धान क्रय सत्यापन में बड़े घोटाले का आरोप, सरकारी भूमि और नाले के खाते पर भी दिखाया गया धान बिक्री

संवाददाता – एस.पी. सिंह

सहजनवां, (गोरखपुर)।

सहजनवां तहसील क्षेत्र में फसली वर्ष 2025-26 के धान क्रय सत्यापन में बड़े पैमाने पर धांधली का मामला सामने आया है। इस संबंध में ग्राम झुंगिया, पोस्ट रावतपार निवासी रामेश्वर पुत्र श्री सुन्नर ने सहायक चकबंदी अधिकारी, सहजनवां को शिकायती पत्र देकर जांच एवं कार्रवाई की मांग की है।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि ग्राम खिरीडाड़, पोस्ट हरपुर, सहजनवां में धान क्रय सत्यापन के दौरान निर्धारित क्षेत्रफल से अधिक भूमि का सत्यापन कर धान खरीद दर्शाई गई। इतना ही नहीं, खतौनी में दर्ज खातेदारों के नाम के स्थान पर अज्ञात व्यक्तियों के नाम जोड़कर सत्यापन किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

शिकायत पत्र के अनुसार ग्राम सभा के पोखरे के खाता संख्या 325 पर 60 कुंतल धान बिक्री, नाला खाता संख्या 115 पर 188 कुंतल तथा आबादी खाता संख्या 326 पर 174 कुंतल धान बिक्री दर्शाकर सरकारी अभिलेखों में सत्यापन किया गया। शिकायतकर्ता ने इसे सरकारी व्यवस्था में गंभीर अनियमितता बताते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

प्रार्थी ने प्रशासन से मामले को संज्ञान में लेकर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की अपील की है।

इस मामले में चकबंदी अधिकारी सहजनवां धर्मेंद्र मिश्रा से बात करने पर उन्होंने बताया कि, मामला संज्ञान में नहीं है, अगर ऐसा कोई मामला आता है तो जांच कर कार्यवाही की जाएगी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *