वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देश एवं सहजनवां थाना प्रभारी संजय मिश्रा के नेतृत्व में गहरे पानी में स्नान के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए थाना सहजनवा पुलिस द्वारा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में चौपाल लगाकर जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों एवं ग्रामीणों को नदी, तालाब और गहरे जलाशयों में स्नान के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के प्रति जागरूक करना रहा।
पुलिस की संयुक्त टीम ने भीटी रावत, कसरवल, समाधियां सहित नदी किनारे बसे अन्य गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद किया तथा बच्चों को अकेले नदी अथवा गहरे पानी में स्नान करने के लिए न भेजने की अपील की। चौपाल के माध्यम से लोगों को बताया गया कि गर्मी एवं बरसात के मौसम में नदी और तालाबों का जलस्तर अचानक बढ़ जाने से हादसों की आशंका अधिक रहती है, जिससे छोटी सी लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।
अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने अभिभावकों से बच्चों पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस एवं संबंधित विभाग को सूचना देने की बात कही। साथ ही ग्रामीणों को जल सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी भी प्रदान की गई।
इस दौरान आयोजित सभी चौपालों में भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। लोगों ने पुलिस के इस जनजागरूकता अभियान की सराहना करते हुए बच्चों की सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संकल्प लिया।
Leave a Reply