बड़हलगंज/गोरखपुर(निष्पक्ष टुडे): बडहलगंज रामजानकी मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। जिसमें नेतवार गांव के ग्रामीणों का आरोप है कि बिना मुआवजा दिए विभाग किसानों की भूमि अधिग्रहण कर रहा है। जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि भूमि का बिना मुआवजा दिए विभाग चिंन्हाकन करा रहा है। न मुआवजा दिया गया और न ही कोई सूचना दिया गया। बगैर सूचना के राजस्व व सड़क निर्माण विभाग हम लोगों की जमीन को कब्जा करना चाहता है।
मंगलवार को नेतवार गांव पहुंचे नायब तहसीलदार रमाकांत चौहान व राजस्व कर्मचारियों ने जमीन का सीमांकन करना शुरू किया तो ग्रामीणों ने विरोध जताया, जिस पर अधिकारियों का कहना था कि जमीन सड़क निर्माण के लिए चिंहित है। इस रास्ते सड़क जा रही है। वहीं ग्रामीण सतदेव यादव, गिरिजाशंकर त्रिपाठी, अर्जुन यादव, शेषनाथ यादव, मृत्युंजय राय, रवींद्र यादव, अंगद शुक्ल, शेरू यादव, जयप्रकाश यादव आदि का कहना है कि हम लोगों की किमती जमीन को जबरदस्ती सड़क निर्माण के लिए चिंहित किया गया है। अगर सड़क में हम लोगों की जमीन जा रही है तो हम लोगों को सूचना देकर मुआवजा मिलना चाहिए लेकिन बिना सूचना व मुआवजा के जबरदस्ती हम लोगों के जमीन का सीमांकन कर जमीन लिया जा रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि मुख्यमंत्री व डीएम को पत्र भेजकर कार्यवाही की मांग करेंगे। नायब तहसीलदार रमाकांत चौहान का कहना है कि मौके पर चिन्हांकन के लिए टीम आई है। ग्रामीण आरोप लगा रहे हैं उन्हें मुआवजा नहीं मिला है और उनकी जमीन जा रही है। अभी बातचीत कर देखा जा रहा है।
Leave a Reply