Tag: #Gorakhpu #Harpurbudhatpolice
-

सब्जी लेकर घर लौट रहे दामाद के साथ मारपीट, ससुराल में विवाद
तीन पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी का आरोप, मुकदमा दर्ज।
संवाददाता– एस.पी. सिंह
सहजनवा, (गोरखपुर)।
थाना हरपुर बुदहट क्षेत्र के कसरहां गांव में एक दामाद के साथ मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। मूलरूप से सिसवा बाजार, थाना कोठीभार, महाराजगंज निवासी रामलखन बर्नवाल ने थाना प्रभारी को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि वह बीते छह दिनों से अपनी पत्नी माला देवी के मायके कसरहां में रह रहा था।
प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि 18 नवंबर की शाम करीब 7:30 बजे वह कसरहां चौराहे से सब्जी खरीदकर घर लौट रहा था। जैसे ही वह घर पहुंचा, तभी बिना किसी कारण के पड़ोसी बबलू, विक्की पुत्रगण मोतीलाल ने उसे घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि इन लोगों ने उसकी साली झिना को भी भद्दी गालियाँ दीं और उसे तथा रामलखन को जान से मारने की धमकी दी।
मारपीट से दहशत में आए पीड़ित ने गाँव के लोगों को घटना की जानकारी दी और बाद में पुलिस को लिखित शिकायत दी। रामलखन ने आरोपितों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है।
वहीं पुलिस ने तहरीर के आधार आरोपी बबलू और बिक्की के ऊपर बी.एन.एस.एस की धारा 115(2), 351(3), और 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दिया है।
-

मिश्रवलिया बाग में दो पक्षों में मारपीट: प्रधान प्रतिनिधि की ललकार पर दलित युवक की पिटाई, दोनों पक्षों पर क्रॉस केस दर्ज
संवाददाता– एस.पी. सिंह
सहजनवा, (गोरखपुर)।
हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के मिश्रवलिया बाग के पास 13 नवंबर की शाम दो पक्षों में हुए विवाद के बाद मामला तूल पकड़ गया है। दोनों पक्षों ने थाने में पहुंचकर एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए, जिसके आधार पर पुलिस ने एक पक्ष पर एससी/एसटी और दूसरे पक्ष पर मारपीट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पहली तहरीर में रामअशीष यादव, निवासी रामपुर गरथौली, ने आरोप लगाया कि शाम करीब 4 बजे वह किसी कार्य से जा रहे थे, तभी कटाईटिकर निवासी अनिल चौहान ने रास्ता रोककर पुराने विवाद को लेकर गाली-गलौज की और डंडे से हमला कर दिया। रामअशीष का कहना है कि हमले में उन्हें गंभीर चोटें आईं और आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने इस प्रकरण में अनिल बेलदार के खिलाफ मारपीट एवं धमकी की धाराओं में केस दर्ज किया है।
दूसरी ओर, कटाईटिकर निवासी अनिल कुमार बेलदार ने आरोप लगाया कि उसी दिन लगभग 5 बजे ग्राम प्रधान प्रतिनिधि देवानन्द यादव की ललकार पर रामअशीष यादव ने उन्हें मिश्रवलिया बाग के पास रोककर भद्दी गालियाँ दीं, लाठी-डंडे से पिटाई की और जान से मारने की धमकी दी। अनिल बेलदार की तहरीर पर पुलिस ने प्रधान प्रतिनिधि देवानन्द यादव एवं रामअशीष यादव के विरुद्ध एससी/एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।
दोनों पक्षों के आरोपों को देखते हुए पुलिस मामले की जांच कर जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
-

दहेज व घरेलू विवाद में विवाहिता को पीटा, जान से मारने की धमकी पीड़िता की तहरीर पर केस दर्ज
संवाददाता– एस.पी. सिंह
सहजनवा,(गोरखपुर)।
हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के गंगटहिया गांव में एक विवाहिता ने पति और सास-ससुर पर लगातार उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता दीपशिखा त्रिपाठी ने थानाध्यक्ष को प्रार्थनापत्र देकर सुरक्षा और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
तहरीर में बताया गया है कि पीड़िता का पति अभिषेक त्रिपाठी और सास-ससुर छोटी-छोटी बातों पर उसे अपमानित करते हैं, गाली-गलौज करते हैं और बात तक नहीं करने देते। दीपशिखा ने आरोप लगाया कि 3 नवंबर 2025 को छोटी बेटी द्वारा डिटर्जेंट पाउडर गिरा देने पर पति व ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की और गला दबाकर जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता ने यह भी बताया कि इससे पहले भी इसी तरह की घटना 26 जून 2024 को हुई थी, जिसमें उसने न्याय की मांग करते हुए पुलिस से शिकायत की थी। उस समय वह गर्भवती थी और मामला शांत कराने के बाद मायके चली गई थीं। बाद में प्रसव हुआ, जिसका पूरा खर्च पीड़िता के पिता ने वहन किया।
दीपशिखा का कहना है कि अप्रैल 2025 में वह अपने पिता के साथ ससुराल पहुंचीं, परंतु पति ने उसे घर में रहने की अनुमति नहीं दी। लगातार मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न से परेशान होकर पीड़िता ने अब दोबारा कार्रवाई की मांग की है।
थाना हरपुर बुदहट पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर बी.एन.एस.एस के तहत धारा 85, 115(2), 352, 351(3) में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
-

निर्माण कार्य रोकने के विवाद में दिव्यांग युवक को पीटकर दी जान से मारने की धमकी, केस दर्ज
संवाददाता– एस.पी. सिंह
सहजनवा, (गोरखपुर)।
हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के कटईटिकर गांव में निर्माण कार्य को लेकर हुए विवाद में एक दिव्यांग युवक को मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित प्रद्युम्न पुत्र हरीराम ने थानेदार को प्रार्थनापत्र देकर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित ने अपनी तहरीर में बताया कि वह जन्म से गूंगा और बहरा है। बीते 9 नवंबर को शाम करीब 3:15 बजे गांव में निर्माण कार्य रोकने की बात को लेकर उसके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि शरद, दर्शन पुत्रगण सन्तराज एवं राहुल पुत्र रामरक्षा तथा सन्तराज पुत्र स्व. रामअधार, सभी निवासी कटईटिकर थाना हरपुर बुदहट, ने मिलकर उसे भद्दी-भद्दी गालियां देते हुए मारा-पीटा और जान से मारने की धमकी दी।
युवक ने बताया कि वह शारीरिक रूप से दिव्यांग होने के कारण विरोध भी ठीक से नहीं कर सका, लेकिन आरोपियों ने लगातार हमला किया।
पीड़ित द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना हरपुर बुदहट पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बी.एन.एस.एस के तहत धारा 115(2), 352, 351(3) में अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।
-

हरपुर बुदहट पुलिस ने 25 हजार के इनामी गैंगस्टर को दबोचा, भेजा जेल
संवाददाता– एस.पी. सिंह
सहजनवा, (गोरखपुर)।
हरपुर बुदहट पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी गैंगस्टर अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था और कई आपराधिक घटनाओं में संलिप्त बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त खजनी थाना क्षेत्र के बरपार टोला रहरवा निवासी है, जो एक गैंग बनाकर चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में लिप्त था। उसके खिलाफ पूर्व में गीडा थाना पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की थी।
सोमवार को थानाध्यक्ष विवेक कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक प्रवीन कुमार, उपनिरीक्षक विजय कुमार गोंड, तथा आरक्षी गोरखनाथ यादव, अजय यादव और सुधाकर यादव संदिग्धों और वारंटियों की तलाश में गश्त पर थे। इसी दौरान सूचना मिली कि वांछित गैंगस्टर अपने घर पर मौजूद है।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि अभियुक्त ने पहले नवखड़ी में एक पिकअप पर लदे अनाज की चोरी की थी, जिसके संबंध में मामला दर्ज किया गया था।
थानाध्यक्ष विवेक कुमार मिश्र ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, और उसके गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।



