एम्स गोरखपुर में रक्तदान शिविर संपन्न, 31 लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान

गोरखपुर, 14 अगस्त 2026 : स्वतंत्रता दिवस के पूर्व एम्स गोरखपुर में ‘रक्त सेवा–हर बूंद राष्ट्र के 6 नाम’ थीम के तहत विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन एवं ब्लड सेंटर विभाग द्वारा आयोजित शिविर में 31 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया।

शिविर ब्लड सेंटर, ग्राउंड फ्लोर, आईपीडी ईस्ट में सुबह 9 बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित हुआ। रक्तदाताओं की आवश्यक चिकित्सकीय जांच के बाद सुरक्षित एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार रक्त संग्रह किया गया।

विभागाध्यक्ष डॉ. शौरव मूर्ति के मार्गदर्शन में डॉ. चेतन साहनी, डॉ. मोनिशा, डॉ. निरंजन, पारसा, सीनियर नर्सिंग ऑफिसर रूबी, नर्सिंग ऑफिसर आरती एवं अन्य स्टाफ ने शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

एम्स गोरखपुर की कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ मेजर जनरल डॉ. विभा दत्ता, एसएम (सेवानिवृत्त) के नेतृत्व में आयोजित इस पहल के माध्यम से राष्ट्रसेवा के साथ मानवसेवा का संदेश दिया गया। ‘हर घर तिरंगा 2026’ अभियान की भावना के अनुरूप संस्थान ने ‘तिरंगा–सेवा, संकल्प और स्वस्थ भारत’ का संदेश भी प्रसारित किया।

एम्स गोरखपुर ने सभी 31 रक्तदाताओं एवं आयोजन में सहयोग करने वाली पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए लोगों से भविष्य में भी स्वैच्छिक रक्तदान जैसे जनहितकारी अभियानों में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *