Tag: #Breaking #helth#up#india

  • नवजात शिशु में चार लक्षणों के प्रति रहें सतर्क, घरेलू उपचार में समय न गवाएं

    नवजात शिशु में चार लक्षणों के प्रति रहें सतर्क, घरेलू उपचार में समय न गवाएं

     

    जिले में 12 नवम्बर से शुरू हुए निमोनिया नियंत्रण अभियान के तहत दिया जा रहा संदेश,

    स्वास्थ्य विभाग नजदीकी अस्पताल पहुंचने की दे रहा है सलाह,

    गोरखपुर, 16 नवम्बर 2024

    बच्चे के जन्म से लेकर 28 दिन तक की अवस्था उसके सेहत के दृष्टि से अति संवेदनशील होती है। इस अवधि में बच्चे को नवजात शिशु कहते हैं। इस अवस्था में चार लक्षणों के प्रति अपेक्षाकृत अधिक सतर्क रहना है। अगर यह लक्षण दिखें तो घरेलू उपचार में समय बर्बाद मत करें। तत्काल स्थानीय आशा कार्यकर्ता से सम्पर्क करना है और बिना समय गवाएं नवजात शिशु को नजदीकी सरकारी अस्पताल ले जाना है।

    यह संदेश स्वास्थ्य विभाग द्वारा जन जन को निमोनिया नियंत्रण अभियान के तहत दिया जा रहा है। जनजागरूकता संबंधी यह विशेष अभियान 12 नवम्बर से शुरू हुआ है और 28 फरवरी तक चलेगा। लोगों को बताया जा रहा है कि निमोनिया का यह खतरा नवजात शिशुओं के साथ साथ बच्चों पर भी होता है। उनकी सेहत के प्रति खासा सतर्कता बरतनी होगी, अन्यथा जटिलताएं बढ़ सकती हैं।

    मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ आशुतोष कुमार दूबे ने बताया कि अगर किसी नवजात शिशु या बच्चे को तेज बुखार आ रहा हो, पसली चल रही हो या छाती नीचे धंस रही हो, तेजी से सांस चल रही हो और खांसी जुकाम बढ़ रहा हो तो सतर्क हो जाएं। यह संभावित निमोनिया का लक्षण हो सकता है । इन लक्षणों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए प्रचार प्रसार हो रहा है। समुदाय को बताया जा रहा है कि पांच साल तक के बच्चों के मृत्यु की सबसे बड़े कारणों में से एक निमोनिया है। ‘’निमोनिया नहीं, तो बचपन सही’’ और ‘‘चैन की सांस लेगा बचपन जब आप तुरंत पहचानेंगे निमोनिया के लक्षण’’ जैसे नारों की मदद से लोगों को स्वस्थ व सुरक्षित बचपन की राह दिखाई जा रही है।

    डॉ दूबे ने बताया कि जन्म के समय बच्चे का वजन कम होने पर और समय से पहले बच्चे का जन्म होने पर उसे निमोनिया होने की आशंका अधिक है। बच्चों में रोग प्रतिरोधक क्षमता पूरी तरह से विकसित नहीं होती है और उनकी श्वसन नली भी छोटी होती है, इसलिए बच्चों के निमोनिया के प्रति अपेक्षाकृत ज्यादा सतर्क रहने की आवश्यकता है। विश्व में हर 43 सैकेंड में निमोनिया के कारण एक बच्चे की मौत हो जाती है। यूनिसेफ संस्था द्वारा नवम्बर 2023 में सार्वजनिक की गई एक रिपोर्ट के मुताबिक विश्व के प्रति एक लाख बच्चों पर निमोनिया के 1400 मामले देखे गये हैं।

    *ऐसे कर सकते हैं बचाव*

    सीएमओ ने बताया कि नियमित टीकाकरण के जरिये बच्चों में निमोनिया के मामले नियंत्रित किये जा रहे हैं। बच्चे के जन्म के छह हफ्ते और चौदह हफ्ते पर एवं इसके बाद नौ माह पर निमोनिया से बचाव के लिए उन्हें निमोकॉकल वैक्सीन (पीसीवी) लगाई जाती है। हेमोफिलस इन्फ्लुएंजा टाइप बी निमोनिया से बचाव में पेंटावेलेंट टीका भी मददगार है। यह टीका बच्चे के जन्म के छह, दस और चौदहवें सप्ताह में सरकारी खर्चे पर लगाया जा रहा है। नवजात को शीघ्र स्तनपान, बच्चों को छह माह तक सिर्फ स्तनपान और छह माह बाद स्तनपान के साथ साथ दो वर्ष की उम्र तक पोषणयुक्त घरेलू पूरक आहार भी निमोनिया से बचाने में मददगार है। बच्चों में दस्त के कारण भी निमोनिया की आशंका अधिक होती है । दस्त से बचाव के लिए ओआरएस के पैकेट और जिंक की गोलियां स्वास्थ्य विभाग द्वारा दी जाती हैं।

  • निक्षय मित्र योजना में भटहट सीएचसी ने पूरे जिले में पेश की मिसाल

    निक्षय मित्र योजना में भटहट सीएचसी ने पूरे जिले में पेश की मिसाल

     

    सीएचसी के चिकित्सकों, स्टॉफ और सीएचओ ने 71 मरीजों को एक साथ गोद लिया,

    अन्य स्वास्थ्य इकाइयों को भी भटहट मॉडल अपनाने के लिए किया जाएगा प्रेरित,

    गोरखपुर, 15 नवम्बर 2024

    टीबी के उपचाराधीन मरीजों को गोद लेकर पोषण में सहयोग, मानसिक संबल देने और योजनाओं का लाभ दिलवाने से संबंधित निक्षय मित्र योजना में लगातार अभिनव प्रयास सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में भटहट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ने पूरे जिले में मिसाल पेश की है। इस केंद्र के चिकित्सकों, स्टॉफ और सत्रह सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) ने 71 टीबी उपचाराधीन मरीजों को एक साथ गोद लिया है। जिला क्षय उन्मूलन अधिकारी (डीटीओ) डॉ गणेश यादव ने बताया कि जिले की अन्य स्वास्थ्य इकाइयों को भी एडॉप्शन का भटहट मॉडल अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा ।

    डीटीओ डॉ यादव ने बताया कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ आशुतोष कुमार दूबे के दिशा निर्देशन में निक्षय मित्र योजना से सरकारी व गैर सरकारी संगठनों, जनप्रतिनिधियों और समाज के अलग अलग वर्गों के लोगों को जुड़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। विभिन्न वर्गों के लोग और कई संस्थाएं जन्मदिन, पुण्यतिथि और स्थापना दिवस जैसे मौकों पर नये उपचाराधीन टीबी मरीजों को गोद ले रही हैं। गोद लेने वाले मरीज को इलाज चलने तक प्रति माह पोषण संबंधी सहयोग देने के साथ साथ लगातार फॉलो अप करना है ताकि उसकी दवा नियमित तौर पर चलती रहे । टीबी मरीज की दवा बीच में बंद होने पर जटिलताएं बढ़ जाती हैं। टीबी उपचारीधीन मरीजों को यह विश्वास भी दिलाना है कि नियमित दवा सेवन से वह ठीक हो जाएंगे। पात्र मरीजों और उनके परिजनों को सरकार की महत्वपूर्ण सामाजिक योजनाओं जैसे पीएम आवास, पेंशन, आयुष्मान भारत योजना आदि से जोड़ने में भी निक्षय मित्र मदद कर करते हैं। इसी कड़ी में भटहट सीएचसी पर 71 लोगों ने कुल 71 टीबी मरीजों को गोद लिया है।

    भटहट सीएचसी के वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक (एसटीएस) सद्दाम हुसैन ने बताया कि टीबी उपचाराधीन 53 पुरुष और 18 महिलाएं गोद ली गयी हैं। यह सभी कमजोर आय वर्ग के हैं और ज्यादातर छोटे किसान या मजदूर परिवारों से ताल्लुक रखते हैं। इनमें पांच मरीज बाल श्रेणी के हैं। सीएचसी के अधीक्षक डॉ अविनाश सिंह के नेतृत्व में पूरे एक माह तक पूरी सीएचसी का संवेदीकरण किया गया, जिससे लोगों ने निक्षय मित्र बनने के प्रति उत्साह दिखाया। गुरूवार को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि राघवेंद्र सिंह, एसीएमओ आरसीएच डॉ एके चौधरी, डिप्टी सीएमओ डॉ अश्वनी चौरसिया, भाजपा नेता संजय सिंह और चिकित्सा अधिकारी डॉ प्रशांत ने सीएचसी की तरफ से टीबी उपचाराधीन मरीजों को पोषण पोटली सौंपा।

    प्रत्येक मरीज का रखेंगे ध्यान

    निक्षय मित्र और भटहट सीएचसी के डेंटल हाइजिनिस्ट प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि सीएचसी के सभी निक्षय मित्रों ने संकल्प लिया है कि वह ठीक होने तक गोद लिये गये मरीजों का फॉलो अप करेंगे। सभी मरीजों को पोषण पोटली में भुना चना, सोयाबीन, अरहर दाल, मूंगफली दाना, गुड़, कच्चा चना, किसमिस, सेब और केला दिया गया है। आगे भी यथासंभव पोषण सामग्री प्रदान की जाएगी।

    1000 रुपये मिलेगी प्रोत्साहन राशि

    एसीएमओ आरसीएच ने उपस्थित लोगों को बताया कि टीबी के इलाज में पोषण की महत्ता को देखते हुए ही निक्षय मित्र योजना चलाई जा रही है। पोषण से भरपूर खानपान से मरीज जल्दी ठीक हो जाते हैं। सरकार ने भी एक नवम्बर से पोषण के लिए प्रति माह 500 की दर से मिलने वाली धनराशि बढ़ा कर 1000 रुपये कर दिया है।

    इन्होंने किया विशेष सहयोग

    एसटीएस ने बताया कि डब्ल्यूएचओ कंसल्टेंट डॉ नॉविल रोज, चिकित्सा अधिकारी डॉ शिप्रा राज, डॉ सीबी शर्मा, डॉ एजाज अहमद, डॉ दिनेश साहनी, पीपीएम समन्वयक एएन मिश्रा, मिर्जा आफताब बेग, एचईओ कमलेश्वर सिंह, प्रकाश श्रीवास्तव, रतनलाल श्रीवास्तव, डीडी भारतीय, मुरलीश्याम, संजय कुशवाहा, मनोज, संदीप सिंह, राकेश चौधरी, आरती त्रिपाठी, राकेश गौंड, सौम्या श्रीवास्तव, सुख सागर, पिंटू और अमीरुन्निशा का इस पहल में विशेष योगदान रहा है।