शौच के लिए गए अधेड़ की पोखरे में डूबने से मौत

               ब्यूरो प्रभारी-वेद प्रकाश यादव

गोलाबाजार।गोला थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत डेहरीभार अंतर्गत ग्राम कुसहां निवासी शिवप्रसाद (50 वर्ष) पुत्र स्व.रामलाल की पोखरे में डूबने से मौत हो गयी। पोखरे से चौबीस घंटे बाद बरामद हुआ शव। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिवप्रसाद गांव के उत्तर-पूर्वी छोर पर स्थित चनऊ पोखरे के पास प्रतिदिन की भाँति शौच के बाद पोखरे के किनारे पहुंचे, तभी उनका पांव फिसल गया और वह पोखरे में गिर गये और डूब गए। पोखरे में सिंघाड़ा होने की वजह से बाहर निकलना उनके लिए संभव नहीं हो सका। मृतक की पत्नी ने बताया कि शनिवार शाम पति के घर न लौटने पर परिजनों व ग्रामीणों ने काफी खोजबीन किया लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन रविवार की शाम कुछ युवक पोखरे से सिंघाड़ा निकालने गए तो उन्हें पानी में एक चप्पल तैरती हुई दिखाई दी। पहचान करने पर वह चप्पल शिवप्रसाद की निकली। इसके बाद युवकों ने बांस से पोखरे में खोजना शुरू किया, जिसमें मृतक का स्वेटर फंस गया और शव बाहर आ गया। घटना की सूचना मृतक के पुत्र वीरेंद्र ने गोला पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनो के मुताबिक मृतक मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। मृतक को एक पुत्र वीरेंद्र हैं, जो गार्ड की नौकरी करते हैं, जबकि दो पुत्रियाँ नेहा और नीतू हैं। अभी तीनों अविवाहित हैं। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *