थाना क्षेत्र के सीहापार हाल्ट स्थित फोरलेन हाइवे ओवरब्रिज के सर्विस रोड पर कचरा फेंके जाने के बाद से ग्रामीण आक्रोश में हैं। ग्रामीणों के मुताबिक यह कचरा संतकबीरनगर के खलीलाबाद नगरपालिका का है। मुख्य मार्ग पर फेंके गए कचरे से उठ रहे दुर्गंध के कारण आसपास के गांवों के नागरिकों का सांस लेना मुश्किल हो गया है। लोगों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सहजनवां थाना क्षेत्र के सीहापार हाल्ट स्थित गोरखपुर-लखनऊ फोरलेन हाइवे ओवरब्रिज के सर्विस रोड पर कुछ लोग मंगलवार की देर रात कचरा फेंक कर भाग गए। बुधवार सुबह जब ग्रामीण टहलने निकले तो दुर्गंध से परेशान होकर वापस हो गए। इस सर्विस रोड से प्रतिदिन सीहापार, कसरवल, बवंडरा, बलुआ, घुरियापार, भैंसला, टड़वा, बनौली, बनकटिया समेत कई गांवों के सैकड़ों लोगों का गुजरना होता है।ग्रामीणों ने बताया कि मंगलवार को देर रात खलीलाबाद की तरफ से ट्रैक्टर ट्रॉली से लाकर कचरा गिरा दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह दूसरे जगह से कचरा लाकर सड़क पर फेंकने पर तत्काल रोक लगाई जानी चाहिए। दुर्गंध से संक्रामक बीमारी फैलने की संभावना बढ़ गई है।
ग्राम प्रधान कसरवल वंशीधर यादव, सत्यप्रकाश सिंह, विवेक सिंह, आशीष कुमार विश्वकर्मा, लालचंद चौरसिया, राम अशीष यादव आदि ग्रामीणों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रशासन से तत्काल कचरा हटवाने तथा ऐसा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई मांग की है।
Leave a Reply