बीडीओ और एडीओ ने जांच में नहीं दिए अभिलेख, युवा कल्याण अधिकारी ने डीएम को लिखा पत्र, कार्रवाई की तैयारी

संवाददाता– एस.पी. सिंह

सहजनवा, (गोरखपुर)।

पाली ब्लॉक में वित्तीय अनियमितताओं की जांच के दौरान खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) और सहायक विकास अधिकारी (एडीओ) पाली की लापरवाही और असहयोग सामने आया है। जांच टीम द्वारा बार-बार अभिलेख मांगे जाने के बावजूद दोनों अधिकारियों ने आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए, जिससे जांच प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।

इसको गंभीर मानते हुए जिला युवा कल्याण अधिकारी अमित कुमार सिंह ने जिलाधिकारी को विस्तृत पत्र भेजकर समूचे प्रकरण की जानकारी दी है। उन्होंने पत्र में स्पष्ट लिखा है कि अभिलेख उपलब्ध न कराने के कारण जांच आगे नहीं बढ़ पा रही है, जबकि शासन ने इस मामले को प्राथमिकता पर निपटाने के निर्देश दिए हैं। प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि डीएम जल्द ही इस मामले में कड़ी कार्रवाई कर सकते हैं। जांच में बाधा डालने और असहयोग के लिए संबंधित अधिकारियों पर विभागीय कार्रवाई तय मानी जा रही है। पत्र भेजे जाने के बाद प्रशासनिक हलकों में काफी हलचल है।

ये है पूरा मामला।

 

पाली ब्लॉक के डोहरियाकला ग्राम पंचायत निवासी धर्मेंद्र पांडेय ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर ग्राम सभा में हुई कथित वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत दर्ज कर जांच की मांग की थी। इस शिकायत की जांच जिला युवा कल्याण अधिकारी अमित कुमार सिंह को सौंपी गई थी।

जांच के लिए उन्होंने 13 अक्टूबर और 3 नवंबर को पाली के खंड विकास अधिकारी बृजेश यादव और सहायक विकास अधिकारी धर्मेंद्र कुमार से ग्राम सभा में कराए गए कार्यों से संबंधित अभिलेख मांगे, लेकिन दोनों अधिकारियों ने दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए।

इस पर शिकायतकर्ता ने दोबारा आईजीआरएस पर शिकायत की। इसके बाद युवा कल्याण अधिकारी ने डीएम को पत्र भेजकर बताया कि पाली बीडीओ और एडीओ जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं, जिसके चलते जांच बाधित है।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन जल्द ही सख्त कदम उठाने की तैयारी में है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *