सहजनवा थाना क्षेत्र के बनौली गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच तनाव रविवार को हिंसा में बदल गया। बनौली निवासी अंतिमा पत्नी श्रवण त्रिपाठी का पड़ोसियों से लंबे समय से जमीन संबंधी विवाद चल रहा है। तीन दिन पहले अंतिमा की जेठानी का निधन हुआ था, जिसके बाद सोमवार दोपहर लगभग 11 बजे परिवार के लोग घर पर पूजा-पाठ कर रहे थे।
इसी दौरान विपक्षी पक्ष की एक महिला मोबाइल से वीडियो बनाने लगी। महिलाओं ने इसका विरोध किया तो आरोप है कि वह महिला अपने बेटे के साथ मिलकर अंतिमा और उसकी जेठानी प्रीति पर लाठी-डंडों से टूट पड़ी। हमले में दोनों महिलाएँ गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए सीएचसी सहजनवा भेजा, जहां से हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने विपक्षी मां बेटे के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का प्रयास, मारपीट और जान से मारने की धमकी जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। वहीं विवाद के दूसरे पक्ष की ओर से भी तहरीर दी गई है।
पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Leave a Reply