बड़हलगंज /गोरखपुर(निष्पक्ष टुडे) बड़हलगंज क्षेत्र के ऐतिहासिक पटना चौराहे को अब नई पहचान मिल गई है। इस चौराहे का नाम बदलकर अब आधिकारिक रूप से ‘राम-परशुराम चौराहा’ कर दिया गया है। शनिवार को यहाँ एक भव्य समारोह के दौरान चिल्लूपार विधायक राजेश त्रिपाठी और नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. प्रीति महेश उमर ने संयुक्त रूप से भगवान श्री राम और महर्षि परशुराम की मूर्तियों की स्थापना कर उनका अनावरण किया।
मूर्तियों के अनावरण के बाद पूरा चौराहा वैदिक मंत्रोच्चार और “जय श्रीराम” के जयकारों से गूँज उठा। इस दौरान विधायक राजेश त्रिपाठी ने कहा कि रामजानकी मार्ग पर स्थित यह वही पावन और ऐतिहासिक चौराहा है, जहाँ पौराणिक मान्यताओं के अनुसार भगवान राम और महर्षि परशुराम का मिलन तथा संवाद हुआ था। इस पौराणिक महत्त्व को सहेजने और आने वाली पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने के लिए इस चौराहे पर इन मूर्तियों के स्थापना की लंबे समय से मांग की जा रही थी, जिसे अब धरातल पर उतार दिया गया है।
चेयरमैन डॉ प्रीति महेश उमर ने कहा कि यह चौराहा अब केवल आवागमन का मार्ग नहीं रहेगा, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक और धार्मिक आस्था का एक प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि यह स्थल हमारी सनातन संस्कृति के गौरवशाली इतिहास को दर्शाता है और यहाँ इन मूर्तियों की स्थापना से बड़हलगंज क्षेत्र का मान और बढ़ गया है। इस दौरान आचार्य वेदप्रकाश त्रिपाठी, व्यापार मंडल अध्यक्ष श्रीकांत सोनी, राजीव पांडेय, सभासद दीपक शर्मा, राकेश राय, लक्ष्मण शाहनी, सूरज सोनकर, अमूल्य चतुर्वेदी, रमेश शाही, आलोक तिवारी, आनन्द तिवारी,राजकुमार निगम, आचार्य मुन्ना निगम, सुरेश उमर, कृष्णा गुप्ता सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहें।
Leave a Reply