गोरखपुर में ATS की बड़ी कार्रवाई: इलाहीबाग में सुबह 5 बजे से छापेमारी, पूरे इलाके की घेराबंदी

′गोरखपुर ब्यूरो निष्पक्ष टुडे :-


ATS और तिवारीपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई जारी; आधिकारिक बयान का इंतजार, जांच पूरी होने तक कारण स्पष्ट नहीं


गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में बुधवार सुबह सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी कार्रवाई से इलाहीबाग क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

 

आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) और तिवारीपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सुबह करीब 5 बजे इलाहीबाग स्थित माई डीगदही इलाके के एक मकान पर छापेमारी शुरू की, जो समाचार लिखे जाने तक जारी रही।

सूत्रों के अनुसार, जिस मकान पर कार्रवाई की जा रही है, उसका संबंध जमाल अहमद से बताया जा रहा है, जिनकी इलाहीबाग प्राथमिक विद्यालय के पास पेंट की दुकान है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक किसी अधिकारी ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

छापेमारी के दौरान पूरे इलाके को पुलिस ने सुरक्षा घेरे में ले लिया। मकान के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रमुख मार्गों एवं मोड़ों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। स्थानीय लोगों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है, ताकि जांच के दौरान किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि ATS की यह कार्रवाई किस मामले में की जा रही है। मौके पर मौजूद अधिकारी भी जांच का हवाला देते हुए फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं कर रहे हैं।

जांच एजेंसियां पूरे मामले की गहन पड़ताल में जुटी हैं। आधिकारिक बयान जारी होने के बाद ही कार्रवाई के कारणों और आगे की स्थिति की स्पष्ट जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

महत्वपूर्ण बिंदु :-


सुबह करीब 5 बजे ATS और तिवारीपुर पुलिस की संयुक्त छापेमारी।

कार्रवाई इलाहीबाग के माई डीगदही क्षेत्र में जारी।

पूरे इलाके की घेराबंदी, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात

सूत्रों के अनुसार कार्रवाई का संबंध जमाल अहमद के मकान से बताया जा रहा है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

More posts