दिनदहाड़े महिला का मंगलसूत्र झपटकर फरार हुए बाइक सवार उचक्के, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

          ब्यूरो प्रभारी—-वेद प्रकाश यादव

गोला, गोरखपुर गोला कस्बे के व्यस्त चंद चौराहा क्षेत्र में गुरुवार अपराह्न करीब ढाई बजे एक महिला से बाइक सवार दो उचक्कों द्वारा मंगलसूत्र झपटकर फरार होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पीड़िता ने दो अज्ञात युवकों के खिलाफ गोला थाने में तहरीर दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए आरोपितों की तलाश में जुटी है।
ग्राम कोटिया नायक निवासी जानकी देवी पत्नी संजय यादव ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह गुरुवार को अपना मोबाइल ठीक कराने के लिए गोला के चंद चौराहा स्थित अमन मोबाइल की दुकान पर आई थीं। मोबाइल रिपेयर कराने के बाद वह कौड़ीराम जाने के लिए ऑटो पकड़ने हेतु पैदल जा रही थीं। इसी दौरान अमन मोबाइल और चंद चौराहा के बीच, साहू होंडा एजेंसी के पास पीछे से बाइक पर सवार दो अज्ञात युवक पहुंचे और झपट्टा मारकर उनके गले से मंगलसूत्र छीन लिया। इसके बाद दोनों आरोपी तेजी से चंद चौराहे की ओर फरार हो गए। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग दौड़े और उचक्कों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दोनों फरार हो चुके थे। उल्लेखनीय है कि घटनास्थल से करीब 100 मीटर की दूरी पर पुलिस बूथ भी स्थित है, जहां पुलिस की ड्यूटी रहती है। इसके बावजूद दिनदहाड़े हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों और व्यापारियों में दहशत का माहौल है।
————
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस….
घटना के बाद पुलिस ने आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। एक दुकान में लगे कैमरे की फुटेज में पीड़िता दोपहर करीब 2:25 बजे चंद चौराहे की ओर से घटनास्थल की तरफ पैदल जाती हुई दिखाई दे रही है। इसके लगभग पांच मिनट बाद, करीब 2:30 बजे, उसी स्थान पर उसके साथ छिनैती की वारदात होने की पुष्टि होती है। फुटेज में घटना के तुरंत बाद एक बाइक पर सवार दो युवक तेज गति से चंद चौराहे की ओर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। उनके पीछे एक स्थानीय दुकानदार अपनी बाइक से उनका पीछा करता नजर आ रहा है और हाथ से इशारा करते हुए लोगों को उन्हें पकड़ने के लिए आवाज लगा रहा है। वहीं कुछ दूरी पीछे पीड़ित महिला भी दौड़ते हुए शोर मचाती दिखाई दे रही है। पुलिस फुटेज के आधार पर बाइक सवार संदिग्ध युवकों की पहचान करने में जुटी है।
————
घटनास्थल पंहुची पुलिस….
घटना की सूचना मिलते ही गोला पुलिस पीड़िता को साथ लेकर मौके पर पहुंची और आसपास के कैमरों की फुटेज की जांच शुरू कर दी। समाचार लिखे जाने तक पुलिस आरोपितों की पहचान और तलाश में जुटी हुई थी।
———-
क्या बोले थाना प्रभारी…….
गोला थाना प्रभारी निरीक्षक सीपी पांडेय ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। चंद चौराहा सहित आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फिलहाल कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। जांच के सभी पहलुओं पर काम किया जा रहा है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *