दिग्विजयनाथ पीजी कॉलेज में दो दिवसीय सेमिनार सम्पन्न, छात्रों ने सीखी आधुनिक तकनीक की बारीकियाँ

गोरखपुर।

दिग्विजयनाथ पी.जी. कॉलेज के कंप्यूटर विज्ञान एवं बीसीए विभाग द्वारा गूगल कैंपस स्टूडेंट एंबेसडर प्रोग्राम के तहत आयोजित “पाइथन और मशीन लर्निंग के माध्यम से नवाचार को सशक्त बनाना” विषयक दो दिवसीय सेमिनार का दूसरा दिन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।

एनआईआईटी के सीनियर डेवलपिंग ट्रेनर ओम नाथ ने पायथन की पंडाज लाइब्रेरी पर व्याख्यान देते हुए बताया कि पंडाज बड़े डेटा सेट के विश्लेषण, सफाई और प्रबंधन के लिए अत्यंत उपयोगी टूल है। उन्होंने इसे मशीन लर्निंग, एआई और डेटा साइंस की सबसे महत्वपूर्ण लाइब्रेरी बताया।

विशिष्ट अतिथि ई. पीयूष पाण्डेय ने विद्यार्थियों को इंटरव्यू में प्रभावी प्रस्तुति के मुख्य बिंदुओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास, स्पष्टता, सरल भाषा और उचित शारीरिक हावभाव चयन की संभावनाएँ बढ़ाते हैं।

कार्यक्रम का संचालन विभाग प्रभारी एवं गूगल कैंपस एंबेसडर मेंटर डॉ. पवन कुमार पाण्डेय ने किया। बीसीए की छात्रा एवं गूगल एंबेसडर सृष्टि त्रिपाठी को प्राचार्य द्वारा सम्मानित किया गया।

प्राचार्य प्रो. ओम प्रकाश सिंह ने सफल आयोजन पर विभाग और छात्रों को बधाई दी। आभार ज्ञापन डॉ. अविनाश श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम में 195 छात्र व शिक्षक उपस्थित रहे।

उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी डॉ शैलेश कुमार सिंह ने दी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *