A I जागरूकता में गोरखपुर ने रचा इतिहास, गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज हुआ नाम

गोरखपुर ब्यूरो निष्पक्ष टुडे ;-

गोरखपुर, 15 अप्रैल:आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) जागरूकता के क्षेत्र में गोरखपुर ने एक नया इतिहास रच दिया है। ‘AI for All Awareness Program’ के तहत एक सप्ताह में 7,64,187 ऑनलाइन पंजीकरण कर शहर का नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज हो गया है।

यह उपलब्धि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में तैयार की गई रूपरेखा के तहत संभव हुई। कार्यक्रम का संचालन महाराणा प्रताप इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमपीआईटी) ने टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) सहित कई शैक्षणिक संस्थानों के सहयोग से किया।

बुधवार को आयोजित समारोह में गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधि ऋषि नाथ ने यह विश्व रिकॉर्ड प्रमाण पत्र मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन को सौंपा। यह कार्यक्रम एमपीआईटी में पूर्वी उत्तर प्रदेश के पहले सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के लोकार्पण अवसर पर आयोजित हुआ।

एमपीआईटी ने इस अभियान के लिए 5 लाख पंजीकरण का लक्ष्य रखा था, लेकिन निर्धारित समय सीमा 9 अप्रैल तक यह संख्या 7.64 लाख के पार पहुंच गई, जो अपने आप में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।

इस पहल में दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय, मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय, राज्य आयुष विश्वविद्यालय, एमपी पॉलिटेक्निक, आईटीएम गीडा और बीआईटी गीडा जैसे संस्थानों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

गिनीज बुक के प्रतिनिधि के अनुसार

ऑनलाइन पंजीकरण की पूरी प्रक्रिया को कड़े मानकों पर जांचने के बाद ही इस रिकॉर्ड को मान्यता दी गई है।

यह पूरी तरह निशुल्क कार्यक्रम है, जिसमें प्रतिभागियों को एआई का परिचय, जनरेटिव एआई टूल्स, प्रॉम्प्टिंग, साइबर सुरक्षा, फ्रॉड से बचाव, पासवर्ड और ओटीपी सुरक्षा समेत सुरक्षित डिजिटल प्रैक्टिसेज की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *