अस्पताल में युवक की मौत पर बवाल, डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही का आरोप

 गोरखपुर ब्यूरो निष्पक्ष टुडे ;-

ऑपरेशन के बाद बिगड़ी हालत, अस्पताल ने दी सफाई– ‘प्रोटोकॉल के अनुसार हुआ इलाज’

गोरखपुर के आनंदलोक हॉस्पिटल में एक युवक की मौत के बाद हंगामा मच गया। परिजनों ने डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया, वहीं अस्पताल प्रशासन ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए पूरे मामले में अपनी सफाई दी है।

 क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, सुरेश मद्धेशिया के पुत्र अभिषेक मद्धेशिया को पित्त की थैली (गॉलब्लैडर) में समस्या के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार रात करीब 8:30 बजे उसका ऑपरेशन किया गया।

परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान अत्यधिक ब्लीडिंग हुई, जिससे उसकी हालत बिगड़ती गई और बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे उसकी मौत हो गई।

परिवार का कहना है कि:

ऑपरेशन के दौरान लापरवाही बरती गई
सही समय पर स्थिति की जानकारी नहीं दी गई
हालत बिगड़ने पर डॉक्टर मौके से गायब हो गए
मौत के बाद अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ।

 अस्पताल की सफाई–

अस्पताल प्रबंधन की ओर से जारी बयान में कहा गया:-

 “यह हमारे लिए अत्यंत दुःखद घटना है। मरीज को पित्त की थैली की पथरी के साथ CBD स्टोन की जटिल समस्या थी, जो सामान्य लैप्रोस्कोपिक सर्जरी से अधिक जटिल मानी जाती है।”

 “भर्ती के समय मरीज और परिजनों को बीमारी की गंभीरता, संभावित जोखिम और सर्जरी से जुड़ी जटिलताओं की पूरी जानकारी देकर लिखित सहमति ली गई थी।”

 “स्थापित चिकित्सा प्रोटोकॉल के अनुसार ऑपरेशन और पोस्ट-ऑपरेटिव मॉनिटरिंग की गई, लेकिन ऑपरेशन के लगभग 6 घंटे बाद अचानक मरीज को सीने में दर्द हुआ और हालत गंभीर हो गई।”

“ICU में तत्काल सभी जीवनरक्षक प्रयास किए गए, लेकिन दुर्भाग्यवश मरीज को बचाया नहीं जा सका।”

“डॉक्टर और अस्पताल स्टाफ की तरफ से किसी प्रकार की लापरवाही नहीं हुई।”

— आनन्दलोक हॉस्पिटल, गोरखनाथ, गोरखपुर

टूट गया सपना :-

मृतक अभिषेक पढ़ाई में होनहार था और हाल ही में सब-इंस्पेक्टर (दरोगा) की परीक्षा दी थी। परिवार को उसके चयन की उम्मीद थी, लेकिन इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल  दिया ।

पुलिस जांच जारी;-

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। परिजनों ने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *