एएनओ सम्मेलन एवं पदोन्नति परेड का भव्य आयोजन, अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारियां

संवाददाता – एस.पी. सिंह

सहजनवा, (गोरखपुर)।

44वीं वाहिनी एनसीसी के तत्वावधान में शुक्रवार, 8 मई 2026 को सहजनवा कस्बे में स्थित मुरारी इंटर कालेज में एएनओ सम्मेलन एवं पदोन्नति परेड का भव्य आयोजन सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में एनसीसी से जुड़े विभिन्न प्रशिक्षण एवं संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की गई, वहीं कई अधिकारियों को पदोन्नति प्रदान कर नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं। समारोह के दौरान उत्साह और गौरव का वातावरण देखने को मिला।

कार्यक्रम में कैप्टन डीएन मौर्य एवं कैप्टन दीपक शाही को मेजर पद पर पदोन्नत किया गया। वहीं केयर टेकर अधिकारी सुभाष चंद्रा को लेफ्टिनेंट पद, तथा तृतीय अधिकारी आई. राय, के.के. यादव एवं नृपेंद्र प्रताप को द्वितीय अधिकारी पद पर पदोन्नति प्रदान की गई। इसके साथ ही मेजर साकेत जी एवं मुख्य अधिकारी ए.के. गुप्ता के कार्यकाल विस्तार को भी स्वीकृति दी गई।

कार्यक्रम का संचालन मेजर साकेत जी ने किया। रैंक अलंकरण का कार्य 44वीं बटालियन एनसीसी के कमान अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल रमन तिवारी, मेजर साकेत जी एवं मुख्य अधिकारी ए.के. गुप्ता द्वारा संयुक्त रूप से सम्पन्न कराया गया। इस अवसर पर लेफ्टिनेंट प्रभाकर शाही, अनुपम सिंह, फर्स्ट ऑफिसर भारत सिंह, सेकंड ऑफिसर सूर्य प्रताप सिंह, पुनीत त्रिपाठी, सूबेदार मेजर एम. अब्राहम, नायब सूबेदार तेजपाल सिंह सहित बटालियन के समस्त सिविल स्टाफ एवं पी.आई. स्टाफ उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में कमान अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल रमन तिवारी ने कहा कि एनसीसी केवल अनुशासन और नेतृत्व का मंच ही नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की एक सशक्त धुरी है। उन्होंने कहा कि एएनओ की भूमिका कैडेटों के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने में अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने पदोन्नत अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए अपेक्षा जताई कि वे अपने अनुभव एवं समर्पण से संगठन को और अधिक मजबूत बनाएंगे तथा युवाओं को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

सम्मेलन के अंत में सभी पदोन्नत अधिकारियों को शुभकामनाएं दी गईं तथा संगठन के प्रति समर्पण एवं उत्कृष्ट कार्य के लिए उनका उत्साहवर्धन किया गया।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *