Tag: #SahjanwaPolice #Gorakhpur
-

गुरुद्वारे में प्रसाद लेने पहुंचे बीएसएफ जवान पर कृपाण से हमला, हत्या के प्रयास में केस दर्ज
दो आरोपी पुलिस हिरासत में, घायल जवान का उपचार जारी।
संवाददाता– एस.पी. सिंह
सहजनवा, (गोरखपुर)।
सहजनवा थाना क्षेत्र के कसरवल गांव स्थित गुरुद्वारे में सोमवार की रात प्रसाद लेने पहुंचे एक बीएसएफ जवान पर कार सेवकों द्वारा कृपाण और लोहे की रॉड से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने गुरुद्वारे में मौजूद सभी कार सेवकों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, कसरवल निवासी वीरेंद्र यादव पुत्र स्व. रामधनी यादव बीएसएफ में जवान हैं और वर्तमान में त्रिपुरा में तैनात हैं। वह इन दिनों छुट्टी पर अपने घर आए हुए थे। सोमवार रात को वो अपने मित्र उदयभान के साथ पास के ढाबे पर चाय पीने पहुंचे, परन्तु ढाबा बंद हो चुका था, जिसके बाद लगभग 8 बजे वे गांव के पास के गुरुद्वारे पर प्रसाद ग्रहण करने के लिए पहुंचे।
आरोप है कि गुरुद्वारे के भीतर मौजूद कार सेवकों ने दोनों को गाली-गलौज कर वहां से जाने को कहा। विरोध करने पर कार सेवकों ने वीरेंद्र यादव पर कृपाण और लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़े। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल जवान को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहजनवा भेजा, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर गुरुद्वारे में तैनात कार सेवकों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है और शेष की तलाश जारी है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
-

दरवाजे के सामने खड़ी कोयला लदी पिकअप चोरी, सीसीटीवी में चोरों की तस्वीर कैद
संवाददाता– एस.पी. सिंह
सहजनवा, (गोरखपुर)।
सहजनवा थाना क्षेत्र के जिगिना वार्ड नंबर 1 में मंगलवार की रात्रि चोरों ने घर के दरवाजे के सामने खड़ी कोयला लदी पिकअप वाहन पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की यह घटना सीसीटीवी कैमरे में साफ तौर पर कैद हो गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार मार्कण्डेय मद्धेशिया, जो कोयला व्यवसाय से जुड़े हैं, ने मंगलवार को अपनी पिकअप में 13 बोरी कोयला लादकर घर के बाहर खड़ा किया था। रात करीब 12 बजे चोर मौके पर पहुंचे और पिकअप को चुरा ले गए।
सुबह जब मार्कण्डेय मद्धेशिया जागे तो वाहन गायब देख उनके होश उड़ गए। काफी खोजबीन के बावजूद वाहन का पता नहीं चल सका। बाद में सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर चोरों को पिकअप लेकर जाते हुए देखा गया।
पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ सहजनवा थाने में तहरीर दे दी है।
इस संबंध में पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी का खुलासा कर दिया जाएगा।
-

सीओ गीडा ने सहजनवा थाने का किया औचक निरीक्षण, साफ-सफाई व व्यवस्था से रहे संतुष्ट
संवाददाता– एस.पी. सिंह
सहजनवा, (गोरखपुर)।
क्षेत्राधिकारी गीडा कमलेश प्रताप सिंह ने गुरुवार को सहजनवा थाने का औचक निरीक्षण किया। सबसे पहले उन्होंने थाने के परिसर की साफ-सफाई देखी, जो संतोषजनक पाई गई। इसके बाद उन्होंने पुलिस कार्यालय और कंप्यूटर कक्ष का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कुछ फाइलों में जिल्द न होने पर उन्हें तत्काल जिल्द लगाने के निर्देश दिए।
सीओ ने मालखाने की व्यवस्था भी परखी, जो मानक के अनुरूप मिली। वहीं असलहों की जांच के दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद उपनिरीक्षक विशाल सिंह और वैभव मिश्रा से पिस्टल खोलने को कहा। दोनों उपनिरीक्षको ने तत्परता से पिस्टल खोलकर अपनी दक्षता साबित की, जिस पर प्रसन्न होकर सीओ ने दोनों को 1,000-1,000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया।
निरीक्षण के दौरान बंदीगृह की साफ-सफाई, बैरक व्यवस्था और मेस में भोजन की गुणवत्ता भी संतोषजनक पाई गई। सीओ ने संपूर्ण व्यवस्था को बेहतर बताते हुए सराहना की।
इस मौके पर थानेदार महेश कुमार चौबे, वरिष्ठ उपनिरीक्षक पंकज सिंह, उपनिरीक्षक सुरेश यादव, देवेंद्र दुबे, राकेश सिंह, जितेंद्र कुमार समेत कई पुलिस कर्मी उपस्थित रहे।
-

जमीनी विवाद में मनबढ़ों ने महिलाओं को पीटा, मां बेटे पर हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में केस दर्ज
संवाददाता– एस.पी. सिंह
सहजनवा, (गोरखपुर)।
सहजनवा थाना क्षेत्र के बनौली गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच तनाव रविवार को हिंसा में बदल गया। बनौली निवासी अंतिमा पत्नी श्रवण त्रिपाठी का पड़ोसियों से लंबे समय से जमीन संबंधी विवाद चल रहा है। तीन दिन पहले अंतिमा की जेठानी का निधन हुआ था, जिसके बाद सोमवार दोपहर लगभग 11 बजे परिवार के लोग घर पर पूजा-पाठ कर रहे थे।
इसी दौरान विपक्षी पक्ष की एक महिला मोबाइल से वीडियो बनाने लगी। महिलाओं ने इसका विरोध किया तो आरोप है कि वह महिला अपने बेटे के साथ मिलकर अंतिमा और उसकी जेठानी प्रीति पर लाठी-डंडों से टूट पड़ी। हमले में दोनों महिलाएँ गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए सीएचसी सहजनवा भेजा, जहां से हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने विपक्षी मां बेटे के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का प्रयास, मारपीट और जान से मारने की धमकी जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। वहीं विवाद के दूसरे पक्ष की ओर से भी तहरीर दी गई है।
पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
-

खेत में पेड़ लगाने पर मनबढ़ों का हमला, मां-बेटी को पीटा, मुकदमा दर्ज
संवाददाता– एस.पी. सिंह
सहजनवा, (गोरखपुर)।
सहजनवा थाना क्षेत्र के सेमरडाड़ी गांव में गुरुवार को खेत में काम कर रहीं एक महिला और उसकी बेटी पर पड़ोसियों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता अनीता देवी ने एसपी गोरखपुर को प्रार्थनापत्र देकर आरोप लगाया है कि 15 नवंबर 2025 को जब वह अपने खेत में लगाए गए पेड़ों की देखरेख कर रही थीं, तभी पड़ोसन चन्दा देवी, मीनाक्षी, सचिन और रश्मा वहां पहुंचकर खेत में लगे पौधों को उखाड़ने लगीं। विरोध करने पर सभी ने गाली-गलौज करते हुए अनीता देवी पर हमला कर दिया।
हंगामा सुनकर पीड़िता की बेटी शिखा बचाव करने पहुँची, लेकिन आरोप है कि हमलावरों ने उसे भी लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। इसी दौरान चन्दा देवी के पक्ष में खड़े होकर कमलेश पुत्र रामस्वरूप भी मौके पर पहुंचा और कथित रूप से मां-बेटी दोनों को धमकाते हुए पीटा। अनीता देवी का कहना है कि आरोपियों ने चेतावनी दी कि यदि चन्दा देवी के खिलाफ शिकायत की या मुकदमा लिखा तो हाथ-पैर तोड़ देंगे।
हमले में शिखा गंभीर रूप से घायल हो गई, उसके दाहिने पंजे और हाथ में तेज दर्द तथा सूजन बताई जा रही है। प्रार्थनापत्र में कहा गया है कि शिखा का हाथ चोट के कारण ठीक से उठ नहीं पा रहा है।
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से चन्दा देवी, मीनाक्षी, सचिन, रश्मा और कमलेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की थी, जिसके बाद एसपी के आदेश पर पुलिस ने चंदा देवी, मीनाक्षी, सचिन, रंभा देवी, कमलेश के ऊपर बी.एन.एस.एस की धारा 115(2), 191(2), 351(2), 352 के तहत मुकदमा दर्ज करके आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है।
-

बहू-बेटी सम्मेलन में मिशन शक्ति टीम ने दिया नारी सुरक्षा-सम्मान का संदेश
संवाददाता– एस.पी. सिंह
सहजनवा, (गोरखपुर)।
थाना सहजनवा की मिशन शक्ति टीम ने 16 नवंबर दिन रविवार को ग्राम मिनवा स्थित पंचायत भवन में बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की बच्चियों, ग्रामीण माताओं और बहनों को बड़ी संख्या में शामिल कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान सहजनवा थाने से उपनिरीक्षक मधु ने मिशन शक्ति के तीन प्रमुख उद्देश्य नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न सरकारी आपातकालीन व सहायता हेल्पलाइन नंबरों की व्यावहारिक जानकारी दी गई, उन्होंने विमेन पावर लाइन 1090, एंबुलेंस सेवा 108, गर्भवती महिलाओं व नवजात शिशुओं हेतु एंबुलेंस 102, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड लाइन 1098, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, साइबर हेल्पलाइन 1930, महिला हेल्पलाइन 181, अग्निशमन सेवा 101 जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के विषय में जागरूक किया।
साथ ही थाने से आयी महिला कांस्टेबल, संगीता मौर्य और गरिमा यादव ने सभी उपस्थित महिलाओं को सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी जागरूक किया और सुरक्षा-सहायता से जुड़ा पंपलेट वितरण कर जागरूकता बढ़ाई।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बच्चियों को सुरक्षित, आत्मनिर्भर और जागरूक बनाना रहा।
-

रोटावेटर हादसा: परिजनों ने ट्रैक्टर मालिक व चालक पर हत्या का लगाया आरोप
संवाददाता– एस.पी. सिंह
सहजनवा, (गोरखपुर)।
सहजनवा थाना क्षेत्र के मुंडा कोडरा में रोटावेटर से युवक की हुई मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मृतक अमर शुक्ला के परिजनों ने घटना को हादसा नहीं, बल्कि हत्या करार देते हुए ट्रैक्टर मालिक और चालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
मुंडा कोडरा निवासी दीनदयाल शुक्ला के पुत्र अमर शुक्ला की गुरुवार को रोटावेटर की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई थी। शुक्रवार को अमर के चाचा अवध दयाल ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि गांव के ही ट्रैक्टर मालिक और चालक ने उनके भतीजे को लालच देकर अपने साथ ले गए। उन्होंने बताया कि घर के बुजुर्गों द्वारा मना करने के बावजूद आरोपित अमर को उनके सामने घर से लेकर गए और खेत में ले जाकर उसकी हत्या कर फरार हो गए।
उन्होंने मांग की है कि आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
पुलिस ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।





