Tag: #Sahjanwa

  • राष्ट्रीय सेवा योजना के विशेष शिविर का भव्य शुभारंभ, स्वयंसेवकों ने स्वच्छता का दिया संदेश

    राष्ट्रीय सेवा योजना के विशेष शिविर का भव्य शुभारंभ, स्वयंसेवकों ने स्वच्छता का दिया संदेश

    संवाददाता – एस.पी. सिंह

    सहजनवा, (गोरखपुर)।

    क्षेत्र के बाबू लालजी सिंह पी.जी. कॉलेज, भगौरा सहजनवा में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सप्त दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ गुरुवार को बड़े उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में हुआ। यह शिविर 19 मार्च से 25 मार्च तक आयोजित किया जा रहा है।

    शिविर का उद्घाटन पीएम श्री कंपोजिट पूर्व माध्यमिक विद्यालय, मिनवा पाली में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुरेंद्र प्रसाद द्वारा स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने स्वच्छता अभियान के तहत शिविर स्थल की साफ-सफाई कर सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।

    कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुरेंद्र प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का मूल उद्देश्य युवाओं में राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करना है। उन्होंने बताया कि एन.एस.एस. के माध्यम से स्वयंसेवकों के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास होता है, साथ ही वे जिस समुदाय में कार्य करते हैं, उसकी समस्याओं को समझकर उनके समाधान में सक्रिय भूमिका निभाते हैं। इसके अतिरिक्त नेतृत्व क्षमता का विकास भी इस योजना का एक महत्वपूर्ण पहलू है।

    इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक राजकमल सिंह, जितेंद्र कुमार, कन्हैया लाल एवं मिथिलेश कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

    शिविर के प्रथम दिन से ही स्वयंसेवकों में उत्साह देखने को मिला और सभी ने समाज सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

  • द्वारिका पहुंचे सुदामा, श्रीकृष्ण से मिलन की कथा सुन भाव-विभोर हुए श्रद्धालु

    द्वारिका पहुंचे सुदामा, श्रीकृष्ण से मिलन की कथा सुन भाव-विभोर हुए श्रद्धालु

    संवाददाता – एस.पी. सिंह

    सहजनवा, गोरखपुर।

    पाली ब्लॉक के ग्राम मुजौली में आयोजित लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के अष्टम दिवस एवं कथा के सप्तम दिवस पर कथा व्यास आचार्य प्रवर श्री आलोक पांडेय जी महाराज ने सुदामा चरित्र का अत्यंत मार्मिक और भावपूर्ण वर्णन किया। उनके प्रवचन से श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर हो उठे।

    कथा के दौरान महाराज जी ने बताया कि निर्धन ब्राह्मण सुदामा अपने बालसखा भगवान श्रीकृष्ण से मिलने द्वारिका पहुंचे। वे अपने साथ प्रेमपूर्वक चिवड़ा (पोहे) की भेंट लेकर गए थे। श्रीकृष्ण ने सुदामा को देखते ही उन्हें गले लगा लिया और बड़े ही आदर-सम्मान के साथ उनका सत्कार किया। भगवान ने बिना कुछ मांगे ही अपने मित्र सुदामा की दरिद्रता दूर कर दी। इस प्रसंग को सुनकर उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।

    उन्होंने कहा कि सुदामा चरित्र हमें सच्ची मित्रता, निष्कपट प्रेम और भगवान के प्रति अटूट विश्वास की शिक्षा देता है। सच्चे मन से की गई भक्ति और समर्पण के आगे स्वयं भगवान भी द्रवित हो जाते हैं।

    इस अवसर पर यज्ञाचार्य आचार्य श्री विजयराज तिवारी जी के साथ वैदिक आचार्य हेमू जी, करण दीक्षित जी और मोहन जी द्वारा विधि-विधान से पूजन एवं हवन संपन्न कराया गया। यज्ञ स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और पूरा परिसर हरिनाम संकीर्तन, भक्ति और जयघोष से गुंजायमान हो उठा।

    कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं से अपील की गई कि आगामी दिन होने वाली पूर्णाहुति में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर प्रसाद ग्रहण करें और धर्म लाभ प्राप्त करें।

    इस अवसर पर मुनि आगमन पाण्डेय, करुणानिधान पाण्डेय, दिवाकर पाण्डेय, शुभम चतुर्वेदी, हरिमंगल सिंह, भगवती पाण्डेय, धर्मेंद्र पाण्डेय, विजय प्रताप सिंह, हनुमान त्रिपाठी, राकेश सिंह, सुधाकर पाण्डेय, ओंकार यादव सहित अनेक भक्तजन उपस्थित रहे।

  • लिटिल इमेजिनेशन प्ले स्कूल, सहजनवां में 77वाँ गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के साथ मनाया गया

    लिटिल इमेजिनेशन प्ले स्कूल, सहजनवां में 77वाँ गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के साथ मनाया गया

    संवाददाता – एस.पी. सिंह

    सहजनवां, (गोरखपुर)।

    77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर लिटिल इमेजिनेशन प्ले स्कूल, टीचर्स कॉलोनी, मुख्य बाजार, सहजनवां में भव्य, गरिमामय एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिससे संपूर्ण विद्यालय परिसर देशप्रेम की भावना से गुंजायमान हो उठा।

    नन्हे बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने मोहा मन।

    कार्यक्रम के दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों ने देशभक्ति गीतों, कविताओं एवं आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों का मन मोह लिया। बच्चों का उत्साह, अनुशासन एवं आत्मविश्वास देखते ही बनता था, जिसने सभी को भाव-विभोर कर दिया।

    विद्यालय परिवार की गरिमामयी उपस्थिति।

    इस अवसर पर विद्यालय के संस्थापक विष्णु गुप्ता के कुशल मार्गदर्शन में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। साथ ही विद्यालय की शिक्षिकाएँ नेहा सिंह, काजल, शिवानी त्रिपाठी, निधि सिंह, सुप्रिया पांडे सहित अन्य कर्मचारीगणों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिन्होंने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

    बच्चों को दिया गया नागरिक कर्तव्यों का संदेश।

    कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने बच्चों को गणतंत्र दिवस के महत्व से अवगत कराया तथा उन्हें सच्चा, ईमानदार एवं जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दी। वक्ताओं ने देश की एकता, अखंडता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने का संदेश दिया।

    देशहित में संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन।

    कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में देश की एकता, अखंडता एवं निरंतर प्रगति के लिए संकल्प लिया। पूरे आयोजन ने बच्चों के मन में देशप्रेम एवं राष्ट्रीय चेतना का बीजारोपण किया।