हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के गंगटहिया गांव में एक विवाहिता ने पति और सास-ससुर पर लगातार उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता दीपशिखा त्रिपाठी ने थानाध्यक्ष को प्रार्थनापत्र देकर सुरक्षा और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
तहरीर में बताया गया है कि पीड़िता का पति अभिषेक त्रिपाठी और सास-ससुर छोटी-छोटी बातों पर उसे अपमानित करते हैं, गाली-गलौज करते हैं और बात तक नहीं करने देते। दीपशिखा ने आरोप लगाया कि 3 नवंबर 2025 को छोटी बेटी द्वारा डिटर्जेंट पाउडर गिरा देने पर पति व ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की और गला दबाकर जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता ने यह भी बताया कि इससे पहले भी इसी तरह की घटना 26 जून 2024 को हुई थी, जिसमें उसने न्याय की मांग करते हुए पुलिस से शिकायत की थी। उस समय वह गर्भवती थी और मामला शांत कराने के बाद मायके चली गई थीं। बाद में प्रसव हुआ, जिसका पूरा खर्च पीड़िता के पिता ने वहन किया।
दीपशिखा का कहना है कि अप्रैल 2025 में वह अपने पिता के साथ ससुराल पहुंचीं, परंतु पति ने उसे घर में रहने की अनुमति नहीं दी। लगातार मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न से परेशान होकर पीड़िता ने अब दोबारा कार्रवाई की मांग की है।
थाना हरपुर बुदहट पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर बी.एन.एस.एस के तहत धारा 85, 115(2), 352, 351(3) में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Leave a Reply