छत की कुंडी से लटकता मिला युवक का शव, शराब की लत ने उजाड़ दिया परिवार
ब्यूरो प्रभारी – संतोष कुमार त्रिपाठी खजनी गोरखपुर खजनी
थाना क्षेत्र के उनवल चौकी अंतर्गत नगर पंचायत उनवल के वार्ड नंबर छह में गुरुवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब 38 वर्षीय युवक का शव घर के प्रथम तल पर छत की कुंडी से रस्सी के सहारे लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान वार्ड नंबर 6 निवासी राजकुमार (38) पुत्र राधे कसौधन के रूप में हुई है। बताया गया कि राजकुमार शराब का आदी था। शराब की लत के चलते उसने अपनी खेती की जमीन और घर बैनामा कर दिया था। इसके बाद वह पत्नी रीना और दो बच्चों के साथ वार्ड 6 में धर्मेंद्र गुप्ता के मकान में किराए पर रह रहा था। परिजनों के अनुसार, तीन दिन पूर्व शराब के नशे में राजकुमार का पत्नी से झगड़ा हुआ था। इस दौरान वह बच्चों के कपड़े समेटकर फूंकने जा रहा था, जिससे नाराज होकर पत्नी अपने दोनों बच्चों के साथ थाना सिकरीगंज क्षेत्र के बरपरवा मायके चली गई थी। पत्नी द्वारा लगातार फोन करने के बावजूद राजकुमार ने तीन दिनों तक कोई जवाब नहीं दिया। गुरुवार दोपहर करीब दो बजे पत्नी अपने भाई के साथ उनवल पहुंची। घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला। पड़ोसियों की मदद से ताला तोड़ा गया। जैसे ही प्रथम तल पर पहुंचे, बगल के कमरे में राजकुमार का शव छत की कुंडी से लटकता मिला। यह देखते ही पत्नी दहाड़ मारकर रोने लगी। शोर सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना मिलते ही उनवल चौकी प्रभारी आदित्य उपाध्याय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मोहल्ले के लोगों की सहायता से रस्सी कटवाकर शव को नीचे उतरवाया और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को मर्चरी हाउस भेज दिया। चौकी प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शव करीब चार घंटे पुराना प्रतीत हो रहा है। बताया गया कि राजकुमार तीन भाइ और दो बहन थे जिसमें राजकुमार सबसे बड़ा था। उसके दो भाई पहले ही लापता हैं एक बहन की शादी हो चुकी है छोटी बहन अविवाहित हैं। मृतक की मां दूसरों के घरों में बर्तन मांजकर अपना और अविवाहित बेटी का गुजारा करती हैं। मृतक के दो छोटे बच्चे हैं—एक नौ वर्षीय बेटी और सात वर्षीय बेटा। घटना के बाद मां, पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
Leave a Reply