भारत सिंह, सेकंड ऑफिसर सूर्य प्रताप सिंह, लेफ्टिनेंट अरुण यादव, लेफ्टिनेंट वंदिता त्रिपाठी, सूबेदार मेजर एम.एल. अब्राहम सूबेदार कवराज भाटी, जीसीआई आकांक्षा मौर्या, सीटीओ नीला चैटर्जी सहित पी.आई. स्टाफ एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
-

सीएटीसी -157 के दूसरे दिन कैडेट्स ने सीखा शस्त्र संचालन व फायरिंग का कौशल
संवाददाता – एस.पी. सिंह
सहजनवा, गोरखपुर।
44 यूपी बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल रमन तिवारी के नेतृत्व में 19 जून से भोलाराम मस्कारा इंटर कॉलेज, सहजनवा में आयोजित दस दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन कैडेट्स को शस्त्र संचालन एवं फायरिंग का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान कैडेट्स में विशेष उत्साह एवं अनुशासन देखने को मिला।
शिविर में कैडेट्स को .22 रायफल के विभिन्न भागों की जानकारी देते हुए उसे खोलने, जोड़ने तथा सुरक्षित एवं सही पोजीशन में फायरिंग करने की तकनीक सिखाई गई। प्रशिक्षकों ने हथियारों के सुरक्षित उपयोग, रखरखाव एवं फायरिंग के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।
शस्त्र एवं फायरिंग प्रशिक्षण के उपरांत एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर्स (ANO) द्वारा विभिन्न लेक्चर पोस्टों पर कैडेट्स को एनसीसी के उद्देश्य, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, व्यक्तित्व विकास तथा राष्ट्र निर्माण में एनसीसी की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत व्याख्यान दिए गए। लेक्चर सत्र का संचालन चीफ ऑफिसर अनिल गुप्ता एवं सेकेंड ऑफिसर सूर्य प्रताप सिंह द्वारा किया गया। साथ ही सेना में ऑफिसर एंट्री कैसे होती है, कब होती है, और एस.एस.बी इंटरव्यू की कैंप कमांडेंट द्वारा कैडेट्स को दी गई।
शिविर में उपस्थित अधिकारियों ने कैडेट्स को प्रशिक्षण के प्रत्येक पहलू को गंभीरता से सीखने तथा अपने व्यक्तित्व एवं नेतृत्व क्षमता के विकास के लिए शिविर का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
-

अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा का पाठ पढ़ेंगे कैडेट, संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर-157 का शुभारंभ
संवाददाता – एस.पी. सिंह
सहजनवा, (गोरखपुर)।
44 यू.पी. बटालियन एन.सी.सी. गोरखपुर के तत्वावधान में भोलाराम मस्करा इंटर कॉलेज, सहजनवा में संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का भव्य शुभारंभ हुआ। दस दिवसीय यह प्रशिक्षण शिविर 19 जून से 28 जून 2026 तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में एन.सी.सी. कैडेट भाग ले रहे हैं।
शिविर के उद्घाटन सत्र में कैडेटों को संबोधित करते हुए कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल रमन तिवारी ने एन.सी.सी. के उद्देश्यों, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण शिविर कैडेटों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व कौशल को निखारने का सशक्त माध्यम है।
वहीं कैंप कमांडेंट ने आगे बताया कि कैडेटों को शिविर के दौरान अपनाई जाने वाली अनुशासनात्मक व्यवस्थाओं एवं आचरण संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी दी। उन्होंने हथियार प्रशिक्षण एवं फायरिंग अभ्यास के दौरान प्राप्त होने वाले व्यावहारिक अनुभवों और उनके महत्व से भी अवगत कराया।
शिविर के दौरान कैडेटों को आत्मरक्षा, शस्त्र प्रशिक्षण, मानचित्र अध्ययन, व्यक्तित्व विकास, सैन्य जीवन की मूलभूत जानकारी, ड्रिल, नेतृत्व विकास एवं राष्ट्र सेवा से संबंधित विभिन्न विषयों का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इसके माध्यम से कैडेटों में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास किया जाएगा।
इस अवसर पर लेफ्टिनेंट प्रभाकर शाही, चीफ ऑफिसर अनिल गुप्ता, फर्स्ट ऑफिसर भारत सिंह, सेकंड ऑफिसर सूर्य प्रताप सिंह, लेफ्टिनेंट अरुण यादव, लेफ्टिनेंट वंदिता त्रिपाठी, सूबेदार मेजर एम.एल. अब्राहम सूबेदार कवराज भाटी, जीसीआई आकांक्षा मौर्या, सीटीओ नीला चैटर्जी सहित पी.आई. स्टाफ एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
यह प्रशिक्षण शिविर कैडेटों को सैन्य जीवन की बारीकियों से परिचित कराने के साथ-साथ उनमें राष्ट्रसेवा, अनुशासन एवं नेतृत्व के गुणों का विकास करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
-

44 यूपी बटालियन द्वारा एनसीसी कैडेट्स को प्रमाण पत्र वितरित
ए ग्रेड प्राप्त करने वाले कैडेट्स हुए सम्मानित, एएनओ कॉन्फ्रेंस में भर्ती एवं प्रशिक्षण पर हुई चर्चा।
गोरखपुर।
प्रताप नारायण सिंह जनता इंटर कॉलेज, बरही सोनबरसा, गोरखपुर में गुरुवार को 44 यूपी बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में एनसीसी ‘ए’, ‘बी’ एवं ‘सी’ प्रमाण पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 44 यूपी बटालियन के कमान अधिकारी कर्नल रमन तिवारी ने सफल कैडेट्स को प्रमाण पत्र वितरित कर सम्मानित किया।
समारोह के दौरान एनसीसी ‘ए’, ‘बी’ एवं ‘सी’ परीक्षा में ए ग्रेड से उत्तीर्ण लगभग 100 कैडेट्स को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर कमान अधिकारी ने कैडेट्स की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना को और अधिक सशक्त बनाने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान एएनओ (एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर) कॉन्फ्रेंस का भी आयोजन किया गया, जिसमें आगामी एनसीसी भर्ती प्रक्रिया, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, ड्रिल प्रतियोगिताओं तथा अन्य महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं प्रशिक्षण संबंधी विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने एनसीसी गतिविधियों को और प्रभावी बनाने तथा अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़ने पर भी विचार-विमर्श किया।
कार्यक्रम में दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय, महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज, दिग्विजयनाथ पीजी कॉलेज, बीआरएम इंटर कॉलेज सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे और अपने प्रमाण पत्र प्राप्त किए।
इस अवसर पर सूबेदार मेजर एम.एल. अब्राहम, चीफ ऑफिसर अनिल कुमार गुप्ता, मेजर दीपक शाही, लेफ्टिनेंट अनुपम सिंह, लेफ्टिनेंट प्रभाकर शाही, फर्स्ट ऑफिसर भारत सिंह, सेकेंड ऑफिसर पुनीत त्रिपाठी, सेकेंड ऑफिसर नृपेंद्र मौर्य, सेकेंड ऑफिसर कमलेश यादव, जेसीआई आकांक्षा सहित पीआई स्टाफ एवं सिविल स्टाफ के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य कैडेट्स का उत्साहवर्धन करना तथा उनमें राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण और नेतृत्व क्षमता का विकास करना था। समारोह के सफल आयोजन से कैडेट्स एवं उनके अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।








