Author: Shishir Srivastava
-

चौरी-चौरा के चौमुखी विकास के लिए हुआ ‘महा संकल्प सम्मेलन’, काली शंकर यदुवंशी को विधायक बनाने का लिया संकल्प
चौरी-चौरा/गोरखपुर। ग्राम पंचायत खैराबाद में चौरी-चौरा विधानसभा क्षेत्र के चौमुखी विकास को लेकर एक विशाल ‘महा संकल्प सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वन भारत सिटीजन पार्टी (ओबीसी पार्टी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष काली शंकर यदुवंशी उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में भुलई प्रसाद निषाद, ग्राम प्रधान रमेश चंद्र यादव और लक्ष्मी प्रसाद ने सहभागिता की।

सम्मेलन में उपस्थित जन मानस को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि काली शंकर यदुवंशी ने कहा, “आज इस महा संकल्प सम्मेलन के माध्यम से हम यह प्रतिज्ञा करते हैं कि चौरी-चौरा को देश की एक ‘मॉडल विधानसभा’ के रूप में विकसित किया जाएगा। हमारा लक्ष्य है कि यहाँ के नौजवानों के पास रोजगार हो, हर आम आदमी के घर तक पक्की सड़क हो और सभी को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो।”
काली शंकर यदुवंशी ने अपनी प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए आगे कहा कि चौरी-चौरा में कछरांचल ब्लॉक बनाया जाएगा। थाना, तहसील, मंडी और अस्पताल को पूरी तरह से भ्रष्टाचार मुक्त किया जाएगा। इसके साथ ही, स्थानीय 10,000 नौजवानों को रोजगार देने के लिए एक प्रदूषण मुक्त ‘स्पेशल इकोनॉमिक जोन’ ग्रीन सेज की स्थापना की जाएगी। चौरी-चौरा नगर पंचायत को नगर पालिका का दर्जा दिलाया जाएगा, स्वास्थ्य और शिक्षा के बड़े केंद्र बनाए जाएंगे तथा हर भूमिहीन व बेघर परिवार को अपनी जमीन और मकान मुहैया कराया जाएगा।
बैठक को संयुक्त रूप से संबोधित करते हुए ग्राम प्रधान रमेश चंद्र यादव, भुलाई निषाद, लक्ष्मी प्रसाद, धनंजय निषाद, एडवोकेट भगवान दास निषाद, इंद्रजीत निषाद, बलराम यादव, जयप्रकाश यादव, अमित यादव, राजेश भारती, अनिल मौर्य, गुड्डू गुप्ता, मनीष चौधरी, विजय कुमार पासवान, हरिशंकर प्रजापति, उमेश गौड़, छोटे लाल पाल और रामनिवास यादव ने अपनी बात रखी।
सम्मेलन में उपस्थित सैकड़ों स्थानीय नागरिकों और नेताओं ने चौरी-चौरा के ऐतिहासिक व चौमुखी विकास के लिए ओबीसी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष काली शंकर यदुवंशी को आगामी विधानसभा चुनाव में भारी मतों से विजयी बनाकर विधायक बनाने का ‘महा संकल्प’ लिया।उपस्थित जनता ने एक स्वर में कहा कि विगत दो दशकों से चौरी-चौरा की माटी और यहाँ के जन-सरोकारों के लिए निरंतर संघर्ष करने वाले जननेता काली शंकर यदुवंशी को इस बार विधानसभा भेजकर क्षेत्र के विकास का एक नया मार्ग प्रशस्त किया जाएगा।
-

पूर्वांचल में मस्तिष्क और नसों के उपचार में नई मजबूती
“रीजेंसी हॉस्पिटल में अत्याधुनिक ब्रेन और स्पाइन की सर्जरी और न्यूरो आईसीयू की सुविधा”
• रीजेंसी हॉस्पिटल में स्पाइन सर्जरी से मरीज को कमर दर्द और पैरों के सुन्नपन से मिली राहत
• गंभीर ब्रेन इंजरी के एक मरीज की सफल न्यूरोसर्जरी, रीजेंसी हॉस्पिटल में बची जान
• 250 से अधिक सफल न्यूरोसर्जरी के साथ पूर्वांचल में रीजेंसी हॉस्पिटल, गोरखपुर पर बढ़ा भरोसा
• स्ट्रोक क्लिनिक के लिए समर्पित विशेषज्ञ टीम और आधुनिक उपचार सुविधाएँसंवाददाता: शिशिर श्रीवास्तव।
गोरखपुर, 10 जुलाई 2026। रीजेंसी हॉस्पिटल, गोरखपुर ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में न्यूरोलॉजी और न्यूरोसर्जरी सेवाओं का विस्तार किया है। अस्पताल अब तक 250 से अधिक सफल न्यूरोसर्जरी कर चुका है। यहां 24×7 न्यूरो इमरजेंसी, समर्पित स्ट्रोक क्लिनिक, आधुनिक जांच सुविधाएं तथा ब्रेन और स्पाइन की जटिल बीमारियों के इलाज और माइक्रोस्कोपिक और एंडोस्कोपिक सर्जरी की सुविधा एक ही छत के नीचे उपलब्ध है। इससे अब पूर्वांचल के मरीजों को बेहतर न्यूरो उपचार के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
हाल ही में अस्पताल में लंबे समय से कमर दर्द और पैरों में सुन्नपन से परेशान 40 वर्षीय एक मरीज का सफल उपचार किया गया। मरीज कई महीनों से कमर दर्द, पैरों में फैलते दर्द, झुनझुनी और सुन्नपन से परेशान थे। चलने-फिरने और लंबे समय तक खड़े रहने में भी कठिनाई होने लगी थी। कई जगह इलाज के बाद भी आराम नहीं मिलने पर उन्होंने रीजेंसी हॉस्पिटल, गोरखपुर में वरिष्ठ न्यूरोसर्जन डॉ. त्रिपुरारी पाण्डेय से परामर्श लिया। जांच में मरीज को एल4-एल5 पीआईवीडी (स्लिप डिस्क), ग्रेड-1 लिस्थेसिस (रीढ़ की हड्डी का हल्का खिसकना) और लम्बर कैनाल स्टेनोसिस (कमर की नसों की नली का संकरा होना) की समस्या पाई गई। इसके बाद मरीज की एल4-एल5 पीएलआईएफ (पोस्टेरियर लम्बर इंटरबॉडी फ्यूजन) सर्जरी की गई। इस प्रक्रिया में नसों पर दबाव कम कर रीढ़ की हड्डी को स्थिर किया गया। सर्जरी सफल रही और मरीज के कमर व पैरों के दर्द में काफी राहत मिली। स्वास्थ्य में सुधार होने पर मरीज को आवश्यक दवाइयों, लम्बोसैक्रल बेल्ट और नियमित फॉलो-अप की सलाह के साथ सिर्फ 1 दिन में छुट्टी दे दी गई। मरीज और उनके परिजनों ने सफल उपचार के लिए डॉ. त्रिपुरारी पाण्डेय एवं रीजेंसी हॉस्पिटल की टीम का आभार व्यक्त किया।
इसी तरह सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल 30 वर्षीय मरीज को नाजुक हालत में रीजेंसी हॉस्पिटल, गोरखपुर के इमरजेंसी विभाग में भर्ती कराया गया। सीटी स्कैन में सामने वाले हिस्से की खोपड़ी की हड्डी धंसी हुई मिली। दिमाग के आसपास दो जगह खून जमा था, जिससे दिमाग पर दबाव बढ़ गया था और वह अपनी जगह से थोड़ा खिसक गया था। इसके अलावा खोपड़ी के निचले हिस्से की हड्डी भी टूटी हुई पाई गई। स्थिति गंभीर होने के कारण तत्काल सर्जरी का निर्णय लिया गया। वरिष्ठ न्यूरोसर्जन डॉ. त्रिपुरारी पाण्डेय और उनकी टीम ने आधुनिक तकनीक से सफल ऑपरेशन कर मस्तिष्क में जमा रक्त निकाला और बढ़े हुए दबाव को कम किया। इसके बाद मरीज को न्यूरो क्रिटिकल केयर यूनिट में वेंटिलेटर सपोर्ट, दवाइयों और 24 घंटे विशेषज्ञ निगरानी में रखा गया। इलाज के दौरान संक्रमण सहित अन्य जटिलताओं का भी सफलतापूर्वक प्रबंधन किया गया। नियमित सीटी स्कैन और विशेषज्ञों की लगातार निगरानी से मरीज की स्थिति में धीरे-धीरे सुधार हुआ। स्वास्थ्य स्थिर होने पर उन्हें आवश्यक दवाइयों, देखभाल और नियमित फॉलो-अप की सलाह के साथ अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
डॉ. त्रिपुरारी पाण्डेय, कंसल्टेंट, न्यूरोसर्जरी ने कहा, “ब्रेन और स्पाइन से जुड़ी कई गंभीर बीमारियों में समय पर सही इलाज मरीज की जिंदगी बदल सकता है। लगातार कमर दर्द, पैरों में सुन्नपन, शरीर के किसी हिस्से में कमजोरी, सिर में गंभीर चोट या अचानक स्ट्रोक के लक्षणों को कभी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। आधुनिक न्यूरोसर्जरी तकनीकों और समय पर हस्तक्षेप से आज कई जटिल मामलों का भी सफल उपचार संभव है। हमारा प्रयास है कि मरीजों को पूर्वांचल में ही विश्वस्तरीय न्यूरोसर्जरी सेवाएं उपलब्ध हों, ताकि उन्हें बेहतर इलाज के लिए दूसरे शहरों का रुख न करना पड़े।”
डॉ. मुकुंद अग्रवाल, कंसल्टेंट, न्यूरोलॉजी ने कहा, “स्ट्रोक, मिर्गी, पार्किंसन, लगातार सिरदर्द, नसों की कमजोरी और अन्य न्यूरोलॉजिकल बीमारियों में समय पर पहचान और उपचार बेहद महत्वपूर्ण है। विशेष रूप से स्ट्रोक के मामलों में शुरुआती कुछ घंटे मरीज की जान बचाने और स्थायी विकलांगता से बचाने के लिए सबसे अहम होते हैं। रीजेंसी हॉस्पिटल में समर्पित स्ट्रोक क्लिनिक, 24×7 इमरजेंसी न्यूरो सेवाएं और आधुनिक जांच सुविधाओं के माध्यम से मरीजों को तेज, सटीक और समग्र उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है औरअब तक कई मरीज की जान बचाई जा चुकी है।
डॉ. आशुतोष एवं डॉ. आनंद कुमार सिंह ने बताया कि न्यूरो सर्जरी एवं स्ट्रोक के गंभीर मरीजों के उपचार में अनुभवी न्यूरोसर्जन, न्यूरोलॉजिस्ट, इंटेंसिविस्ट तथा प्रशिक्षित क्रिटिकल केयर नर्सों की समर्पित टीम की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। यह टीम मरीज की स्थिति पर 24×7 सतत निगरानी रखते हुए आवश्यकतानुसार त्वरित एवं समन्वित उपचार प्रदान करती है। इस समग्र देखभाल से जटिलताओं का जोखिम कम होता है, रिकवरी की प्रक्रिया बेहतर होती है तथा मरीज के शीघ्र एवं सुरक्षित स्वास्थ्य लाभ की संभावना बढ़ जाती है।
रीजेंसी हॉस्पिटल, गोरखपुर के प्रवक्ता संदीप शर्मा (वाइस प्रेसिडेंट – ऑपरेशन्स) ने कहा, “पूर्वी उत्तर प्रदेश के लोगों को विश्वस्तरीय न्यूरोलॉजी और न्यूरोसर्जरी सेवाएं उनके अपने क्षेत्र में उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। रीजेंसी हॉस्पिटल, गोरखपुर में अब तक 250 से अधिक सफल न्यूरोसर्जरी की जा चुकी हैं, जो मरीजों के बढ़ते विश्वास और हमारी विशेषज्ञ टीम की दक्षता को दर्शाती हैं। आधुनिक तकनीक, अनुभवी न्यूरोलॉजिस्ट और न्यूरोसर्जन, 24×7 न्यूरो इमरजेंसी, समर्पित स्ट्रोक क्लिनिक और उन्नत न्यूरो क्रिटिकल केयर सुविधाओं की मदद से हम ब्रेन और स्पाइन से जुड़ी जटिल बीमारियों का भी सफल उपचार कर रहे हैं। हमारा प्रयास है कि मरीजों को बेहतर इलाज के लिए महानगरों की ओर न जाना पड़े और उन्हें अपने ही क्षेत्र में समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सके।”
अस्पताल में ब्रेन और स्पाइन रोगों की जांच, न्यूरोसर्जरी, स्ट्रोक मैनेजमेंट, न्यूरो क्रिटिकल केयर, इमरजेंसी न्यूरो सेवाएं और सर्जरी के बाद की समग्र देखभाल जैसी सभी महत्वपूर्ण सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हैं। इन आधुनिक सुविधाओं और सफल उपचारों के साथ रीजेंसी हॉस्पिटल, गोरखपुर पूर्वी उत्तर प्रदेश में न्यूरोलॉजी एवं न्यूरोसर्जरी उपचार के एक प्रमुख केंद्र के रूप में अपनी पहचान लगातार मजबूत कर रहा है। इससे उन मरीजों को बड़ी राहत मिल रही है, जिन्हें पहले जटिल ब्रेन और स्पाइन उपचार के लिए लखनऊ, दिल्ली या अन्य महानगरों का रुख करना पड़ता था।
-

तीन उद्यमियों-समाजसेवियों को सीएम योगी ने दी श्रद्धांजलि
“ओमप्रकाश जालान, बालकृष्ण सराफ और दर्शन देवी के चित्रों पर मुख्यमंत्री ने अर्पित किए संवेदना के पुष्प”
“गोरक्षपीठ के प्रति अगाध आस्थावान थे तीनों दिवंगतजन, परिजनों को सीएम ने बढ़ाया ढांढस”
गोरखपुर, 10 जुलाई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोरखपुर के तीन उद्यमियों-समाजसेवियों ओमप्रकाश जालान, बालकृष्ण सराफ और दर्शन देवी के घर जाकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने गोरक्षपीठ के प्रति अगाध आस्था रखने वाले तीनों दिवंगतजन की उद्यमिता, कारोबार, समाजसेवा और सांस्कृतिक जागरण में योगदान को याद किया और शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया।
मुख्यमंत्री सबसे पहले जंगल नकहा नंबर दो स्थित ओमप्रकाश जालान के आवास पर जाकर पहुंचे। पूर्वांचल के प्रतिष्ठित उद्योगपति और समाजसेवी रहे ओमप्रकाश जालान का 8 जुलाई को निधन हो गया था। मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय जालान के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए और शिवावतार महायोगी गोरखनाथ जी से उनकी आत्मा को चिर शांति प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने स्वर्गीय जालान की पत्नी पूनम जालान, पुत्रों अनुज जालान, तनुज जालान व अन्य परिजनों से भी मुलाकात की। आत्मीयता से बातचीत कर उन्हें ढांढस बंधाया।
इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोलघर के गांधी गली स्थित बालकृष्ण सराफ के घर आए। कारोबारी, समाजसेवी और राम मंदिर आंदोलन के समर्पित कार्यकर्ता रहे बालकृष्ण सराफ का 4 जुलाई को निधन हो गया था। सीएम योगी ने स्वर्गीय सराफ के चित्र पर पुष्प चढ़ाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने स्मृतिशेष सराफ के पुत्रों अतुल सराफ, अनूप सराफ और अन्य परिजनों से आत्मीयतापूर्ण संवाद किया और उन्हें ढांढस बंधाया।
शोक संवेदना व्यक्त करने के क्रम में सीएम योगी गीता प्रेस के ट्रस्टी देवीदयाल अग्रवाल के हरिओम नगर स्थित आवास पर भी गए। उन्होंने 8 जुलाई को गोलोकवासी हुईं देवीदयाल की माता दर्शन देवी पत्नी स्वर्गीय बैजनाथ अग्रवाल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय दर्शन देवी के पुत्रों दीनदयाल अग्रवाल, देवीदयाल अग्रवाल, माधव प्रसाद अग्रवाल, राधेश्याम अग्रवाल, हरि अग्रवाल और अन्य परिजनों से बातचीत कर अपनी संवेदना व्यक्त की तथा उन्हें ढांढस बंधाया।
-

श्वेतिमा माधव प्रिया के नाम एक और विश्व कीर्तिमान
“यूएन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज हुई ऐतिहासिक उपलब्धि, मात्र 9 वर्ष की आयु में 36 श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह एवं 100 से अधिक आध्यात्मिक प्रवचनों से रचा इतिहास”

गोरखपुर। जनपद के ग्राम भस्मा की नौ वर्षीय बाल व्यास कुमारी श्वेतिमा माधव प्रिया ने अपनी आध्यात्मिक प्रतिभा के बल पर एक और विश्व कीर्तिमान स्थापित कर जनपद एवं प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। यूएन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने उन्हें विश्व की सबसे कम आयु में सर्वाधिक श्रीमद्भागवत कथा सप्ताहों का वाचन एवं आध्यात्मिक प्रवचन करने वाली बाल व्यास के रूप में आधिकारिक मान्यता प्रदान की है।
श्वेतिमा धरा धाम इंटरनेशनल के संस्थापक सौहार्द शिरोमणि संत डॉ. सौरभ पाण्डेय तथा शिक्षाविद् डॉ. रागिनी पाण्डेय की सुपुत्री हैं। धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण में पली-बढ़ी श्वेतिमा ने बाल्यकाल से ही श्रीमद्भागवत महापुराण का अध्ययन आरम्भ किया और अपनी मधुर वाणी, प्रभावशाली प्रस्तुति तथा आध्यात्मिक ज्ञान से देश-विदेश में विशिष्ट पहचान बनाई।
यूएन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स द्वारा जारी प्रमाणपत्र के अनुसार श्वेतिमा ने मात्र नौ वर्ष की आयु में 36 श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह सम्पन्न किए हैं। इसके अतिरिक्त वे 100 से अधिक आध्यात्मिक प्रवचन, सत्संग एवं प्रेरणादायी व्याख्यान दे चुकी हैं। उनके प्रवचनों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, सनातन परम्परा, विश्वशान्ति, मानवता एवं “वसुधैव कुटुम्बकम्” का संदेश व्यापक स्तर पर प्रसारित हुआ है।
7 जुलाई 2026 को प्रदान किए गए इस सम्मान पर संत समाज, शिक्षाविदों, साहित्यकारों, सामाजिक संगठनों तथा क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए श्वेतिमा एवं उनके माता-पिता को शुभकामनाएँ दीं।
-

मुख्यमंत्री के निर्देश पर राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत हुआ है बाबा गोरखनाथ एमपीओ का गठन
“सदस्य महिलाओं के पाल्यों का भी भविष्य संवरेगा एमपीओ”
“सीएम योगी के विजन का मिल रहा बहुआयामी लाभ”
“एमपीओ से जुड़ीं महिलाओं को आजीविका के साथ बच्चों के करियर को लेकर भी मिला परामर्श”
“65 हजार महिलाएं जुड़ चुकी हैं इस मिल्क प्रोड्यूसर ऑर्गनाइजेशन (एमपीओ) से”

गोरखपुर, 5 जुलाई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन से बनी श्री बाबा गोरखनाथ कृपा मिल्क प्रोड्यूसर ऑर्गनाइजेशन (एमपीओ) से जुड़ी ग्रामीण महिलाओं को बहुआयामी लाभ मिल रहा। डेयरी सेक्टर के इस उद्यम की सदस्य बनकर इन महिलाओं ने न केवल खुद आत्मनिर्भरता की मंजिल चुनी है बल्कि अब उनके पाल्यों का भविष्य संवारने के लिए भी एमपीओ से मार्गदर्शन मिल रहा है। एमपीओ ने सदस्य महिलाओं के उन बच्चों जो कक्षा 9 से 12 तक अध्ययनरत हैं, के लिए दो दिन वर्कशॉप आयोजित कर उनकी रुचि के अनुसार करियर ओरिएंटेड फील्ड में आगे बढ़ने की राह दिखाई। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की वैज्ञानिक अभिरुचि एवं योग्यता का आकलन किया गया। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को विभिन्न शैक्षणिक, तकनीकी एवं व्यावसायिक क्षेत्रों में उपलब्ध करियर अवसरों की जानकारी देते हुए उनकी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप करियर नियोजन, कौशल विकास तथा भविष्य की तैयारी पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया।
सदस्य महिलाओं के पाल्यों के लिए आयोजित करियर डेवलपमेंट एंड गाइडेंस प्रोग्राम के तहत विशेषज्ञ करियर कांउसर्ल्स ने दो दिन अलग-अलग सत्रों में मनोवैज्ञानिक तरीके से अंतर्संवाद और परीक्षण कर विद्यार्थियों की अभिरुचि का पता लगाया। इसके बाद उन्हें सही करियर पथ चुनने का मार्गदर्शन दिया गया। पायलट प्रोजेक्ट के रूप में हुए इस प्रोग्राम के दौरान करीब सौ बच्चों ने अपने अभिभावकों के साथ सहभागिता की और अपनी रुचि, योग्यता एवं क्षमता के अनुरूप वैज्ञानिक आधार पर करियर गाइडेंस प्राप्त किया। श्री बाबा गोरखनाथ कृपा एमपीओ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) धनराज साहनी बताते हैं कि एमपीओ के सुचारू संचालन के साथ सदस्य महिलाओं के परिवार के समग्र कल्याण के लिए विविध प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पहले सदस्यों के घर गोबर गैस प्लांट लगवाने की पहल की गई और अब मैट्रिक और माध्यमिक स्तर तक की पढ़ाई कर रहे उनके बच्चों के भविष्य को सुनियोजित आकार देने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का वास्तविक सशक्तिकरण तभी संभव है, जब उनके बच्चों को अपनी प्रतिभा के अनुरूप आगे बढ़ने के समान अवसर प्राप्त हों।
सीईओ ने बताया कि मुख्यमंत्री जी के निर्देश पर उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड के सहयोग से गठित श्री बाबा गोरखनाथ कृपा मिल्क प्रोडयूसर्स ऑर्गनाइजेशन की सदस्य/शेयरहोल्डर बनीं महिलाएं लगातार अपनी आजीविका को सुदृढ़ कर रही हैं। नवंबर 2023 में क्रियाशील हुई इस एमपीओ के जरिये डेयरी सेक्टर से जुड़कर पूर्वी उत्तर प्रदेश की 65000 से अधिक ग्रामीण घरेलू महिलाओं ने आर्थिक स्वावलंबन की राह पकड़ ली है। ये महिलाएं गोरखपुर, देवरिया, महराजगंज, कुशीनगर, संतकबीरनगर, आजमगढ़ और मऊ जिले के करीब एक हजार गांवों की हैं। इन महिलाओं ने घरेलू कामकाज निपटाने के साथ ही दुग्ध उत्पादन/संग्रह के रोजगार से जुड़कर अपने परिवार की आर्थिकी को भी मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
सदस्य महिलाओं के परिश्रम से श्री बाबा गोरखनाथ कृपा मिल्क प्रोड्यूसर एमपीओ का टर्नओवर करीब 200 करोड़ रुपये का हो चुका है। एमपीओ से जुड़ी महिलाओं को प्रतिमाह 3, 13 और 23 तारीख को उनके द्वारा संकलित दूध का भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में कर दिया जाता है। सदस्य महिलाओं को औसतन प्रतिमाह आठ हजार रुपये की आमदनी हो रही है जबकि चार हजार से अधिक की संख्या उन महिलाओं की है जो लखपति दीदी बन चुकी हैं। यह उपलब्धि केवल एक संख्या नहीं, बल्कि एक सामाजिक और आर्थिक परिवर्तन की कहानी है।
-

बालाजी दरबार में महा भंडारे के साथ मनाया गया ज्येष्ठ मास का आखरी बड़ा मंगल
गोरखपुर। श्री बालाजी मंदिर निकट सेल टैक्स ऑफिस तारामंडल गोरखपुर में आज जेष्ठ माह के आखिरी बड़े मंगलवार का पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर बालाजी सेवा समिति ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री जितेंद्र मणि तिवारी के मार्गदर्शन में उपाध्यक्ष अमितेश्वर कुमार दुबे बबलू सचिन आशुतोष कुमार सिंह दोनों की देखरेख में महा भंडारे का आयोजन किया गया।

अपार संख्या में भक्तजनों एवं मातृ शक्तियों ने आयोजन में शामिल होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई तथा महायोजना को सफल बनाया आज का यह महायोजना विनोद शाही कुमुद शाही अर्णव शाही के सहयोग से संपन्न हुआ इस शुभ अवसर गोरखपुर ग्रामीण विधायक विपिन सिंह का भी आगमन हुआ विधायक जी ने राज ऋषि मणि त्रिपाठी, जितेंद्र मणि तिवारी जी के सुपुत्र को, बिहार पीसीएस परीक्षा में सफल होने के बाद उन्हें सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में मुख्य रूप से नेत्रपाल सिंह प्रज्वल सिंह मंदिर के पुजारी शुभम शास्त्री सक्षम दुबे कामाख्या सिंह अवनीश पांडे तथा बालाजी सेवा समिति के सभी सम्मानित सदस्यों का तथा समस्त तारामंडल वासियों एवं कार्यक्रम से जुड़े सभी लोगों का उपाध्यक्ष अमितेश्वर कुमार दुबे ने आभार एवं धन्यवाद प्रकट किया बबलू दुबे ने बताया कि करीब 7000 लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
“जय बालाजी सरकार की बालाजी कृपा हम सब पर सदा बनी रहे।”
-

काली शंकर यदुवंशी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने बांधों की मरम्मत की मांग को लेकर किया प्रदर्शन
चौरी-चौरा/गोरखपुर। आज ‘वन भारत सिटीजन पार्टी’ (ओबीसी पार्टी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष काली शंकर यदुवंशी के नेतृत्व में चौरी-चौरा विधानसभा के ब्रह्मपुर ब्लॉक अंतर्गत सरार मझगावा में ग्रामीणों ने बांधों की मरम्मत की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान ही राष्ट्रीय अध्यक्ष ने तत्काल सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता से l वार्ता कर बांधों की जल्द से जल्द मरम्मत कराने की मांग की।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए काली शंकर यदुवंशी ने कहा, चौरी-चौरा क्षेत्र में राप्ती और गोर्रा नदी पर बने बांध ‘रेनकट’ और उचित देखरेख के अभाव में कई जगहों पर बेहद जर्जर हो चुके हैं। मानसून की दस्तक करीब है, लेकिन प्रशासनिक सिस्टम पूरी तरह बेपरवाह बैठा है।
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि बांधों पर जो बोल्डर पिचिंग का कार्य चल रहा है, वह मानकों के अनुरूप नहीं है। इसमें बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार की बू आ रही है, जिसकी तत्काल उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए।
काली शंकर यदुवंशी ने जिम्मेदार अधिकारियों को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा, यदि आगामी 15 दिनों के भीतर कछार क्षेत्र के सभी बांधों की मरम्मत नहीं की गई और मानकों के अनुसार बोल्डर पिचिंग का कार्य पूरा नहीं हुआ, तो चौरी-चौरा की आम जनता सड़कों पर उतरकर आंदोलन के लिए बाध्य होगी।
-

प्रवर्तन दल टीम ने नगर निगम की जमीन से हटाया कब्जा
गोरखपुर/पादरी बाजार। नगर निगम खलिहान की भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ प्रवर्तन दल कि टीम ने संगम चौराहा स्थित जमीन पर बनें बाउंड्री को जेसीबी मशीन से गिरा दी। वही सरिया और लकड़ी रख कर जमीन पर अतिक्रमण करने वाले लोगों को जल्द खाली करने के लिए हिदायत दी है।
फातिमा बाईपास के संगम चौराहा स्थित जंगल सालिकराम में अराजी संख्या 242 में 19 डिसमिल जमीन नगर निगम खलिहान के नाम से दर्ज है। आरोप है कि भू-माफियाओं ने खतौनी में हेर-फेर कर नगर निगम कीमती खलिहान की जमीन को कुछ लोगों को रजिस्ट्री कर दी। रजिस्ट्री कराने वाले लोगों ने उस जमीन पर बाउंड्री बनाकर कब्जा कर लिया है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम में सरकारी जमीन कब्जे की शिकायत की थी। जिसकी हल्का लेखपाल ने जांच की तो बताया कि सारी जमीन फोरलेन सड़क में चली गई। वहीं नगर निगम की राजस्व टीम नाम जोख किया तो चार डिसमिल जमीन सड़क में गई है। बाकी बची 15 डिसमिल जमीन पर लोगों ने कब्जा कर ली है। बुधवार की दोपहर प्रवर्तन दल टीम जेसीबी मशीन के साथ पहुंची और कब्जा किए गए बाउंड्री को गिरा दिया। इस दौरान प्रवर्तन दल टीम के साथ पुलिस और नगर निगम के लेखपाल कानूनगों मौजूद रहें।
-

सुंदरकांड एवं विशाल भंडारे के साथ मना पांचवा बड़ा मंगलवार बालाजी दरबार में
श्री बालाजी मंदिर निकट सेल टैक्स ऑफिस तारामंडल गोरखपुर में जेस्ट मांह के पांचवे बड़े मंगलवार को सुन्दर कांड का भव्य आयोजन हुआ।

पूरा मंदिर प्रांगण भक्तों एवं मातृ शक्तियों से खचा खच भरा रहा पूरा तारामंडल भक्ति मय रहा तथा साथ में विशाल भंडारे का आयोजन हुआ सायं काल से लेकर देर रात्रि तक प्रसाद वितरण किया गया 5000 से अधिक लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया प्रसाद वितरण का शुभारंभ रामपाल सिंह सुरेश सिंह के द्वारा किया गया श्री बालाजी सेवा समिति ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री जितेंद्र मणि तिवारी एवं उपाध्यक्ष अमितेश्वर कुमार दुबे बबलू के देखरेख में सारा आयोजन संपन्न हुआ कार्यक्रम को सफल बनाने में मुख्य रूप से माननीय विधायक विपिन सिंह, डॉक्टर धर्मेंद्र सिंह प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी सुरेश सिंह रामपाल सिंह रूपेश सिंह राजेश तिवारी रंजीत सिंह राममिलन सहनी राम लावट पंकज शाही सक्षम दुबे अवनीश पांडे तथा अन्य सभी लोगों का का जिनके सहयोग इस कार्यक्रम में रहा बालाजी सेवा समिति ट्रस्ट की उपाध्यक्ष अमितेश्वर कुमार दुबे ने आभार एवं धन्यवाद प्रकट किया।
बालाजी कृपा हम सब पर सदा बनी रहे जय हो बालाजी। सरकार।














